विमेंस टी20 वर्ल्ड कप: सिर्फ 123 रन बनाकर बांग्लादेश ने पाकिस्तान पर दर्ज की रोमांचक जीत

विमेंस टी20 वर्ल्ड कप: सिर्फ 123 रन बनाकर बांग्लादेश ने पाकिस्तान पर दर्ज की रोमांचक जीत

साउथेम्प्टन, 20 जून (आईएएनएस)। बांग्लादेश ने विमेंस टी20 वर्ल्ड कप 2026 के 15वें मैच में महज 123 रन बनाने के बावजूद पाकिस्तान के खिलाफ 23 रन से रोमांचक जीत हासिल की। इसी के साथ बांग्लादेश ग्रुप-ए की प्वाइंट्स टेबल में तीसरे स्थान पर पहुंच गई है।

इस वर्ल्ड कप में बांग्लादेश ने 3 में से 2 मैच अपने नाम किए हैं, जबकि पाकिस्तान को लगातार तीसरी हार का सामना करना पड़ा है। यह टीम पांचवें स्थान पर मौजूद है। इस ग्रुप में ऑस्ट्रेलिया शीर्ष पर है, जबकि भारत दूसरे स्थान पर मौजूद है।

साउथेम्प्टन में शनिवार को टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी बांग्लादेशी टीम ने 6 विकेट खोकर 123 रन बनाए। इस टीम ने महज 13 के स्कोर तक अपने 3 विकेट गंवा दिए थे। इसके बाद कप्तान निगार सुल्ताना ने मोर्चा संभाला। उन्होंने शोभना मोस्तरी के साथ चौथे विकेट के लिए 29 गेंदों में 35 रन की साझेदारी करते हुए टीम को संभालने की कोशिश की।

शोभना 19 गेंदों में 3 चौकों के साथ 22 रन बनाकर आउट हुईं। इसके बाद कप्तान ने रितु मोनी के साथ पांचवें विकेट के लिए 29 गेंदों में 24 रन जुटाए। रितु टीम के खाते में सिर्फ 7 रन का योगदान दे सकीं। टीम ने 72 के स्कोर पर अपना पांचवां विकेट भी गंवा दिया।

यहां से सुल्ताना ने शोर्ना अख्तर के साथ 20 रन जोड़े। निगार 38 गेंदों में 5 चौकों के साथ 36 रन बनाकर आउट हुईं, जिसके बाद शोर्ना अख्तर ने राबिया खान (नाबाद 4) के साथ 16 गेंदों में 31 रन की अटूट साझेदारी करते हुए टीम को सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचाया। शोर्ना 22 गेंदों में 39 रन बनाकर नाबाद रहीं।

पाकिस्तान की तरफ से कप्तान फातिमा सना ने 4 ओवरों में महज 18 रन देकर 2 विकेट हासिल किए। सादिया इकबाल, तस्मिया रुबाब, नाशरा संधू और तुबा हसन ने 1-1 विकेट निकाले।

आसान लक्ष्य का पीछा करने उतरी पाकिस्तानी टीम को मुनीबा अली और गुल फिरोजा की सलामी जोड़ी ने शानदार शुरुआत दिलाई। दोनों खिलाड़ियों ने 45 गेंदों में 49 रन जुटाए, लेकिन इस साझेदारी के टूटने के बाद विकेटों का पतझड़ लग गया।

फिरोजा 18 गेंदों में 4 चौकों के साथ 23 रन बनाकर आउट हुईं। टीम ने मुनीबा अली (25) के रूप में दूसरा विकेट गंवाया। इनके अलावा, आयशा जफर (11) और फातिमा सना (10) ही दहाई का आंकड़ा छू सकीं और पाकिस्तानी टीम 20 ओवरों में 100/8 से आगे नहीं बढ़ सकी।

बांग्लादेश के लिए संजीदा अख्तर ने 21 रन देकर 3 विकेट निकाले, जबकि नाहिदा अख्तर ने 18 रन देकर 3 विकेट हासिल किए। इनके अलावा, राबिया खान और रितु मोनी को 1-1 विकेट हाथ लगा।

--आईएएनएस

आरएसजी