टाइगर श्रॉफ पर फायरिंग से डरीं ईला अरुण और राजेश्वरी सचदेव, बोलीं-'ये वाकई डरावना है'

टाइगर श्रॉफ पर फायरिंग से डरीं ईला अरुण और राजेश्वरी सचदेव, बोलीं-'ये वाकई डरावना है'

मुंबई, 20 अक्टूबर (आईएएनएस)। मुंबई में अभिनेता टाइगर श्रॉफ से जुड़े फायरिंग मामले ने फिल्म और टीवी इंडस्ट्री के लोगों को भी हैरान कर दिया है। इस घटना पर सिंगर और एक्ट्रेस ईला अरुण और एक्ट्रेस राजेश्वरी सचदेव ने अपनी प्रतिक्रिया दी है। ईला अरुण ने कहा कि उन्हें समझ नहीं आया कि टाइगर श्रॉफ पर फायरिंग क्यों की गई। वहीं, राजेश्वरी सचदेव ने इस घटना को डराने वाला बताया।

ईला अरुण ने टाइगर श्रॉफ से जुड़े इस मामले पर अपनी बात रखते हुए आईएएनएस से कहा, ''टाइगर श्रॉफ पर फायरिंग क्यों हुई, ये समझ नहीं आया। उनके पिता और अभिनेता जैकी श्रॉफ की हम सभी बहुत इज्जत करते हैं। उनके परिवार को, उनके बच्चों को हम सभी बहुत प्यार करते हैं। अगर बच्चों पर हमला होता है, तो दुख तो होता है।''

वहीं, राजेश्वरी सचदेव ने कहा कि उन्हें टाइगर श्रॉफ पर हमले की खबर मिली थी, जिसे सुनकर वह चौंक गई थीं। उन्होंने कहा, ''मुझे खबर मिली थी कि टाइगर श्रॉफ पर अटैक हुआ है, जो सच में चौंकाने वाला था। ये डर की बात है। जहां बच्चे खेलते-कूदते हैं, वहां पर सरेआम ऐसी घटना होना, वाकई डरावना है। ये दुर्भाग्यपूर्ण है।''

इससे पहले रितुपर्णा सेनगुप्ता, राहुल रॉय और राकेश बेदी ने आईएएनएस के साथ बातचीत में टाइगर श्रॉफ की कार पर हुई फायरिंग को चिंताजनक बताया था।

रितुपूर्णा ने कहा, "यह बहुत दुर्भाग्यपूर्ण है। उम्मीद करती हूं कि टाइगर अब सुरक्षित होंगे। सेलिब्रिटी होने के साथ-साथ हमें बहुत सी बातों से अलर्ट रहने की भी जरूरत है। हम लोगों को अपने काम के साथ-साथ कड़ी सिक्योरिटी की भी जरूरत है क्योंकि सभी लोगों की हमारे ऊपर नजर रहती है। इसलिए मैं चाहती हूं कि हम लोग थोड़ा अलर्ट रहकर सिक्योरिटी का ध्यान दें। सरकार को इस तरह की घटनाओं पर कड़ी कार्रवाई करनी चाहिए।"

अभिनेता राहुल रॉय ने कलाकारों की सुरक्षा पर जोर देते हुए कहा, "पुलिस को टाइगर श्रॉफ और पुराने सारे मामलों को ध्यान में रखते हुए सुरक्षा कड़ी कर देनी चाहिए। ऐसा नहीं है कि हमारी पुलिस या बॉडीगार्ड काम नहीं कर रहे हैं लेकिन इस तरह की घटना दोबारा न हो इसलिए सिक्योरिटी को थोड़ा टाइट करना चाहिए।"

अभिनेता राकेश बेदी ने कहा, "टाइगर के साथ जो कुछ भी हुआ, ऐसा नहीं होना चाहिए था। अगर इस तरह की वारदातें होती रहेंगी, तो कोई कैसे काम कर सकेगा। हम एक्टर्स के लिए सिक्योरिटी बहुत जरूरी है क्योंकि आप लोग देखिए कि टाइगर श्रॉफ पर ऐसे खुलेआम आकर गोली चला दी गई। टाइगर के पिता जैकी बहुत अच्छे इंसान हैं और उनके बेटे के साथ अगर ऐसे होगा, तो हम सभी के लिए यह बेहद गंभीर है।"

--आईएएनएस

पीके/पीएम