इंग्लैंड के खिलाफ वनडे सीरीज के लिए भारतीय टीम का ऐलान, अय्यर उपकप्तान, बुमराह की वापसी

इंग्लैंड के खिलाफ वनडे सीरीज के लिए भारतीय टीम का ऐलान, अय्यर उपकप्तान, बुमराह की वापसी

नई दिल्ली, 21 जून (आईएएनएस)। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने इंग्लैंड के खिलाफ होने वाली तीन मैचों की वनडे सीरीज के लिए भारतीय टीम का ऐलान कर दिया है। श्रेयस अय्यर को उपकप्तान बनाया गया है।

जसप्रीत बुमराह की वनडे टीम में वापसी हुई है। वहीं, विराट कोहली को टीम में जगह दी गई है, लेकिन उन्हें फिटनेस टेस्ट से गुजरना होगा। शुभमन गिल कप्तानी की जिम्मेदारी संभालेंगे। गिल के साथ पारी का आगाज करते हुए रोहित शर्मा नजर आएंगे। हालांकि, अफगानिस्तान के खिलाफ तीसरे वनडे में शतकीय पारी खेलने वाले यशस्वी जायसवाल को टीम में शामिल नहीं किया गया है। विकेटकीपर के तौर पर केएल राहुल और ईशान किशन को टीम में जगह दी गई है। ऋषभ पंत को बाहर का रास्ता दिखा दिया गया है। वॉशिंगटन सुंदर इस सीरीज के लिए सिलेक्टर्स का भरोसा जीतने में सफल रहे हैं।

वहीं, अक्षर पटेल को भी टीम में जगह दी गई है। नीतीश कुमार रेड्डी को भी 15 सदस्यीय टीम में रखा गया है। तेज गेंदबाजी की कमान जसप्रीत बुमराह के हाथों में सौंपी गई है। वहीं, उनका साथ प्रसिद्ध कृष्णा और अर्शदीप सिंह देते हुए नजर आएंगे। अफगानिस्तान के खिलाफ वनडे सीरीज में शानदार प्रदर्शन करने वाले गुरनूर बरार को भी टीम में शामिल किया गया है।

स्पिनर के तौर पर कुलदीप यादव को टीम में रखा गया है। वनडे सीरीज की शुरुआत 14 जुलाई से होगी। सीरीज का पहला मुकाबला एजबेस्टन में खेला जाएगा। वहीं, दूसरा मैच 16 जुलाई को होगा, जबकि सीरीज का आखिरी मुकाबला 19 जुलाई को लॉर्ड्स में खेला जाना है। बीसीसीआई ने बताया है कि वरुण चक्रवर्ती आयरलैंड के खिलाफ होने वाली टी20 सीरीज से बाहर हो गए हैं। वरुण अपने पैर की इंजरी से अभी पूरी तरह से उबर नहीं सके हैं और इसी कारण वह इस सीरीज का हिस्सा नहीं होंगे। हालांकि, वरुण इंग्लैंड के खिलाफ टी20 सीरीज में टीम का हिस्सा होंगे।

इंग्लैंड के खिलाफ वनडे सीरीज के लिए भारतीय स्क्वॉड: शुभमन गिल (कप्तान), रोहित शर्मा, विराट कोहली*, श्रेयस अय्यर (उपकप्तान), केएल राहुल (विकेटकीपर), ईशान किशन (विकेटकीपर), वॉशिंगटन सुंदर, अक्षर पटेल, नीतीश कुमार रेड्डी, कुलदीप यादव, जसप्रीत बुमराह, प्रसिद्ध कृष्णा, हर्षित राणा, अर्शदीप सिंह और गुरनूर बरार।

--आईएएनएस

एसएम/पीएम