यूसुफ पठान: पहली बार टी20 वर्ल्ड चैंपियन बनी भारतीय टीम का रहे हिस्सा, प्रदर्शन ने प्रभावित किया करियर

यूसुफ पठान: पहली बार टी20 वर्ल्ड चैंपियन बनी भारतीय टीम का हिस्सा, प्रदर्शन के कारण करियर रहा प्रभावित

नई दिल्ली, 16 नवंबर (आईएएनएस)। टीम इंडिया के पूर्व बल्लेबाज यूसुफ पठान ने अपने अंतरराष्ट्रीय करियर के दौरान आक्रामक बल्लेबाजी से खास पहचान बनाई। यूसुफ पहली बार टी20 विश्व कप का खिताब जीतने वाली भारतीय टीम का हिस्सा रहे।

यूसुफ पठान का जन्म 17 नवंबर 1982 को वडोदरा में हुआ। परिवार की आर्थिक स्थिति कोई बहुत अच्छी नहीं थी और बड़ी मुश्किल से दोनों समय की रोटी का जुगाड़ हो पाता था।

यूसुफ अपने भाई इरफान संग घर के नजदीक मौजूद मस्जिद के पास क्रिकेट खेला करते थे। हालांकि, यूसुफ अपनी तूफानी बल्लेबाजी के दम पर धीरे-धीरे पहचान बनाते चले गए। यूसुफ ने फर्स्ट-क्लास क्रिकेट में अपना डेब्यू साल 2001 में किया।

घरेलू क्रिकेट में यूसुफ ने 100 मुकाबले खेले और इस दौरान उन्होंने 34 की औसत और 85 के स्ट्राइक रेट से खेलते हुए 4,825 रन बनाए। यूसुफ अपनी तूफानी बल्लेबाजी के बूते किसी भी मैच का रुख पलटने की काबिलियत के चलते चर्चा का विषय बन गए।

यूसुफ ने अपना इंटरनेशनल डेब्यू टी20 विश्व कप के फाइनल मुकाबले में पाकिस्तान के खिलाफ किया। इसके ठीक एक साल पहले उन्होंने 2008 में अपना वनडे डेब्यू भी पाकिस्तान के खिलाफ किया।

यूसुफ ने भारत के लिए 22 टी20 इंटरनेशनल मुकाबले खेले और इस दौरान उन्होंने 146 के स्ट्राइक रेट से खेलते हुए 236 रन बनाए। बतौर फिनिशर यूसुफ ने अपनी तूफानी बल्लेबाजी से भारतीय टीम को कई मैचों में जीत दिलाई। उन्होंने भारत के लिए कुल 57 वनडे मैच खेले और 113 के स्ट्राइक रेट और 27 की औसत से 810 रन बनाए। उन्होंने 50 ओवर के फॉर्मेट में कुल 2 शतक और 3 अर्धशतक लगाए।

हालांकि, वह टी20 में एक बार फिर पचास का आंकड़ा पार नहीं कर सके। यूसुफ 2011 में वनडे विश्व कप का खिताब जीतने वाली टीम इंडिया का भी हिस्सा रहे। हालांकि, प्रदर्शन में निरंतरता की कमी के कारण यूसुफ का करियर बहुत लंबा नहीं चल सका। उन्होंने भारतीय जर्सी में अपना आखिरी मुकाबला 2012 में खेला। इसके बाद वह टीम में दोबारा वापसी नहीं कर सके।

--आईएएनएस

एसएम/एबीएम