नई दिल्ली, 16 नवंबर (आईएएनएस)। अक्टूबर 2026 में देश के श्रम बाजार से जुड़े प्रमुख संकेतकों में सुधार दर्ज किया गया है। सोमवार को जारी सरकारी डेटा के अनुसार, 15 वर्ष और उससे अधिक आयु के लोगों के लिए लेबर फोर्स पार्टिसिपेशन रेट (एलएफपीआर) सितंबर के 55.5 प्रतिशत से बढ़कर अक्टूबर में 55.7 प्रतिशत हो गया। इस सुधार में ग्रामीण क्षेत्रों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
सांख्यिकी एवं कार्यक्रम क्रियान्वयन मंत्रालय के आंकड़ों के अनुसार, ग्रामीण क्षेत्रों में श्रम बल भागीदारी दर सितंबर के 58.0 प्रतिशत से बढ़कर अक्टूबर में 58.4 प्रतिशत हो गई। इसके विपरीत शहरी क्षेत्रों में यह दर 50.7 प्रतिशत से मामूली घटकर 50.5 प्रतिशत रही।
सालाना आधार पर भी श्रम भागीदारी दर में सुधार दर्ज किया गया। अक्टूबर 2025 में समग्र एलएफपीआर 55.4 प्रतिशत था, जो अक्टूबर 2026 में बढ़कर 55.7 प्रतिशत हो गया। इस दौरान ग्रामीण क्षेत्रों में 0.6 प्रतिशत अंक की वृद्धि दर्ज की गई और यह दर 57.8 प्रतिशत से बढ़कर 58.4 प्रतिशत पहुंच गई, जबकि शहरी क्षेत्रों में यह 50.5 प्रतिशत पर स्थिर रही।
महिला श्रम भागीदारी में भी उल्लेखनीय सुधार देखा गया। अक्टूबर में महिलाओं का एलएफपीआर बढ़कर 35.0 प्रतिशत हो गया, जो सितंबर में 34.6 प्रतिशत था। यह फरवरी 2026 के बाद का सबसे ऊंचा स्तर है।
ग्रामीण महिलाओं की श्रम भागीदारी दर में सबसे अधिक सुधार दर्ज किया गया, जो सितंबर की तुलना में 0.6 प्रतिशत अंक बढ़कर अक्टूबर में 39.5 प्रतिशत पर पहुंच गई। वहीं शहरी क्षेत्रों में महिला एलएफपीआर 25.9 प्रतिशत पर स्थिर रही।
वार्षिक आधार पर महिला श्रम भागीदारी दर में 0.8 प्रतिशत अंक की वृद्धि दर्ज की गई। अक्टूबर 2025 में यह 34.2 प्रतिशत थी, जो अक्टूबर 2026 में बढ़कर 35.0 प्रतिशत हो गई। ग्रामीण महिलाओं की भागीदारी दर 38.4 प्रतिशत से बढ़कर 39.5 प्रतिशत और शहरी महिलाओं की भागीदारी 25.4 प्रतिशत से बढ़कर 25.9 प्रतिशत हो गई।
इसी तरह वर्कर पॉपुलेशन रेशियो (डब्ल्यूपीआर) यानी कुल आबादी में कार्यरत लोगों का अनुपात भी बेहतर हुआ। यह सितंबर के 52.7 प्रतिशत से बढ़कर अक्टूबर में 53.0 प्रतिशत हो गया, जो फरवरी 2026 के बाद का सर्वोच्च स्तर है।
ग्रामीण क्षेत्रों में डब्ल्यूपीआर में 0.5 प्रतिशत अंक की वृद्धि हुई और यह अक्टूबर में 56.0 प्रतिशत पर पहुंच गया। वहीं शहरी क्षेत्रों में यह लगभग स्थिर रहते हुए 47.1 प्रतिशत पर बना रहा।
सालाना आधार पर भी डब्ल्यूपीआर में सुधार दर्ज किया गया। अक्टूबर 2025 में यह 52.5 प्रतिशत था, जो अक्टूबर 2026 में बढ़कर 53.0 प्रतिशत हो गया। यानी एक वर्ष में इसमें 0.5 प्रतिशत अंक की वृद्धि हुई है।
--आईएएनएस
डीबीपी