स्मैट 2026: एमपी ने असम को 131 रनों से रौंदा, जेके-उत्तराखंड-यूपी ने भी जीते अपने मुकाबले

स्मैट 2026: एमपी ने असम को 131 रनों से रौंदा, जेके-उत्तराखंड-यूपी ने भी जीते अपने मुकाबले

नई दिल्ली, 16 नवंबर (आईएएनएस)। सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी एलीट 2026 में सोमवार को मध्य प्रदेश ने कप्तान रजत पाटीदार की नाबाद शतकीय पारी की बदौलत असम को 131 रनों से रौंदा। इसके अलावा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश भी अपने-अपने मुकाबलों में विजेता रहे। आइए, इन मुकाबलों के बारे में जानते हैं।

जम्मू-कश्मीर बनाम तमिलनाडु: इंदौर के होल्कर स्टेडियम में खेले गए एलीट ग्रुप-बी के इस हाई-स्कोरिंग मुकाबले में जम्मू-कश्मीर ने तमिलनाडु को 6 रन से मात दी। पहले बल्लेबाजी करने उतरी जम्मू-कश्मीर की टीम ने कामरान इकबाल (70) और कप्तान शुभम खजूरिया (53) की शानदार पारियों की बदौलत 7 विकेट खोकर 201 रन बनाए।

इसके जवाब में तमिलनाडु की टीम 20 ओवरों में 195/9 के स्कोर से आगे नहीं बढ़ सकी। इस टीम के लिए अमित सात्विक ने 67 रन, जबकि एन. जगदीशन ने 35 रन की पारी खेली। विपक्षी खेमे से नासिर मुजफ्फर ने सर्वाधिक 3 विकेट हासिल किए।

उत्तराखंड बनाम गोवा: कोलकाता के ईडन गार्डन्स स्टेडियम में खेले गए एलीट ग्रुप-डी के इस मुकाबले में उत्तराखंड ने 5 विकेट से जीत हासिल की। कप्तान अभिनव तेजराणा ने 36 गेंदों में 5 छक्कों और 8 चौकों की मदद से 76 रन की पारी खेली, लेकिन गोवा 19.4 ओवरों में सिर्फ 168 रन पर सिमट गई। इस पारी में जनमेजय जोशी ने 17 रन देकर 3 विकेट निकाले। इसके जवाब में उत्तराखंड ने आरव महाजन (नाबाद 60) और तेजस्वी जायसवाल (46) की शानदार पारियों के दम पर 18.1 ओवरों में मुकाबला अपने नाम कर लिया।

मध्य प्रदेश बनाम असम: न्यू चंडीगढ़ में खेले गए एलीट ग्रुप-सी के इस मैच को मध्य प्रदेश ने 131 रनों के विशाल अंतर से जीता। कप्तान रजत पाटीदार ने 48 गेंदों में 13 छक्कों और 8 चौकों की मदद से 135 रन की नाबाद पारी खेलकर एमपी को 250/6 के स्कोर तक पहुंचाया। इसके जवाब में असम की टीम 17.4 ओवरों में सिर्फ 119 रन पर सिमट गई। इस पारी में शिबशंकर रॉय ने सर्वाधिक 32 रन बनाए, लेकिन टीम को शर्मनाक हार से बचा नहीं सके।

कर्नाटक बनाम उत्तर प्रदेश: मुंबई स्थित वानखेड़े स्टेडियम में खेले गए एलीट ग्रुप-ए के इस मुकाबले को यूपी ने 16 रन से अपने नाम किया। उत्तर प्रदेश ने दिव्यांश जोशी (65) और समीर रिजवी (नाबाद 46) की शानदार पारियों के दम पर 204/5 का स्कोर बनाया, जिसके जवाब में कर्नाटक की टीम 188/9 के स्कोर से आगे नहीं बढ़ सकी। इस पारी में कप्तान एस. रविचंद्रन ने सर्वाधिक 68 रन बनाए, जबकि लवनिथ सिसोदिया और मनवंत कुमार ने 42-42 रन टीम के खाते में जोड़े। विपक्षी खेमे से मोहसिन खान ने 28 रन देकर 3 विकेट झटके।

--आईएएनएस

आरएसजी