लखनऊ, 14 अक्टूबर (आईएएनएस)। देशभर में एसआईआर के मुद्दे पर हो रहे विरोध-प्रदर्शन को लेकर व्यापारी संगठनों ने चिंता जताई है। उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार मंडल के महामंत्री योगेंद्र सिंह ने लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी को पत्र लिखकर त्योहारों के दौरान इन प्रदर्शनों को तत्काल स्थगित करने की मांग की है। उनका कहना है कि इससे बाजारों में खरीदारी प्रभावित हो रही है और व्यापारियों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है।
योगेंद्र सिंह ने आईएएनएस से बातचीत में कहा कि एसआईआर को लेकर राहुल गांधी की ओर से उठाए गए मुद्दे के बाद दिल्ली सहित देश के विभिन्न हिस्सों में विरोध-प्रदर्शनों का माहौल बना हुआ है। इसका असर केवल दिल्ली तक सीमित नहीं है, बल्कि प्रदेशों, शहरों, कस्बों और छोटे बाजारों तक पहुंच रहा है। उन्होंने राहुल गांधी से अपील की कि त्योहारों को ध्यान में रखते हुए फिलहाल आंदोलन को स्थगित किया जाए, ताकि व्यापारिक गतिविधियां सामान्य रूप से चल सकें।
उन्होंने कहा कि वर्तमान समय व्यापारियों के लिए बेहद महत्वपूर्ण है। नवरात्रि के बाद दशहरा, फिर दीपावली और उसके बाद छठ पूजा तक बाजारों में खरीदारी का माहौल रहता है। इस अवधि में गांवों, कस्बों, तहसीलों, शहरों और बड़ी मंडियों से लेकर छोटी मंडियों तक कारोबार बढ़ने की उम्मीद रहती है। त्योहारों के दौरान व्यापारी पहले से ही खरीदारी और बिक्री की तैयारी करते हैं। ऐसे में यदि विरोध-प्रदर्शनों के कारण बाजारों में आने-जाने को लेकर लोगों के बीच चिंता का माहौल बनता है, तो उसका सीधा असर कारोबार पर पड़ता है।
व्यापार मंडल के महामंत्री ने कहा कि जब अखबारों और अन्य माध्यमों से प्रदर्शन, यातायात प्रतिबंध या परिवहन सेवाओं में बाधा की खबरें सामने आती हैं, तो व्यापारी बाजार जाने से बचते हैं और ग्राहक भी खरीदारी के लिए घरों से बाहर नहीं निकलते। दिल्ली में मेट्रो सेवाएं बंद होने, ट्रेनों के संचालन में बाधा और कई ट्रेनों के रद्द होने का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि ऐसी परिस्थितियों का प्रभाव व्यापक होता है। परिवहन व्यवस्था प्रभावित होने से कारोबार पर भी असर पड़ता है और इसका दायरा दिल्ली से आगे अन्य क्षेत्रों तक पहुंच सकता है।
योगेंद्र सिंह ने कहा कि बाजारों में ग्राहकों की आवाजाही कम होने से अलग-अलग क्षेत्रों के व्यापारियों को नुकसान उठाना पड़ता है। उन्होंने इलेक्ट्रॉनिक्स और किराना कारोबार सहित विभिन्न क्षेत्रों का जिक्र करते हुए कहा कि हर सेक्टर में करोड़ों रुपए के नुकसान की आशंका है।
प्रदर्शनों के कारण व्यापार को हुए नुकसान के सवाल पर योगेंद्र सिंह ने कहा कि इसका सटीक आकलन करना आसान नहीं है। उन्होंने किसी निश्चित आंकड़े का दावा करने के बजाय कहा कि बाजारों में ग्राहकों की संख्या घटने से व्यापारियों को नुकसान होना स्वाभाविक है। विभिन्न क्षेत्रों में कारोबार प्रभावित हो रहा है और त्योहारों के इस महत्वपूर्ण समय में स्थिति व्यापारियों के लिए चिंता का विषय है।
--आईएएनएस
पीएसके