आरडीएसओ भर्ती 2026: सीनियर सेक्शन इंजीनियर के 42 पदों पर नौकरी का मौका, 9 नवंबर तक करें आवेदन

आरडीएसओ भर्ती 2026: सीनियर सेक्शन इंजीनियर के 42 पदों पर नौकरी का मौका, 9 नवंबर तक करें आवेदन

नई दिल्ली, 14 अक्टूबर (आईएएनएस)। अनुसंधान अभिकल्प और मानक संगठन (आरडीएसओ) में नौकरी करने की इच्छा रखने वालों के लिए एक अच्छी खबर सामने आई है। आरडीएसओ ने सीनियर सेक्शन इंजीनियर के कुल 42 पदों पर योग्य उम्मीदवारों की नियुक्ति के लिए अपनी आधिकारिक वेबसाइट पर अलग-अलग ऑफिशियल नोटिफिकेशन जारी करके रिक्तियों की घोषणा की है।

आरडीएसओ की ओर से जारी 42 रिक्तियों में सीनियर सेक्शन इंजीनियर/इंस्पेक्शन/इलेक्ट्रिकल (एक्स-कैडर और कार्यकाल पर आधारित पद) के 25 और सीनियर सेक्शन इंजीनियर/इंस्पेक्शन/मैकेनिकल (एक्स-कैडर और कार्यकाल पर आधारित पद) के 17 पद शामिल हैं।

सीनियर सेक्शन इंजीनियर के इन सभी पोस्ट के लिए ईमेल/पोस्ट के माध्यम से आवेदन प्रक्रिया जारी है और अप्लाई करने की अंतिम तिथि 9 नवंबर तक तय की गई है। एप्लीकेशन फॉर्म भरने के इच्छुक उम्मीदवार तय समय सीमा के अंदर अपनी रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया पूरी कर सकते हैं।

आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों के पास किसी मान्यता प्राप्त संस्थान या विश्वविद्यालय से बीटेक डिग्री या समकक्ष, डिप्लोमा/बीएससी या समकक्ष योग्यता होनी चाहिए। इसके अलावा, कैंडिडेट्स जोनल रेलवे/प्रोडक्शन यूनिट के संबंधित विभाग (इलेक्ट्रिकल/मैकेनिकल) में कार्यरत और उनके पास सीनियर सेक्शन इंजीनियर (कैडर पोस्ट) के तौर पर कम से कम 5 वर्ष का सर्विस अनुभव (पे लेवल- 7) जरूरी है।

योग्य अभ्यर्थियों का चयन एक स्क्रीनिंग कमेटी द्वारा आवेदनों की स्क्रीनिंग के आधार पर किया जाएगा, जिसके बाद चयनित कैंडिडेट्स की सैलरी पे लेवल-7 के तहत प्रति माह होगी। वहीं, चुने गए उम्मीदवार को संबंधित विभाग में 4 वर्ष के कार्यकाल के आधार पर तैनात किया जाएगा, जिसे प्रशासनिक जरूरतों के अनुसार बढ़ाया या घटाया जा सकता है।

आवेदन करने के लिए उम्मीदवार सबसे पहले आरडीएसओ की आधिकारिक वेबसाइट पर जाएं। वहां संबंधित पोस्ट के लिए जारी अधिसूचना लिंक पर क्लिक करें। इसके बाद नोटिफिकेशन में दिए गए एप्लीकेशन फॉर्म को डाउनलोड कर उसका प्रिंट आउट निकाल लें। फिर फॉर्म में मांगी गई सभी जानकारियों को दर्ज करें। संबंधित सभी डॉक्यूमेंट्स को आवेदन के साथ अटैच करें। इसके बाद या तो सभी को स्कैन कर एक ही पीडीएफ फाइल में आधिकारिक ईमेल आईडी पर मेल कर दें या फिर सभी को एक लिफाफे में डालकर उसे 'महानिदेशक, आरडीएसओ, मानक नगर, लखनऊ-226011' पते पर डाक के माध्यम से पहुंचा दें।

--आईएएनएस

डीके/पीएम