सोने में बंपर तेजी; चांदी की कीमत 18 हजार रुपए प्रति किलो से अधिक बढ़ी

सोने में बंपर तेजी; चांदी की कीमत 18 हजार रुपए प्रति किलो से अधिक बढ़ी

नई दिल्ली, 4 फरवरी (आईएएनएस)। सोने और चांदी की कीमतों में बुधवार को बड़ी तेजी देखने को मिली। इससे दोनों कीमती धातुओं की कीमतों करीब 18,000 रुपए तक का उछाल आया।

इंडिया बुलियन ज्वेलर्स एसोसिएशन (आईबीजेए) के मुताबिक, चांदी की कीमत 18,497 रुपए बढ़कर 2,82,462 रुपए प्रति किलो हो गई है, जो कि इससे पहले मंगलवार को 2,82,462 रुपए प्रति किलो थी।

चांदी के साथ सोने की कीमतों में इजाफा दर्ज किया गया है। 24 कैरेट सोने का दाम 5,096 रुपए बढ़कर 1,56,625 रुपए प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गया है, जो कि पहले 1,51,529 रुपए प्रति 10 ग्राम था।

22 कैरेट सोने की कीमत 1,38,801 रुपए प्रति 10 ग्राम से बढ़कर 1,43,469 रुपए प्रति 10 ग्राम हो गई है। 18 कैरेट सोने का दाम 1,13,647 रुपए प्रति 10 ग्राम से बढ़कर 1,17,469 रुपए प्रति 10 ग्राम हो गया है।

सोने और चांदी में तेजी रिकॉर्ड गिरावट के बाद देखी जा रही है। बीते शुक्रवार को मुनाफावसूली के चलते सोने की कीमतें 11 प्रतिशत से अधिक और चांदी की कीमत 31 प्रतिशत से अधिक कम हो गई थी।

हाजिर बाजार के साथ मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (एमसीएक्स) पर सोने और चांदी की कीमतों में भी तेजी देखने को मिली। सोने के 2 अप्रैल 2026 के कॉन्ट्रैक्ट की कीमत 1.98 प्रतिशत बढ़कर 1,56,850 रुपए और चांदी के 5 मार्च 2026 के कॉन्ट्रैक्ट की कीमत 5.59 प्रतिशत बढ़कर 2,82,993 रुपए हो गई है।

अंतरराष्ट्रीय बाजारों में भी सोने और चांदी की कीमतों में तेजी देखने को मिली है। खबर लिखे जाने तक कॉमेक्स पर सोने की कीमत 1.85 प्रतिशत बढ़कर 5,029 डॉलर प्रति औंस और चांदी की कीमत 8.25 प्रतिशत बढ़कर 90 डॉलर प्रति औंस हो गई है।

बाजार के जानकारों ने कहा कि वैश्विक स्तर पर बढ़ती अस्थिरता के कारण सोने और इंडस्ट्रियल मांग में तेजी के कारण चांदी की कीमतों को सपोर्ट मिला है। आने वाले समय में अमेरिकी बाजारों में आने वाले आंकड़ों से सोने की कीमतों की दिशा तय होगी।

--आईएएनएस

एबीएस/