एकतानगर, 24 नवंबर (आईएएनएस)। देश-दुनिया में सरदार वल्लभ भाई पटेल की सबसे ऊंची प्रतिमा के लिए प्रसिद्ध गुजरात का एकता नगर इको-फ्रेंडली ट्रांसपोर्टेशन और टूरिज्म की मिसाल पेश कर रहा है। यहां स्टैच्यू ऑफ यूनिटी देखने आए सैलानियों के लिए 55 इलेक्ट्रिक बसों का संचालन किया जा रहा है।
इनमें से 30 करोड़ रुपए की 25 अत्याधुनिक ई-बसों को सरदार पटेल की 151वीं जयंती पर आयोजित कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया था। खास बात यह है कि इन ई-बसों का संचालन निशुल्क किया जा रहा है। पर्यटकों के मुताबिक आधुनिक सुविधाओं वाली इन ई-बसों से एकता नगर में अलग-अलग टूरिज्म डेस्टिनेशन पर पहुंचना बेहद सुगम हो गया है।
पर्यटक संजीव ने कहा कि ई-बसों की सुविधा से घूमना बहुत आसान हो गया है। बसें समय पर मिलती हैं और सफर आरामदायक है। वहीं, पर्यटक राहुल ढेकने ने कहा कि निशुल्क सेवा होने से पर्यटकों को काफी राहत मिली है। पर्यटक देवाश्री ने कहा कि एकता नगर में ई-बसों से यात्रा करना एक शानदार अनुभव है।
फुल चार्ज होने के बाद 180 किलोमीटर तक चलने वाली ये इलेक्ट्रिक बसें पूरी तरह वातानुकूलित हैं। साथ ही इनकी सीटें बहुत आरामदायक हैं। इन बसों की विंडो बहुत बड़ी है, जिससे पर्यटकों को बाहर का पूरा नजारा साफ दिखाई देता है। इसके अलावा, दिव्यांग यात्रियों के लिए इन ई-बसों में हाइड्रोलिक लिफ्ट भी लगाई गई है, साथ ही महिलाओं के लिए अलग से सीटें रिजर्व की गई हैं।
सर्विस इंजीनियर रजत बिष्ट ने बताया कि ये बसें आधुनिक तकनीक से लैस हैं और पर्यावरण के अनुकूल हैं। इनका रखरखाव भी नियमित रूप से किया जाता है, ताकि पर्यटकों को किसी तरह की परेशानी न हो।
स्टैच्यू ऑफ यूनिटी के एडिशनल कलेक्टर नीरव परितोष ने कहा कि नई 9 मीटर लंबी जो ई-बसें हैं, वे एयर कंडीशन ई-बसें हैं और उनमें पिंक सीट यानी महिलाओं के लिए चार आरक्षित सीटें भी रखी गई हैं।
जाहिर है कि 'भारत की पहली ई-सिटी' पहल के तहत स्टैच्यू ऑफ यूनिटी एरिया डेवलपमेंट एंड टूरिज्म गवर्नेंस अथॉरिटी एकता नगर को कार्बन-न्यूट्रल और सस्टेनेबल सिटी बनाने के लिए लगातार काम कर रही है। यानी, आज एकता नगर 55 ई-बसों का संचालन कर न केवल स्टैच्यू ऑफ यूनिटी के ट्रांसपोर्ट सिस्टम को एक नई दिशा दे रहा है, बल्कि प्रधानमंत्री के ग्रीन डेवलपमेंट के विजन के मुताबिक टूरिज्म, टेक्नोलॉजी और एनवायरनमेंट प्रोटेक्शन को मिलाकर देश के सामने टिकाऊ पर्यटन का अनुपम उदाहरण भी प्रस्तुत कर रहा है।
एकता नगर में ई-बसों की इस पहल से प्रदूषण कम हो रहा है और पर्यटकों को बेहतर सुविधा मिल रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि इससे रोजगार के अवसर भी बढ़े हैं और क्षेत्र का विकास तेजी से हो रहा है।
--आईएएनएस
एससीएच/वीसी