नई दिल्ली, 24 नवंबर (आईएएनएस)। भारत के पूर्व मुख्य आर्थिक सलाहकार (सीईए) कृष्णमूर्ति सुब्रमणियन ने मंगलवार को कहा कि वर्ष 2047 तक भारत का एक वास्तविक वैश्विक शक्ति केंद्र के रूप में उभरना दो महत्वपूर्ण कारकों पर निर्भर करेगा। पहला, वास्तविक रूप से 8 प्रतिशत या उससे अधिक की निरंतर आर्थिक विकास दर बनाए रखना और दूसरा, व्यापार तथा रक्षा क्षेत्र में मजबूत अंतरराष्ट्रीय साझेदारियां विकसित करना।
आईएएनएस से बातचीत में सुब्रमणियन ने लोवी इंस्टीट्यूट के एशिया पावर इंडेक्स 2026 में भारत के एशिया की तीसरी सबसे शक्तिशाली अर्थव्यवस्था के रूप में उभरने का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि विशेष रूप से भारत के संसाधनों और उसके वास्तविक प्रभाव के बीच का अंतर कम होना एक सकारात्मक संकेत है।
उन्होंने कहा, "लंबे समय तक भारत अपने संसाधनों और क्षमता की तुलना में कम प्रभाव का उपयोग कर पाया। अब यह अंतर कम हो रहा है। कोई देश केवल संसाधनों से बड़ी शक्ति नहीं बनता, बल्कि तब बनता है जब वह अपनी क्षमताओं को ऐसे प्रभाव में बदल दे, जिसे अन्य देश अपने निर्णयों में ध्यान में रखने के लिए मजबूर हों।"
सुब्रमणियन ने कहा कि भारत की सबसे बड़ी ताकत उसकी कूटनीतिक प्रभावशीलता है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अब एशिया क्षेत्र के दूसरे सबसे प्रभावी नेता के रूप में उभरे हैं, जिसने भारत की क्षेत्रीय और वैश्विक पहचान को मजबूत किया है।
उन्होंने बताया कि भारत का सांस्कृतिक प्रभाव बढ़ा है, रक्षा सहयोग नेटवर्क मजबूत हुए हैं और दक्षिण-पूर्व एशिया को ब्रह्मोस मिसाइल की बिक्री जैसी पहलों ने भारत की रणनीतिक स्थिति को मजबूती दी है। इसके अलावा आर्थिक संबंधों के मोर्चे पर भी भारत ने प्रगति दर्ज की है।
सुब्रमणियन ने कहा, "यही वे माध्यम हैं जिनके जरिए कोई देश अपनी क्षमता को प्रभाव में बदलता है और यही वे क्षेत्र हैं जहां भारत ऐतिहासिक रूप से अपेक्षाकृत कमजोर रहा है। भविष्य के संसाधनों के मामले में भारत तीसरे स्थान पर है, लेकिन रक्षा नेटवर्क में नौवें और आर्थिक संबंधों में सातवें स्थान पर है। अगले दशक का नीतिगत एजेंडा इसी अंतर को पाटना होना चाहिए।"
लोवी इंस्टीट्यूट की रिपोर्ट के अनुसार, भारत का सबसे मजबूत प्रदर्शन कूटनीतिक प्रभाव के क्षेत्र में रहा, जहां उसका स्कोर 70.3 अंक रहा। रिपोर्ट में कहा गया कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व को लेकर क्षेत्रीय स्तर पर धारणा में उल्लेखनीय सुधार हुआ है और वे तीन स्थान ऊपर पहुंचकर शी चिनफिंग के बाद क्षेत्र के दूसरे सबसे प्रभावी नेता बन गए हैं।
रिपोर्ट के अनुसार, भारत का भविष्य के संसाधनों का स्कोर बढ़कर 56.2 अंक हो गया है, जो देश की बेहतर आर्थिक संभावनाओं और विकास क्षमता को दर्शाता है। रिपोर्ट में कहा गया है कि 2026 में अर्थव्यवस्था और कूटनीति के मोर्चे पर मिश्रित परिणामों के बावजूद भारत का एशिया में प्रभाव लगातार बढ़ा है।
सुब्रमणियन ने आगे कहा कि यदि भारत उच्च आर्थिक वृद्धि दर बनाए रखते हुए व्यापारिक और रक्षा सहयोग नेटवर्क का विस्तार करता है, तो वह आने वाले दो दशकों में न केवल एशिया बल्कि वैश्विक व्यवस्था में भी एक निर्णायक शक्ति के रूप में उभर सकता है।
--आईएएनएस
डीबीपी