एनएचपीसी लिमिटेड में 205 ट्रेनी इंजीनियर पदों पर निकली वैकेंसी, 27 नवंबर को खुलेगा आवेदन पोर्टल

एनएचपीसी लिमिटेड में 205 ट्रेनी इंजीनियर पदों पर निकली वैकेंसी, 27 नवंबर को खुलेगा आवेदन पोर्टल

नई दिल्ली, 24 नवंबर (आईएएनएस)। नौकरी की तलाश में जुटे लोगों के लिए नेशनल हाइड्रोइलेक्ट्रिक पावर कॉर्पोरेशन (एनएचपीसी) लिमिटेड ने गेट-2025/गेट-2026 स्कोर के माध्यम से सिविल, इलेक्ट्रिकल और मैकेनिकल विषयों में प्रशिक्षु अभियंता (ट्रेनी इंजीनियर) के कुल 205 पदों पर भर्ती की घोषणा की है।

एनएचपीसी लिमिटेड की ओर से ट्रेनी इंजीनियर पदों के लिए जारी 205 रिक्तियों में ट्रेनी इंजीनियर (सिविल) के 64, ट्रेनी इंजीनियर (इलेक्ट्रिकल) के 88 और ट्रेनी इंजीनियर (मैकेनिकल) के 53 पद शामिल हैं।

ट्रेनी इंजीनियर के इन सभी पदों के लिए ऑनलाइन माध्यम से आवेदन प्रक्रिया 27 नवंबर की सुबह 10 बजे से शुरू हो जाएगी और अप्लाई करने की अंतिम तिथि 26 दिसंबर की शाम 5 बजे तक तय की गई है। ऐसे में जो पात्र और इच्छुक उम्मीदवार इन पदों पर नियुक्त होने के लिए एप्लीकेशन फॉर्म भरना चाहते हैं, वे एनएचपीसी लिमिटेड की आधिकारिक वेबसाइट पर संबंधित रिक्तियों के लिए आवेदन लिंक सक्रिय होने के बाद तय अंतिम तिथि तक या उससे पहले अपनी रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया पूरी कर सकते हैं।

आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों के पास किसी मान्यता प्राप्त संस्थान या विश्वविद्यालय से कम से कम 60 प्रतिशत अंकों के साथ निर्धारित विषय में फुल-टाइम बीई/बीटेक/बीएससी इंजीनियरिंग या पात्र एएमआईई होना चाहिए।

आवेदकों की अधिकतम आयु 30 वर्ष तय की गई है, जिसकी गणना आवेदन पत्र जमा करने की अंतिम तिथि यानी 26 दिसंबर 2026 के आधार पर की जाएगी। वहीं, आरक्षित श्रेणी से आने वाले अभ्यर्थियों को नियमानुसार अधिकतम आयु सीमा में छूट दी जाएगी।

योग्य अभ्यर्थियों का चयन गेट स्कोर के आधार पर शॉर्टलिस्टिंग, समूह चर्चा (ग्रुप डिस्कशन), व्यक्तिगत साक्षात्कार (पर्सनल इंटरव्यू), साइकोमेट्रिक असेसमेंट (यदि आवश्यक हो), दस्तावेज़ सत्यापन और अंतिम चयन के आधार पर किया जाएगा, जिसके बाद चयनित कैंडिडेट्स की सैलरी 50,000 से 1,60,000 रुपए के बीच प्रति माह होगी। इसके अतिरिक्त, अभ्यर्थियों को अन्य लाभ और भत्ते भी दिए जाएंगे।

आवेदन पत्र भरते समय उम्मीदवारों को अपने वर्ग के अनुसार निर्धारित आवेदन शुल्क का भुगतान ऑनलाइन माध्यम से करना होगा, जो सामान्य/ईडब्ल्यूएस/ओबीसी (नॉन-क्रीमी लेयर) के लिए 708 रुपए तय किया गया है। वहीं, एससी, एसटी, महिला उम्मीदवार, पीडब्ल्यूबीडी और पूर्व सैनिकों को रजिस्ट्रेशन फीस में छूट दी गई है।

--आईएएनएस

डीके/डीकेपी