नई दिल्ली, 20 अक्टूबर (आईएएनएस)। रणजी ट्रॉफी एलीट 2026-27 में मंगलवार को 6 टीमों ने जीत दर्ज की। इनमें तमिलनाडु की उत्तराखंड पर पारी और 66 रनों के अंतर से जीत चर्चा का विषय रही। आइए, मंगलवार को जीत दर्ज करने वाली टीमों के बारे में जानते हैं।
असम बनाम त्रिपुरा: गुवाहाटी के बरसापारा क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए एलीट ग्रुप-बी के इस मैच में असम ने 9 विकेट से जीत हासिल की। असम ने सिबसंकर रॉय (54) और स्वरूपम पुरकायस्थ (69) की अर्धशतकीय पारियों के दम पर 334 रन बनाए और त्रिपुरा को उसकी पहली पारी में 62 रन पर ढेर कर दिया।
त्रिपुरा फॉलोऑन खेलने को मजबूर हुई और अपनी दूसरी पारी में कप्तान मणिशंकर मुरासिंह (161) की शतकीय पारी के दम पर 307 रन बनाए। इस तरह असम को जीत के लिए सिर्फ 36 रन का टारगेट मिला, जिसे उसने 13.2 ओवरों में 1 विकेट गंवाकर हासिल कर लिया।
सर्विसेज बनाम बंगाल: दिल्ली के पालम ए स्टेडियम में खेले गए एलीट ग्रुप-सी के इस मैच को बंगाल ने 60 रन से अपने नाम किया। पुल्कित नागर ने 5 विकेट लेकर बंगाल को उसकी पहली पारी में सिर्फ 184 रन पर ढेर कर दिया था, लेकिन सर्विसेज अपनी पहली पारी में 122 रन पर सिमट गई।
बंगाल के पास 62 रन की बढ़त थी, जिसके बाद यह टीम दूसरी पारी में 146 रन पर सिमट गई। इस तरह सर्विसेज को जीत के लिए 209 रनों का टारगेट मिला, लेकिन बंगाल अपनी दूसरी पारी में 148 रन पर ऑलआउट हो गई।
तमिलनाडु बनाम उत्तराखंड: चेन्नई के एमए चिदंबरम स्टेडियम में खेले गए एलीट ग्रुप-डी के इस मैच में तमिलनाडु ने पारी और 66 रनों के अंतर से जीत हासिल की। उत्तराखंड को महज 134 रन पर समेटने के बाद तमिलनाडु ने अपनी पहली पारी में 313 रन बनाए। इस पारी में प्रदोष रंजन पॉल ने 136 रन जड़े।
तमिलनाडु के पास पहली पारी के आधार पर 179 रन की बढ़त थी। इस टीम ने उत्तराखंड को उसकी दूसरी पारी में 113 रन पर समेटकर पारी के अंतर से जीत हासिल की। इस दौरान कप्तान आर. साई किशोर ने 6 विकेट हासिल किए, जबकि शेष 4 विकेट एस. अजित राम के हाथ लगे।
बड़ौदा बनाम बिहार: वडोदरा के रिलायंस स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में बड़ौदा ने 10 विकेट से जीत हासिल की। एलीट ग्रुप-ए मुकाबले में बिहार को 166 रनों पर समेटने के बाद बड़ौदा ने प्रियांशु मोलिया (132) की शतकीय पारी के दम पर 416 रन बनाए।
बिहार ने दूसरी पारी में मंगल महरौर (138) के शतक के साथ 251 रन बनाए। बड़ौदा को जीत के लिए सिर्फ 2 रन का टारगेट मिला, जिसे टीम ने 1.1 ओवरों में हासिल कर लिया।
विदर्भ बनाम जम्मू और कश्मीर: श्रीनगर के शेर-ए-कश्मीर स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में विदर्भ ने 3 विकेट से जीत हासिल की। एलीट ग्रुप-ए के मैच में जम्मू-कश्मीर की टीम पहली पारी में सिर्फ 260 रनों पर सिमट गई थी। इसके जवाब में विदर्भ ने सलामी बल्लेबाज रविकुमार समर्थ (143) की शतकीय पारी के साथ 305 रन बनाए। जम्मू-कश्मीर को उसकी दूसरी पारी में 123 रन पर समेटने के बाद विदर्भ को जीत के लिए सिर्फ 79 रन का टारगेट मिला था, लेकिन इसे हासिल करने में टीम ने 7 विकेट गंवा दिए।
उत्तर प्रदेश बनाम गोवा: कानपुर के ग्रीन पार्क में उत्तर प्रदेश ने 68 रन से जीत दर्ज की। एलीट ग्रुप-ए के इस मुकाबले में उत्तर प्रदेश की टीम पहली पारी में रिंकू सिंह (नाबाद 118) की शतकीय पारी की मदद से 202 रन बना सकी, लेकिन इसके जवाब में गोवा 164 रन पर सिमट गई।
यूपी ने दूसरी पारी में 197 रन बनाए और गोवा को जीत के लिए 236 रन का टारगेट दिया, लेकिन कार्तिक यादव ने 5 विकेट लेकर गोवा को उसकी दूसरी पारी में सिर्फ 167 रन पर ढेर कर दिया।
--आईएएनएस
आरएसजी