नई दिल्ली, 7 फरवरी (आईएएनएस)। सीमा पर हुई एयर स्ट्राइक की वजह से पाकिस्तान और अफगानिस्तान के बीच राजनयिक रिश्ते सामान्य नहीं हैं। इस वजह से अफगानिस्तान की सरकार ने अपने खिलाड़ियों को पाकिस्तान की टी20 लीग, पाकिस्तान सुपर लीग (पीएसएल) में भाग लेने के लिए एनओसी देने से मना कर दिया है। इस वजह से अफगानिस्तान के विकेटकीपर बल्लेबाज रहमानुल्लाह गुरबाज ने पीएसएल से अपना नाम वापस ले लिया है।
अफगान सरकार द्वारा अपने खिलाड़ियों को पीएसएल के लिए एनओसी न देना, इस लीग के लिए बड़ा झटका है।
टेलीकॉम एशिया स्पोर्ट ने एक रिपोर्ट में कहा कि अफगान सरकार ने पिछले महीने दिसंबर में बॉर्डर पार अफगानिस्तान के मजबूत ठिकानों पर पाकिस्तान के एयर स्ट्राइक के बाद अपने खिलाड़ियों को पीएसएल में हिस्सा लेने की इजाजत नहीं देने का फैसला किया है। यह खबर उस दिन आई जब पेशावर जालमी ने रहमानुल्लाह गुरबाज को साइन करने की घोषणा की थी।
रिपोर्ट के मुताबिक, पीएसएल ने टीमों की सैलरी कैप बढ़ाकर 50 करोड़ कर दी है, जिससे यह खिलाड़ियों के लिए एक अच्छा ऑफर बन गया है। 26 मार्च से शुरू हो रहे 11वें एडिशन के लिए दो नई टीमें—हैदराबाद और सियालकोट—जोड़ी गई हैं। सभी टीमों को 11 फरवरी को होने वाले ऑक्शन से पहले चार रिटेंशन के साथ एक खिलाड़ी को सीधे साइन करने का अधिकार है। पीएसएल में पहली बार ऑक्शन होने वाला है।
पिछले साल हुई एयर स्ट्राइक में अपने तीन युवा खिलाड़ियों के मारे जाने के बाद अफगानिस्तान ने पाकिस्तान में आयोजित त्रिकोणीय सीरीज से नाम वापस ले लिया था।
अफगानिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने कहा कि एयर स्ट्राइक में तीन खिलाड़ियों कबीर आगा, सिबगतुल्लाह और हारून का निधन क्रिकेट परिवार के लिए बहुत बड़ा नुकसान है।
पाकिस्तान ने सवाल उठाया कि नेशनल टीम के लिए नहीं खेलने वाले ये तीन खिलाड़ी एक आतंकवादी अड्डे पर क्या कर रहे थे, जिस पर उन्होंने जानकारी मिलने पर हमला किया। यह हमला पक्तिका प्रांत के उर्गोन जिले में एक घर पर हुआ, जहां खिलाड़ी मैच के बाद खाना खा रहे थे।
पाकिस्तान ने इस बात से इनकार किया कि उसने आम लोगों या खिलाड़ियों पर हमला किया, लेकिन अफगानिस्तान ने इसे मानने से इनकार कर दिया है। दोनों देशों के बीच बातचीत भी हुई थी, जो पिछले साल नाकाम रही।
गुरबाज फ्रैंचाइज लीग में सबसे ज्यादा पसंद किए जाने वाले अफगान क्रिकेटरों में से एक हैं। गुरबाज इंडियन प्रीमियर लीग, बांग्लादेश प्रीमियर लीग, कैरेबियन प्रीमियर लीग, और आईएलटी20 में खेलते हैं। 24 साल के गुरबाज पीएसएल में तीन सीजन खेल चुके हैं। 2021 में उन्होंने मुल्तान सुल्तांस के लिए खेला था। 2022 और 2023 में वह इस्लामाबाद यूनाइटेड के लिए खेले थे।
एक सोशल मीडिया पोस्ट में, गुरबाज ने पीएसएल से हटने पर अफसोस जताया और इसे निजी कारणों से लिया फैसला बताया। टेलीकॉम एशिया रिपोर्ट ने कहा कि पीएसएल अधिकारियों ने इस बात से इनकार किया है कि गुरबाज ने लीग से नाम वापस लिया है।
--आईएएनएस
पीएके