'मन की बात' में जिस सोसाइटी का किया था पीएम मोदी ने जिक्र की उनसे मुलाकात

pm modi in malaysia

कुआलालंपुर, 7 फरवरी (आईएएनएस)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शनिवार को दो दिन के मलेशिया दौरे पर पहुंचे। पीएम मोदी ने इस यात्रा की झलक विभिन्न पोस्ट्स के जरिए दर्शाई है। पीएम मोदी लोगों से भी मिले जिनका जिक्र रेडियो कार्यक्रम मन की बात में किया था। प्रधानमंत्री मोदी ने इस मुलाकात पर प्रसन्नता व्यक्त की।

एक्स पोस्ट में पीएम ने लिखा कि मलेशिया इंडिया हेरिटेज सोसाइटी के एक ग्रुप से मिला। वे मलेशिया में भारतीय संस्कृति को लोकप्रिय बनाने में बहुत अच्छा काम कर रहे हैं। पिछले महीने मन की बात में भी मैंने उनके बारे में बात की थी। उन्होंने भारत और मलेशिया के बीच ऐतिहासिक जुड़ाव में संस्कृत की भूमिका पर एक किताब भेंट की।

इससे पहले प्रधानमंत्री का एयरपोर्ट पहुंचने पर उनके मलेशियाई समकक्ष पीएम अनवर इब्राहिम ने स्वागत किया।

एयरपोर्ट से ही दोनों प्रधानमंत्रियों ने एक ही कार में सवार होकर कुआलालंपुर में कम्युनिटी कार्यक्रम की ओर रवाना हुए। इस कार राइड ने दोनों नेताओं के बीच व्यक्तिगत रिश्ते और लोगों के बीच जुड़ाव को खास तौर पर उजागर किया। पीएम मोदी ने कार में बैठी एक तस्वीर पोस्ट करते हुए लिखा, 'भारत-मलेशिया लोगों के बीच जुड़ाव का जश्न ! पीएम अनवर इब्राहिम और मैं कुआलालंपुर में कम्युनिटी प्रोग्राम की ओर जा रहे हैं।' यह विशेष इशारा मलेशियाई पीएम द्वारा दिखाए गए भारत और भारतीय समुदाय के प्रति प्रेम व सम्मान को दर्शाता है।

अपने संबोधन में प्रधानमंत्री मोदी ने पीएम अनवर इब्राहिम की गायकी का भी जिक्र किया। पीएम मोदी ने कहा- मैंने सुना है कि मलेशिया में भारतीय संगीत और फिल्में काफी लोकप्रिय हैं। प्रधानमंत्री अनवर इब्राहिम बहुत अच्छा गाते हैं, लेकिन भारत में बहुत से लोगों को यह बात पहले नहीं पता थी। उनके पिछले भारत दौरे के दौरान जब उन्होंने एक पुराना हिंदी गीत गाया, तो उसके वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गए।

यह कम्युनिटी कार्यक्रम 'सेलामत दतंग मोदीजी' नाम से माइंस इंटरनेशनल एक्जीबिशन एंड कन्वेंशन सेंटर में आयोजित किया गया। भारतीय प्रवासियों की ओर से आयोजित इस कार्यक्रम में लगभग 800 डांसर्स ने लगातार पांच मिनट तक कोरियोग्राफ्ड डांस परफॉर्मेंस दी, जिसमें भारतीय शास्त्रीय और लोक नृत्यों की विभिन्न शैली दिखी।

--आईएएनएस

केआर/