एफएओ ने प्रधानमंत्री मोदी को 'एग्रीकोला मेडल' से नवाजा, देश में खुशी की लहर

एफएओ ने प्रधानमंत्री मोदी को 'एग्रीकोला मेडल' से नवाजा, देश में खुशी की लहर

नई दिल्ली, 21 मई (आईएएनएस)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को संयुक्त राष्ट्र के खाद्य एवं कृषि संगठन (एफएओ) के सर्वोच्च सम्मान ‘एग्रीकोला मेडल’ से सम्मानित किए जाने पर पद्मश्री भारत भूषण त्यागी ने प्रसन्नता व्यक्त की है।

भारत भूषण त्यागी ने समाचार एजेंसी आईएएनएस से बातचीत करते हुए कहा, “यह सम्मान देश के लिए गौरव की बात है। हम नए संकल्प के साथ आगे बढ़ेंगे, इसकी कल्पना इस सम्मान के साथ जुड़ी हुई है।”

उन्होंने आगे कहा, “मोटे अनाज को वैश्विक स्तर पर जो सम्मान मिला है, उसके लिए प्रधानमंत्री मोदी को साधुवाद। प्रधानमंत्री मोदी ने विश्व स्तर पर भारत का सम्मान बढ़ाया है। 2014 के बाद किसानों की आमदनी और गुणवत्ता पूर्ण उत्पादन में बड़ा काम हुआ है।”

उन्होंने कहा कि हर परिस्थिति में खाद्य सुरक्षा और अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर पहचान, ये गहरे मुद्दे थे, जिन पर काम किया गया है। इसके साथ ही कृषि में एक मौलिक परिवर्तन हुआ है। ये हमारे लिए बहुत ही गौरव की बात है, इससे देश के लोगों को फायदा हो रहा है।

इसके साथ ही किसान चाचा-किसान चाची ने भी खुशी जताई। मुजफ्फरपुर जिले के सरैया प्रखंड के अंतर्गत आनंदपुर गांव निवासी राजकुमारी देवी, जिन्हें पूरे देश में ‘किसान चाची’ के नाम से जाना जाता है, इनको वर्ष 2019 में पद्मश्री से सम्मानित किया गया था। उनके पति को 2007 में ‘किसान श्री’ सम्मान मिल चुका है। दोनों को ‘किसान चाचा-किसान चाची’ के नाम से जाना जाता है।

खेती किसानी में संघर्ष करते हुए अपनी अलग पहचान बनाने वाले इस दंपती ने अब हाथ से निर्मित अचार का सफल उद्योग स्थापित कर लिया है और ग्रामीण उद्यमिता का बेहतरीन उदाहरण पेश कर रहे हैं।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को संयुक्त राष्ट्र के खाद्य एवं कृषि संगठन (एफएओ) के सर्वोच्च कृषि सम्मान से नवाजे जाने पर किसान चाचा-किसान चाची ने प्रसन्नता जताते हुए कहा कि यह भारत की वैश्विक प्रतिष्ठा के लिए बहुत महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में भारत ने खाद्य सुरक्षा और कृषि क्षेत्र में बड़ी प्रगति की है तथा दुनिया अब भारत की कृषि नीतियों और मॉडल को पहचान रही है। यह सम्मान भारत के किसानों और कृषि क्षेत्र के लिए प्रेरणादायक है।

--आईएएनएस

एसएके/डीकेपी