आईपीएल 2026: गुजरात टाइटंस की 89 रन से दमदार जीत, 'प्लेऑफ' की रेस से बाहर चेन्नई सुपर किंग्स

आईपीएल 2026: गुजरात टाइटंस की 89 रन से दमदार जीत, 'प्लेऑफ' की रेस से बाहर चेन्नई सुपर किंग्स

अहमदाबाद, 21 मई (आईएएनएस)। चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके) इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2026 में प्लेऑफ की रेस से बाहर होने वाली तीसरी टीम बन गई है। गुरुवार को सीजन के 66वें मैच में सीएसके को गुजरात टाइटंस (जीटी) के खिलाफ 89 रन से करारी हार का सामना करना पड़ा।

सीएसके से पहले लखनऊ सुपर जायंट्स (एलएसजी) और मुंबई इंडियंस (एमआई) प्लेऑफ की रेस से बाहर हो गई थी, जबकि रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी), गुजरात टाइटंस (जीटी) और सनराइजर्स हैदराबाद (एसआरएच) प्लेऑफ का टिकट हासिल कर चुकी हैं।

चेन्नई सुपर किंग्स इस सीजन 14 में से सिर्फ 6 मैच ही अपने नाम कर सकी। 12 अंकों के साथ फिलहाल ये टीम प्वाइंट्स टेबल में 7वें पायदान पर है। वहीं, 14 में से 9 मुकाबले जीतकर गुजरात टाइंट्स ने दूसरे पायदान पर मजबूती हासिल कर ली है। इस टीम के पास 18 अंक हैं।

नरेंद्र मोदी स्टेडियम में टॉस गंवाकर बल्लेबाजी के लिए उतरी गुजरात टाइटंस ने टॉप ऑर्डर के बल्लेबाजों के शानदार प्रदर्शन की बदौलत 4 विकेट खोकर 229 रन बनाए। इस टीम को कप्तान शुभमन गिल और साईं सुदर्शन की सलामी जोड़ी ने शानदार शुरुआत दिलाई।

दोनों खिलाड़ियों ने 74 गेंदों में 125 रन की साझेदारी की। गिल 37 गेंदों में 3 छक्कों और 7 चौकों के साथ 64 रन बनाकर आउट हुए, जिसके बाद सुदर्शन ने जोस बटलर के साथ दूसरे विकेट के लिए 36 गेंदों में 82 रन जुटाकर टीम को 207 के स्कोर तक पहुंचाया।

19वें ओवर की दूसरी गेंद पर सुदर्शन आउट हुए, जिन्होंने 53 गेंदों में 4 छक्कों और 7 चौकों के साथ 84 रन की पारी खेली। अगली गेंद पर टीम ने राहुल तेवतिया (0) का विकेट गंवा दिया।

यहां से जोस बटलर ने 27 गेंदों में 57 रन की नाबाद पारी खेलकर टीम को विशाल स्कोर तक पहुंचाया। विपक्षी खेमे से मुकेश चौधरी, स्पेंसर जॉनसन और अंशुल कंबोज ने 1-1 विकेट अपने नाम किया।

इसके जवाब में चेन्नई सुपर किंग्स 13.4 ओवरों में 140 रन पर सिमट गई। इस टीम को पहली ही गेंद पर संजू सैमसन (0) के रूप में बड़ा झटका लग गया। इसके बाद कप्तान ऋतुराज गायकवाड़ ने मैथ्यू शॉर्ट के साथ दूसरे विकेट के लिए 13 गेंदों में 29 रन की साझेदारी करते हुए टीम को संभालने की कोशिश की, लेकिन कप्तान के आउट होने के बाद टीम बिखर गई।

गायकवाड़ ने 16 रन का योगदान सीएसके के खाते में दिया, जबकि शॉर्ट ने 14 गेंदों में 1 छक्के और 3 चौकों के साथ 24 रन की पारी खेली। इनके अलावा, कार्तिक शर्मा ने 19 रन बनाए।

टीम ने 63 के स्कोर तक अपने 5 विकेट खो दिए थे। यहां से शिवम दुबे ने देवाल्ड ब्रेविस (8) के साथ 21 गेंदों में 53 रन की साझेदारी की, लेकिन टीम को जीत नहीं दिला सके। दुबे 17 गेंदों में 4 छक्कों और इतने ही चौकों के साथ 47 रन बनाकर आउट हुए। विपक्षी खेमे से मोहम्मद सिराज, कगिसो रबाडा और राशिद खान ने 3-3 विकेट हासिल किए।

--आईएएनएस

आरएसजी