नई दिल्ली, 23 मार्च (आईएएनएस)। भारतीय क्रिकेट टीम में जगह बनाना और लंबे समय के लिए उस जगह को बरकरार रखना हर खिलाड़ी के लिए संभव नहीं हो पाता। कभी फॉर्म की वजह से, कभी फिटनेस की वजह से, तो कभी किसी और कारण से कई प्रतिभावान खिलाड़ी भी टीम इंडिया के साथ लंबी पारी नहीं खेल पाते हैं। ऐसे खिलाड़ियों में ऑलराउंडर क्रुणाल पांड्या का नाम प्रमुखता से लिया जाता है।
क्रुणाल जैसे क्षमतावान खिलाड़ियों के लिए आईपीएल एक बड़े प्लेटफॉर्म के रूप में उभरा है, जहां उन्हें अपनी प्रतिभा दिखाने के साथ ही दौलत और शोहरत कमाने का भी भरपूर मौका मिलता है।
24 मार्च 1991 को अहमदाबाद, गुजरात में जन्मे क्रुणाल पांड्या का बचपन काफी संघर्ष में बीता है। अपने भाई हार्दिक पांड्या के साथ क्रिकेट करियर के शुरुआती दिनों में उन्हें आर्थिक दिक्कतों का सामना करना पड़ा था, लेकिन देश के लिए खेलने और क्रिकेट में बड़ी सफलता हासिल करने का हौसला उन्होंने कभी नहीं छोड़ा। बाएं हाथ के बल्लेबाज और बाएं हाथ से स्पिन गेंदबाजी करने वाले क्रुणाल ने घरेलू क्रिकेट में बड़ौदा के लिए 2013 में टी20 में, 2014 में लिस्ट ए में और 2016 में प्रथम श्रेणी क्रिकेट में डेब्यू किया था।
गेंदबाजी और बल्लेबाजी दोनों में प्रभावी प्रदर्शन करने वाले इस खिलाड़ी को 2016 में मुंबई इंडियंस ने अपने साथ जोड़ लिया और यहीं से उनकी किस्मत बदल गई। वह 2021 तक इस टीम का हिस्सा रहे। पांड्या ने मुंबई इंडियंस की 2017, 2019, और 2020 की खिताबी जीत में अहम भूमिका निभाई। 2022 से 2024 के बीच वह लखनऊ सुपर जायंट्स (एलएसजी) का हिस्सा रहे।
2025 में वह रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) से जुड़े। क्रुणाल ने आरसीबी के साथ पहले सीजन में ही अपने शानदार प्रदर्शन की बदौलत टीम को पहला खिताब दिलाने में अहम भूमिका निभाई थी। आईपीएल 2025 में आरसीबी के लिए 109 रन बनाने के अलावा 17 विकेट उन्होंने लिए थे।
एलएसजी की कप्तानी कर चुके क्रुणाल के आईपीएल करियर पर नजर डालें तो अब तक खेले 142 मैचों में 2 अर्धशतक की बदौलत उन्होंने 1,756 रन बनाए हैं। क्रुणाल निचले क्रम में बल्लेबाजी के लिए आते हैं, इसलिए अक्सर उन्हें बल्लेबाजी का मौका कम मिलता है। वहीं गेंदबाजी की बात करें तो बाएं हाथ से स्पिन गेंदबाजी करने वाले इस खिलाड़ी ने 93 विकेट लिए हैं। क्रुणाल एक बेहतरीन क्षेत्ररक्षक भी हैं और कुल 52 कैच ले चुके हैं।
क्रुणाल ने भारतीय टीम के लिए 2018 में डेब्यू किया था और 25 जुलाई 2021 को अपना आखिरी अंतरराष्ट्रीय मैच खेला था। इस दौरान उन्होंने टीम इंडिया के लिए 5 वनडे और 19 टी20 खेले। वनडे में 130 रन और 2 विकेट उनके नाम हैं, जबकि टी20 की 10 पारियों में 126 रन और 15 विकेट उन्होंने लिए हैं।
क्रुणाल की भारतीय टीम में वापसी होगी या नहीं, इस पर कोई स्पष्टता नहीं है, लेकिन उनका आईपीएल करियर शानदार चल रहा है और आरसीबी चाहेगी कि आईपीएल 2026 में टीम के लिए खिताब को डिफेंड करने में वह अपनी बड़ी भूमिका निभाएं।
--आईएएनएस
पीएके