सेंचुरियन, 24 नवंबर (आईएएनएस)। साउथ अफ्रीका ने बांग्लादेश के खिलाफ सुपर स्पोर्ट पार्क में जारी दूसरे और निर्णायक टेस्ट मैच में मजबूत पकड़ बना ली है। मेहमान टीम को पहली पारी में सिर्फ 91 रन पर समेटने के बाद साउथ अफ्रीका ने दूसरे दिन की समाप्ति तक 7 विकेट खोकर 494 रन बना लिए हैं। यहां से साउथ अफ्रीका के पास 403 रन की विशाल बढ़त है।
सेंचुरियन में बारिश के कारण मैच काफी देरी से शुरू हुआ। टॉस गंवाकर बल्लेबाजी करने उतरी बांग्लादेशी टीम पहली पारी में महज 91 रन पर सिमट गई। यह सेंचुरियन में बांग्लादेश का टेस्ट पारी में न्यूनतम स्कोर का रिकॉर्ड भी बन गया।
मेहमान टीम से मोमिनुल हक ने 18, महफिजुल इस्लाम ने 23 और तौहीद हिरदॉय ने 19 रन बनाए। साउथ अफ्रीका के लिए कगिसो रबाडा और मार्को जानसेन ने 3-3 विकेट झटके, जबकि एनरिक नॉर्त्जे को 2 सफलताएं मिलीं।
इसके जवाब में साउथ अफ्रीकी टीम ने 115 ओवरों में 7 विकेट खोकर 494 रन बना लिए। मार्केस एकरमैन ने कप्तान एडेन मार्करम के साथ सलामी जोड़ी के रूप में 49 रन की साझेदारी की। मार्करम 5 चौकों के साथ 21 रन बनाकर आउट हुए, जिसके बाद एकरमैन ने जुबैर हमजा के साथ दूसरे विकेट के लिए 96 रन जोड़े।
जुबैर हमजा 3 चौकों के साथ 27 रन बनाकर आउट हुए। इसके बाद एकरमैन ने टोनी डी जोरजी के साथ तीसरे विकेट के लिए 74 रन की साझेदारी करते हुए टीम को 200 के पार पहुंचा दिया। एकरमैन 138 गेंदों में 4 छक्कों और 23 चौकों की मदद से 150 रन की पारी खेली।
एकरमैन के आउट होने के बाद टोनी डी जोरजी ने मोर्चा संभाला। उन्होंने मैथ्यू ब्रीत्जके (20) के साथ चौथे विकेट के लिए 34 रन, जबकि रयान रिकेल्टन (20) के साथ पांचवें विकेट के लिए 43 रन जोड़कर टीम को 296 के स्कोर तक पहुंचाया। इसके बाद जोरजी ने वियान मुल्डर के साथ छठे विकेट के लिए 92 रन जुटाए।
इस टीम को 388 के स्कोर पर जोरजी के रूप में छठा झटका लगा, जो 137 गेंदों में 7 चौकों के साथ 66 रन बनाकर आउट हुए। इसके बाद मार्को जानसेन ने मोर्चा संभाल लिया। जानसेन ने वियान मुल्डर के साथ सातवें विकेट के लिए 106 रन जुटाते हुए टीम को 500 के करीब पहुंचा दिया।
मुल्डर 12 चौकों और 2 छक्कों के साथ 100 रन बनाकर आउट हुए, जबकि मार्को जानसेन दिन की समाप्ति तक 7 बाउंड्री की मदद से 67 रन बना चुके हैं। बांग्लादेश की तरफ से शोरिफुल इस्लाम और खालिद अहमद 2-2 विकेट अपने नाम कर चुके हैं, जबकि तस्किन अहमद, इबादत हुसैन और तौहीद हिरदॉय ने 1-1 विकेट झटका है।
--आईएएनएस
आरएसजी