कब खत्म होगा कोलकाता और मुंबई का इंतजार? ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ दो दशक पहले हुआ था आखिरी टेस्ट

कब खत्म होगा कोलकाता और मुंबई का इंतजार? ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ दो दशक पहले हुआ था आखिरी टेस्ट

नई दिल्ली, 26 मार्च (आईएएनएस)। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने टीम इंडिया के घरेलू सत्र (2026-27) के शेड्यूल का ऐलान कर दिया है। ऑस्ट्रेलिया क्रिकेट टीम अगले साल की शुरुआत में 5 टेस्ट मैचों की बॉर्डर-गावस्कर सीरीज के लिए भारत दौरे पर आएगी। ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ होने वाले 5 टेस्ट मैचों के लिए वेन्यू का ऐलान कर दिया गया है। इसमें कोलकाता के ईडन गार्डन और मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम का नाम नहीं है।

भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच टेस्ट मैच, चाहे भारत में हो या फिर ऑस्ट्रेलिया में, हमेशा रोमांचक होता है। दोनों देशों के बीच भारत में जब भी टेस्ट मैच खेला जाता है, तो हर बड़ा शहर जहां अंतरराष्ट्रीय मैच खेले जाते हैं, वहां के दर्शक उम्मीद करते हैं कि उनके शहर को मेजबानी मिले। बीसीसीआई कोशिश भी करती है कि हर शहर को मेजबानी का मौका मिले, लेकिन ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ कोलकाता के ईडन गार्डन और मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में टेस्ट के आयोजन को लेकर बीसीसीआई उदासीन रही है।

कोलकाता के ईडन गार्डन में भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच आखिरी मुकाबला 2001 में हुआ था। वीवीएस लक्ष्मण, राहुल द्रविड़ की यादगार बल्लेबाजी और हरभजन सिंह, सचिन तेंदुलकर की दमदार गेंदबाजी की बदौलत भारत ने उस मैच में फॉलोऑन खेलने के बाद ऐतिहासिक जीत दर्ज की थी। भारत की यह जीत टेस्ट क्रिकेट इतिहास में स्वर्णिम अक्षरों में दर्ज है। इस मैच के बाद ऑस्ट्रेलिया कई बार टेस्ट सीरीज के लिए भारत दौरे पर आई लेकिन ईडन गार्डन में एक भी मैच नहीं हुआ, यह सोचनीय है।

यही हाल मुंबई के वानखेड़े स्टेडिमय का है। भारत और ऑस्ट्रेलिया आखिरी बार 2004 में इस स्टेडियम में भिड़े थे। मुरली कार्तिक की बेहतरीन गेंदबाजी के दम पर भारत ने कम स्कोर वाले इस मैच में 13 रन से जीत दर्ज की थी। यह जीत ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ टेस्ट में मिली रोमांचक जीतों में से एक है।

कोलकाता का ईडन गार्डन और मुंबई का वानखेड़े स्टेडियम भारतीय क्रिकेट में ऐतिहासिक महत्व रखते हैं और भारतीय क्रिकेट के विकास के गवाह रहे हैं। ऐसे में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ टेस्ट मैच से इन दोनों वेन्यू को दूर रखना कहीं न कहीं इस स्टेडियम के साथ ही यहां के दर्शकों के साथ भी नाइंसाफी है। बीसीसीआई को इस संबंध में निश्चित रूप से सोचना चाहिए।

बॉर्डर-गावस्कर सीरीज-2027 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ पहला टेस्ट 21 से 25 जनवरी (नागपुर), दूसरा टेस्ट 29 जनवरी से 2 फरवरी (चेन्नई), तीसरा टेस्ट 11 से 15 फरवरी (गुवाहाटी), चौथा टेस्ट 19 से 23 फरवरी (रांची) और पांचवां टेस्ट 27 फरवरी से 3 मार्च तक (अहमदाबाद) खेला जाएगा।

--आईएएनएस

पीएके