न्यू चंडीगढ़, 28 अप्रैल (आईएएनएस)। पंजाब किंग्स (पीबीकेएस) की तरफ से खेलते हुए मार्कस स्टोइनिस ने महज 22 गेंदों में 6 छक्कों और 4 चौकों के साथ 62 रन की नाबाद पारी खेली। मार्कस स्टोइनिस ने 19वें ओवर में 2 छक्कों के साथ 14 रन अपने खाते में जोड़े। 20वें ओवर की अंतिम 5 गेंदों पर बाउंड्री (3 चौके और 2 छक्के) लगाते हुए उन्होंने इस ओवर से 24 रन जोड़े।
आईपीएल इतिहास में मार्कस स्टोइनिस 19-20 ओवरों के बीच 179 गेंदों का सामना कर चुके हैं, जिसमें 255.86 की स्ट्राइक रेट के साथ 458 रन बनाए। इस दौरान उन्होंने 43 चौके और 35 छक्के लगाए।
मंगलवार को महाराजा यादवेन्द्र सिंह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में जारी इस मुकाबले में टॉस गंवाकर बल्लेबाजी के लिए उतरी पंजाब किंग्स की टीम ने 4 विकेट खोकर 222 रन बनाए। सलामी जोड़ी के रूप में प्रभसिमरन सिंह ने प्रियांश आर्य के साथ 2.5 ओवरों में 37 रन की साझेदारी की।
प्रियांश 11 गेंदों में 29 रन बनाकर पवेलियन लौटे, जिसके बाद प्रभसिमरन ने कूपर कोनोली के साथ दूसरे विकेट के लिए 33 गेंदों में 59 रन जोड़े। कूपर ने 14 गेंदों में 30 रन का योगदान टीम के खाते में दिया।
प्रभसिमरन ने कप्तान श्रेयस अय्यर के साथ तीसरे विकेट के लिए 34 गेंदों में 48 रन जुटाए। प्रभसिमरन 44 गेंदों में 1 छक्के और 6 चौकों के साथ 59 रन बनाकर आउट हुए। यहां से कप्तान अय्यर ने मार्कस स्टोइनिस के साथ चौथे विकेट के लिए 24 गेंदों में 37 रन जोड़े। अय्यर ने 27 गेंदों में 30 रन जुटाए।
इस टीम ने 18 ओवरों तक 181 के स्कोर पर 4 विकेट गंवा दिए थे। यहां से मार्कस स्टोइनिस ने सूर्यांश हेगड़े के साथ पांचवें विकेट के लिए 12 गेंदों में 41 रन की अटूट साझेदारी करते हुए टीम को विशाल स्कोर तक पहुंचाया। विपक्षी खेमे से यश राज ने 2 विकेट निकाले। जोफ्रा आर्चर और नंद्रे बर्गर ने 1-1 विकेट हासिल किया।
--आईएएनएस
आरएसजी