भारत ने फ्रांस में भारतीयों के लिए एडवाइजरी जारी की, हिंसक विरोध प्रदर्शनों के बीच सतर्क रहने की अपील

भारत ने फ्रांस में भारतीयों के लिए एडवाइजरी जारी की, हिंसक विरोध प्रदर्शनों के बीच सतर्क रहने की अपील

पेरिस, 21 अक्टूबर (आईएएनएस)। फ्रांस में भारतीय दूतावास ने बुधवार को यात्रा और सुरक्षा एडवाइजरी जारी की है, जिसमें अपने नागरिकों और पश्चिमी यूरोपीय देश की यात्रा करने वालों से सतर्क रहने का आग्रह किया गया। फ्रांस में बीते कुछ दिनों में जीवन-यापन लागत को लेकर प्रदर्शन शुरू हुआ, जो देखते ही देखते हिंसक झड़पों में बदल गया। इसके बाद भारतीय दूतावास ने ये एडवाइजरी जारी की है।

झड़पें सितंबर 2026 के अंत में स्कूलों की खराब स्थिति और शिक्षकों की कमी को लेकर शुरू हुई थीं। यह आंदोलन तेजी से बढ़ती जीवन लागत, ईंधन की ऊंची कीमतों, सार्वजनिक क्षेत्र में बजट कटौती और राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों के प्रशासन के प्रति सामान्य निराशा से प्रेरित राष्ट्रव्यापी सरकार विरोधी प्रदर्शनों में बदल गया।

यह अलर्ट लगातार हो रहे प्रदर्शनों, स्थानीय कर्फ्यू और क्षेत्र भर में संभावित परिवहन रुकावटों के बाद आया। भारतीय दूतावास ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर जारी एक बयान में कहा कि फ्रांस में रहने वाले या वहां आने वाले भारतीय नागरिकों को सावधानी बरतने की सलाह दी जाती है, खासकर भीड़-भाड़ वाले इलाकों या प्रदर्शन वाले स्थानों पर।फ्रांस में विरोध प्रदर्शनों और नागरिक अशांति के कारण स्थानीय कर्फ्यू लगा है और सड़क यात्रा और सार्वजनिक परिवहन में संभावित देरी या कटौती हो सकती है।

यात्रियों और निवासियों को स्थानीय फ्रांसीसी अधिकारियों, फ्रेंच प्रीफेक्चर ऑफ पुलिस और फ्रांस में भारतीय दूतावास के एक्स अकाउंट पर आधिकारिक बयानों से अपडेट पर नजर रखने की सलाह दी गई है।

बयान में कहा गया, "फ्रांस की यात्रा करने या फ्रांस के भीतर यात्रा की योजना बना रहे लोगों को रीयल-टाइम शेड्यूल में बदलाव के लिए अपनी एयरलाइंस या ट्रैवल एजेंसियों के सीधे संपर्क में रहने की सलाह दी जाती है।"

फ्रांस में भारतीय दूतावास ने अपने आधिकारिक एक्स अकाउंट पर लिखा, "फ्रांस में हाल के घटनाक्रमों और लगाए गए स्थानीय कर्फ्यू को देखते हुए कृपया सतर्क रहें और उचित सावधानी बरतें। कृपया बड़ी सभाओं और भीड़-भाड़ वाली जगहों से बचें जहां विरोध प्रदर्शन हो रहे हैं, और स्थानीय फ्रांसीसी अधिकारियों द्वारा जारी निर्देशों और एडवाइजरी का पालन करें। कृपया स्थानीय समाचारों के माध्यम से भी सूचित रहें, आधिकारिक अपडेट फॉलो करें और सार्वजनिक परिवहन में व्यवधान की जानकारी चेक करें। किसी भी आपात स्थिति में भारतीय नागरिक फ्रांस में भारतीय दूतावास के मेल और फोन नंबर पर संपर्क कर सकते हैं।"

न्यूज एजेंसी सिन्हुआ के अनुसार, फ्रांस सरकार ने शनिवार के लिए घोषित नए सामाजिक प्रदर्शनों में हिंसा को रोकने के लिए अपनी पूरी ताकत लगाने का संकल्प लिया है, जब 17 अक्टूबर को देश भर में हुए दंगों में व्यापक तबाही हुई और हजारों गिरफ्तारियां हुईं।

फ्रांस के राष्ट्रपति मैक्रों ने बुधवार को मीडिया को बताया कि सरकार ऐसी हिंसक घटनाओं को दोबारा होने से रोकने के लिए सभी उपलब्ध कानूनी उपायों का इस्तेमाल करेगी।

फ्रांसीसी टीवी चैनल बीएफएम टीवी ने बताया कि कतर की यात्रा के दौरान पत्रकारों से बात करते हुए राष्ट्रपति मैक्रों ने 24 अक्टूबर को निर्धारित प्रदर्शनों के नए दौर से पहले फ्रांसीसी सरकार के संकल्प पर जोर दिया।

आपातकाल की स्थिति घोषित करने की कुछ राजनेताओं की मांग पर फ्रांसीसी राष्ट्रपति ने कहा कि इस स्तर पर ऐसा कदम जरूरी नहीं है, हालांकि बाद में जरूरत पड़ने पर इसे लागू किया जा सकता है।

फ्रांस ने 17 अक्टूबर के दंगों के बाद कई शहरों में लक्षित कर्फ्यू लगाया था और प्रधानमंत्री सेबेस्टियन लेकोर्नू ने मंगलवार को कहा कि इससे सोमवार रात शांति बनाए रखने में मदद मिली।

--आईएएनएस

केके/डीकेपी