एशियन पैरा गेम्स: पीएम मोदी ने भारतीय पदक विजेताओं को सराहा, बोले-आगे के खेल सफर के लिए बहुत-बहुत शुभकामनाएं

एशियन पैरा गेम्स: पीएम मोदी ने भारतीय पदक विजेताओं को सराहा, बोले-आगे के खेल सफर के लिए बहुत-बहुत शुभकामनाएं

नई दिल्ली, 21 अक्टूबर (आईएएनएस)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार को 'एशियन पैरा गेम्स 2026' में पदक जीतने वाले भारतीय एथलीट्स को बधाई देते हुए दृढ़ संकल्प, निरंतरता और खेल में उत्कृष्टता के प्रति उनके समर्पण की सराहना की। इसी के साथ पीएम ने उन्हें आगे के खेल सफर के लिए बहुत-बहुत शुभकामनाएं भी दीं। भारत कुल 62 मेडल (14 गोल्ड, 22 सिल्वर और 26 ब्रॉन्ज) के साथ मेडल टैली में पांचवें स्थान पर है।

पुरुषों की हाई जंप टी64 स्पर्धा में गोल्ड जीतने वाले प्रवीण कुमार की तारीफ में पीएम मोदी ने कहा, "एशियन पैरा गेम्स में प्रवीण कुमार की सफलता का सिलसिला जारी है। एक शानदार छलांग के साथ उन्होंने पुरुषों की हाई जंप टी64 स्पर्धा में अपना गोल्ड मेडल सफलतापूर्वक बरकरार रखा और अपना ही रिकॉर्ड तोड़ दिया। यह असाधारण उपलब्धि उनके निरंतर प्रदर्शन, खेल कौशल और उत्कृष्टता पाने की अटूट लगन को दर्शाती है। एक बार फिर देश का मान बढ़ाने के लिए प्रवीण को हार्दिक बधाई।"

पीएम ने पैरा एथलीट आयुष वर्मा की तारीफ में कहा, "एशियन पैरा गेम्स 2026 में पुरुषों की शॉट पुट एफ53 स्पर्धा में बेहतरीन थ्रो के साथ गोल्ड मेडल जीतने पर आयुष वर्मा को बधाई। शॉट पुट में स्वर्ण और जैवलिन थ्रो में कांस्य पदक के साथ आयुष ने अपने पहले एशियन पैरा गेम्स अभियान का समापन दो पदकों के साथ किया है। यह वास्तव में उनकी प्रतिभा, बहुमुखी प्रतिभा और दृढ़ संकल्प का शानदार प्रदर्शन है। उनके आगे के खेल सफर के लिए बहुत-बहुत शुभकामनाएं।"

पुरुषों की 100 मीटर टी35 स्पर्धा में ब्रॉन्ज जीतने वाले अनुभव चौधरी की तारीफ में पीएम मोदी ने कहा, "एक यादगार शुरुआत और अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन। अनुभव चौधरी ने एशियन पैरा गेम्स में शानदार शुरुआत की है। उन्होंने पुरुषों की 100 मीटर टी35 स्पर्धा में बेहतरीन समय निकालते हुए ब्रॉन्ज मेडल जीता है। इस शानदार उपलब्धि के लिए उन्हें बधाई। उम्मीद है कि उनके खेल करियर में आगे और भी कई मील के पत्थर स्थापित होंगे।"

वहीं, महिलाओं की पैरा कंपाउंड डबल्स स्पर्धा में सिल्वर जीतने पर उन्होंने शीतल देवी और पायल नाग को बधाई देते हुए कहा, "टीम वर्क और खेल कौशल का बेहतरीन प्रदर्शन। एशियन पैरा गेम्स 2026 में महिलाओं की पैरा कंपाउंड डबल्स स्पर्धा में सिल्वर मेडल जीतने पर शीतल देवी और पायल नाग को बधाई। दोनों खिलाड़ियों ने देश का मान बढ़ाया है। उनके भविष्य के प्रयासों के लिए मेरी शुभकामनाएं।"

पीएम ने बंटी को हाई जंप में सिल्वर मेडल जीतने पर बधाई दी। उन्होंने कहा, "यह जानकर बहुत खुशी हुई कि बंटी ने एशियन पैरा गेम्स 2026 में पुरुषों की हाई जंप टी64 स्पर्धा में सिल्वर मेडल जीता है। उन्होंने बेहतरीन क्षमता और दृढ़ संकल्प दिखाया है। उम्मीद है कि यह सफलता उन्हें और अधिक आत्मविश्वास देगी, जिससे वे आने वाले वर्षों में और ऊंचे लक्ष्य तय कर सकें और बड़ी उपलब्धियां हासिल कर सकें।"

पुरुषों की 100 मीटर टी37 स्पर्धा में ब्रॉन्ज मेडल जीतने पर उन्होंने राकेश की तारीफ में कहा, "राकेशभाई भट्ट की शानदार दौड़। एशियन पैरा गेम्स 2026 में पुरुषों की 100 मीटर टी37 स्पर्धा में ब्रॉन्ज मेडल जीतने पर हमें उन पर बहुत गर्व है। उन्होंने अपना अब तक का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया है। उनकी गति, फोकस और समर्पण ने उन्हें पोडियम पर एक हकदार जगह दिलाई है। उनके भविष्य के प्रयासों के लिए बहुत-बहुत शुभकामनाएं।"

पुरुषों के शॉट पुट एफ46 इवेंट गोल्ड जीतने वाले सचिन की सराहना करते हुए पीएम मोदी ने कहा, "एक बेहतरीन चैंपियन। सचिन खिलाड़ी ने एशियन पैरा गेम्स 2026 में पुरुषों के शॉट पुट एफ46 इवेंट में एक बार फिर जीत हासिल की है। उन्होंने अपने सीजन के सर्वश्रेष्ठ थ्रो के साथ अपना गोल्ड मेडल बरकरार रखा है। अपने खिताब को सफलतापूर्वक बचाना और पोडियम पर तीनों स्थानों पर भारतीयों का कब्जा सुनिश्चित करना, वाकई एक असाधारण उपलब्धि है। उनका लगातार अच्छा प्रदर्शन, दृढ़ संकल्प और खेल में निरंतर उत्कृष्टता सचमुच प्रेरणादायक है। सचिन को उनके खेल सफर के इस शानदार अध्याय के लिए बहुत-बहुत बधाई।"

पीएम मोदी ने पुरुषों के शॉट पुट एफ46 इवेंट में सिल्वर जीतने वाले मोहम्मद यासर की तारीफ करते हुए कहा, "मोहम्मद यासर ने एशियन पैरा गेम्स में शानदार प्रगति की है। उन्होंने पुरुषों के शॉट पुट एफ46 इवेंट में अपने सीजन के सर्वश्रेष्ठ थ्रो के साथ सिल्वर मेडल जीता है। पिछले गेम्स से लेकर अब तक का उनका सफर, उनके वर्षों के धैर्य, कड़ी मेहनत और लगातार बेहतर करने के दृढ़ संकल्प को दर्शाता है। मोहम्मद यासर को इस बेहतरीन प्रदर्शन के लिए बधाई और भविष्य के प्रयासों के लिए शुभकामनाएं।"

पुरुषों के शॉट पुट एफ46 इवेंट में ब्रॉन्ज जीतने वाले परवीन की तारीफ में पीएम ने कहा, "परवीन ने एशियन पैरा गेम्स 2026 में पुरुषों के शॉट पुट एफ46 इवेंट में अपने सीजन के बेहतरीन थ्रो के साथ ब्रॉन्ज मेडल जीतकर हमें गौरवान्वित किया है। उनका समर्पण और जुनून काबिले तारीफ है। उम्मीद है कि यह सफलता उन्हें भविष्य में और भी बड़े मुकाम हासिल करने के लिए प्रेरित करेगी।"

प्रधानमंत्री मोदी ने भाग्यश्री जाधव को एशियन पैरा खेलों में महिला शॉट पुट एफ34 स्पर्धा में शानदार थ्रो और अपने सर्वश्रेष्ठ व्यक्तिगत प्रदर्शन के साथ रजत पदक जीतकर एक बार फिर भारत को गौरवान्वित करने पर बधाई दी। उन्होंने कहा, "एशियन पैरा गेम्स में एक और सिल्वर मेडल और एक नया पर्सनल बेस्ट। भाग्यश्री जाधव ने एक बार फिर भारत का मान बढ़ाया है। उन्होंने महिलाओं के शॉट पुट एफ34 इवेंट में एक शानदार थ्रो के साथ सिल्वर मेडल जीता है। पिछले गेम्स के मुकाबले अपने प्रदर्शन में सुधार करते हुए उन्होंने बेहतरीन निरंतरता और लगातार बेहतर करने का जज्बा दिखाया है। इस शानदार सफलता के लिए भाग्यश्री को बधाई। उनका धैर्य सचमुच प्रेरणादायक है।"

पुरुषों के जैवलिन थ्रो एफ12/एफ13 इवेंट सिल्वर मेडलिस्ट मनजीत की तारीफ में पीएम ने कहा, "मनजीत का प्रगति का सफर वाकई शानदार रहा है। पिछले एशियन पैरा गेम्स में चौथे स्थान पर रहने से लेकर 2026 में सिल्वर मेडल जीतने तक, उन्होंने पुरुषों के जैवलिन थ्रो एफ12/एफ13 इवेंट में जबरदस्त तरक्की की है। उन्हें बहुत-बहुत बधाई। उनकी यह सफलता उनकी कड़ी मेहनत, महत्वाकांक्षा और समर्पण को दर्शाती है। उम्मीद है कि वह आगे भी इसी तरह भारत को गौरवान्वित करते रहेंगे।"

कस्तूरी राजामणि ने देश के लिए सिल्वर मेडल हासिल किया। उनकी तारीफ में पीएम मोदी ने कहा, "भारतीय पैरा पावरलिफ्टिंग के लिए एक ऐतिहासिक उपलब्धि। कस्तूरी राजामणि ने एशियन पैरा गेम्स 2026 में महिलाओं के 67 किलोग्राम इवेंट में शानदार लिफ्ट के साथ सिल्वर मेडल जीता है। इस कैटेगरी में यह भारत का पहला मेडल है। उनकी लगन और बेहतरीन प्रदर्शन के प्रति उनके समर्पण ने इस उपलब्धि को वाकई खास बना दिया है। कस्तूरी को बधाई।"

देश के लिए दो सिल्वर जीतने वालीं प्रीति पाल की तारीफ में पीएम मोदी ने कहा, "दो रेस, दो सिल्वर मेडल। प्रीति पाल ने एशियन पैरा गेम्स 2026 में एक और शानदार प्रदर्शन करते हुए अपने सफर को यादगार बना दिया। इस बार उन्होंने महिलाओं की 100 मीटर टी35 स्पर्धा में सिल्वर मेडल जीता। 100 मीटर और 200 मीटर दोनों में उनकी सफलता उनकी जबरदस्त प्रगति, असाधारण गति और अटूट संकल्प को दर्शाती है। प्रीति ने दिखा दिया है कि लगातार कोशिश और खुद पर विश्वास रखकर क्या कुछ हासिल किया जा सकता है। भारत उनकी इन उपलब्धियों का जश्न मना रहा है।"

रवि रोंगाली की तारीफ में पीएम मोदी ने कहा, "रवि रोंगाली की एक और शानदार उपलब्धि। एशियन पैरा गेम्स 2026 में पुरुषों की शॉट पुट एफ40 स्पर्धा में ब्रॉन्ज मेडल जीतने पर उन्हें बधाई। अंतरराष्ट्रीय मंच पर उनकी लगातार सफलता खेल के प्रति उनके समर्पण और प्रतिबद्धता को दिखाती है।"

दिलीप गावित ने पुरुषों की 100 मीटर टी47 स्पर्धा में गोल्ड जीता। उनकी तारीफ में पीएम मोदी ने कहा, "दिलीप गावित ने एशियन पैरा गेम्स 2026 में असाधारण प्रदर्शन किया है। उन्होंने पुरुषों की 100 मीटर टी47 स्पर्धा में बेहतरीन टाइमिंग के साथ गोल्ड मेडल जीता है। उनकी गजब की रफ्तार और कौशल ने देश को गौरवान्वित किया है। इस शानदार जीत के लिए दिलीप को बहुत-बहुत बधाई। उम्मीद है कि वह अपने आगे के सफर में भी इसी तरह जीत का सिलसिला जारी रखेंगे।"

पीएम ने लिखा, "मोहम्मद बासिल एम ने एशियन पैरा गेम्स 2026 में बेहतरीन प्रदर्शन किया है। उन्होंने पुरुषों की 100 मीटर टी47 स्पर्धा में शानदार टाइमिंग के साथ सिल्वर मेडल जीता है। हीट राउंड में ही गेम्स रिकॉर्ड तोड़ने के बाद उन्होंने फाइनल में अपने ही रिकॉर्ड को और बेहतर किया। यह उनकी प्रतिभा और दृढ़ संकल्प का एक बेहतरीन उदाहरण है। इस यादगार प्रदर्शन के लिए बासिल को बधाई।"

पुरुषों की जैवलिन थ्रो एफ55 स्पर्धा में ब्रॉन्ज जीतने वाले सुखचैन की तारीफ में पीएम ने कहा, "एशियन पैरा गेम्स 2026 में सुखचैन का सराहनीय प्रदर्शन। उन्होंने पुरुषों की जैवलिन थ्रो एफ55 स्पर्धा में एक बेहतरीन थ्रो के साथ ब्रॉन्ज मेडल जीता है। यह सफलता उनके समर्पण, सालों की कड़ी मेहनत और अंतरराष्ट्रीय मंच पर बेहतर करने के उनके संकल्प को दर्शाती है। देश का मान बढ़ाने के लिए सुखचैन को बधाई। यह उपलब्धि भविष्य में और भी कई सफलताओं का रास्ता खोले।"

उन्होंने करमज्योति की सराहना करते हुए कहा, "करमज्योति ने एशियन पैरा गेम्स 2026 में महिलाओं के डिस्कस थ्रो एफ55 इवेंट में अपना अब तक का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करते हुए ब्रॉन्ज मेडल जीता है। उन्हें बधाई। उनका खेल सफर इस बात का बेहतरीन उदाहरण है कि कैसे लगन, कड़ी मेहनत और खुद पर विश्वास के दम पर शानदार प्रगति की जा सकती है।"

महिलाओं की 100 मीटर टी12 स्पर्धा में गोल्ड जीतने वालीं सिमरन को बधाई देते हुए पीएम मोदी ने कहा, "एशियन पैरा गेम्स 2026 में महिलाओं की 100 मीटर टी12 स्पर्धा में शानदार टाइमिंग के साथ गोल्ड मेडल जीतने और एक नया गेम्स रिकॉर्ड बनाने के लिए सिमरन को बधाई। उनकी गति, दृढ़ संकल्प और खेल में उत्कृष्टता के प्रति उनका समर्पण वाकई तारीफ के काबिल है। भविष्य में उन्हें और भी सफलता मिले, यही कामना है।"

पुरुषों की 100 मीटर टी64 स्पर्धा में ब्रॉन्ज मेडल जीतने पर प्रणव देसाई की तारीफ में पीएम मोदी ने कहा, "प्रणव देसाई ने शानदार दौड़ लगाई और ब्रॉन्ज मेडल हासिल किया। एशियन पैरा गेम्स 2026 में पुरुषों की 100 मीटर टी64 स्पर्धा में ब्रॉन्ज मेडल जीतने पर उन्हें बधाई। उनकी गति, समर्पण और दृढ़ संकल्प वाकई काबिले तारीफ हैं।"

उन्होंने रोहित कुमार की सराहना करते हुए कहा, "रोहित कुमार के लिए यह एक यादगार शुरुआत रही! उन्होंने एशियन पैरा गेम्स 2026 में पुरुषों की 100 मीटर ब्रेस्टस्ट्रोक एसबी4 स्पर्धा में बेहतरीन टाइमिंग के साथ ब्रॉन्ज मेडल जीता है। अपने पहले ही मुकाबले में मेडल जीतना इस उपलब्धि को और भी खास बना देता है। रोहित को उनके शानदार प्रदर्शन के लिए बहुत-बहुत बधाई।"

हिमांशु नंदल की सराहना करते हुए पीएम मोदी ने कहा, "हिमांशु नंदल ने भारत के मेडल टैली में एक और मेडल जोड़ दिया है। उन्होंने एशियन पैरा गेम्स 2026 में पुरुषों की 100 मीटर ब्रेस्टस्ट्रोक एसबी11 स्पर्धा में बेहतरीन टाइमिंग के साथ ब्रॉन्ज मेडल जीता है। खेल में उत्कृष्टता के प्रति उनका समर्पण सराहनीय है। उन्हें बधाई और भविष्य के प्रयासों के लिए ढेर सारी शुभकामनाएं।"

रवि कार्तिक बुडिगिना ने पुरुषों की 100 मीटर बैकस्ट्रोक एस13 स्पर्धा में देश के लिए सिल्वर जीता। उनकी तारीफ में पीएम मोदी ने कहा, "रवि कार्तिक बुडिगिना का बेहतरीन तैराकी प्रदर्शन। एशियन पैरा गेम्स 2026 में पुरुषों की 100 मीटर बैकस्ट्रोक एस13 स्पर्धा में सिल्वर मेडल जीतने पर उन्हें बधाई। उनके कौशल और कड़ी मेहनत ने देश का मान बढ़ाया है। हम उनके आने वाले मुकाबलों में भी उनकी निरंतर सफलता की कामना करते हैं।"

अकीरा नंदन बनोथु की तारीफ में पीएम ने कहा, "अकीरा नंदन बनोथु ने एशियन पैरा गेम्स 2026 में पुरुषों की 400 मीटर टी35/टी38 स्पर्धा में शानदार प्रदर्शन करते हुए बेहतरीन टाइमिंग के साथ सिल्वर मेडल जीता है। यह एक शानदार उपलब्धि है, जो उनकी प्रतिभा, दृढ़ संकल्प और समर्पण को दर्शाती है। उन्हें बधाई और ढेर सारी शुभकामनाएं।"

--आईएएनएस

आरएसजी/वीसी