आईपीएल 2026: ये 5 अनकैप्ड खिलाड़ी इस सीजन मचा सकते हैं धमाल

आईपीएल 2026: ये 5 अनकैप्ड खिलाड़ी इस सीजन मचा सकते हैं धमाल

नई दिल्ली, 24 मार्च (आईएएनएस)। इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) को युवा खिलाड़ियों के लिए अपनी काबिलियत साबित करने का बड़ा मंच माना जाता है। इस लीग में दमदार प्रदर्शन के बूते कई खिलाड़ियों की किस्मत रातों-रात पलटी है। आइए आपको उन अनकैप्ड 5 खिलाड़ियों के नाम बताते हैं, जो आगामी सीजन में दमदार प्रदर्शन कर सकते हैं।

प्रशांत किशोर: चेन्नई सुपर किंग्स ने प्रशांत के लिए ऑक्शन में पानी की तरह पैसा बहाते हुए उन्हें 14.2 करोड़ रुपये में खरीदा था। प्रशांत को निचले क्रम में तूफानी बल्लेबाजी के लिए जाना जाता है। इसके साथ ही वह बाएं हाथ की अपनी स्पिन गेंदबाजी से बल्लेबाजों को भी खासा परेशान करते हैं। माना जा रहा है प्रशांत चेन्नई के खेमे में रवींद्र जडेजा की कमी को पूरा करने का प्रयास करेंगे। यही वजह है कि इस खिलाड़ी के प्रदर्शन पर हर किसी की निगाहें रहेंगी। यूपी टी20 लीग 2025 में प्रशांत ने 155 के स्ट्राइक रेट से खेलते हुए 320 रन बनाए थे, जबकि 6.69 की इकोनॉमी से गेंदबाजी करते हुए 8 विकेट भी निकाले थे।

आकिब नबी डार: आईपीएल 2026 की शुरुआत से पहले अगर किसी युवा खिलाड़ी के नाम को लेकर सबसे ज्यादा चर्चा है, तो वो आकिब नबी ही हैं। रणजी ट्रॉफी के इस सीजन में आकिब ने जम्मू कश्मीर को पहली बार चैंपियन बनाने में अहम किरदार निभाया। आकिब के पास रफ्तार के साथ-साथ अच्छी लाइन एंड लेंथ भी है, जो उन्हें और घातक बनाती है। आकिब इस सीजन में दिल्ली कैपिटल्स की तरफ से खेलते हुए दिखाई देंगे।

अशोक शर्मा: भारत की घरेलू टी20 लीग सैयद मुश्ताक अली में अशोक शर्मा 150 की रफ्तार से गेंदबाजी करते हुए दिखाई दिए थे। इस टूर्नामेंट में अशोक ने 10 मुकाबलों में कुल 22 विकेट चटकाए थे। ऑक्शन में चार टीमों ने अशोक को खरीदने का प्रयास किया था। हालांकि, वह इस सीजन गुजरात टाइटंस की जर्सी में खेलते नजर आएंगे। अशोक को अगर मौका मिला, तो वह जरूर इस टूर्नामेंट में अपनी छाप छोड़ना चाहेंगे।

मुकुल चौधरी: विकेटकीपर-बल्लेबाज मुकुल चौधरी को लखनऊ सुपर जायंट्स ने ऑक्शन में खरीदा है। मुकुल राजस्थान की तरफ से घरेलू क्रिकेट खेलते हैं और अपनी विस्फोटक बल्लेबाजी के लिए जाने जाते हैं। इस घरेलू सीजन में उन्होंने 5 पारियों में 200 के स्ट्राइक रेट से खेलते हुए 173 रन बनाए थे। मुकुल चौके-छक्कों के दम पर अकेले ही किसी भी मैच का रुख पलटने की काबिलियत रखते हैं।

कार्तिक शर्मा: चेन्नई सुपर किंग्स ने कार्तिक को ऑक्शन में 14.2 करोड़ की बोली लगाते हुए टीम में शामिल किया है। कार्तिक विकेटकीपर-बल्लेबाज हैं और अपनी आक्रामक बल्लेबाजी के चलते चर्चा में आए थे। लंबे-लंबे छक्के लगाना कार्तिक की खासियत है। अब देखना यह दिलचस्प होगा कि चेन्नई कार्तिक का इस्तेमाल आगामी सीजन में किस तरह से करती है।

--आईएएनएस

एसएम/एएस