बेंगलुरु, 16 अप्रैल (आईएएनएस)। रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) का आईपीएल 2026 में धमाकेदार प्रदर्शन जारी है। बुधवार को लखनऊ सुपर जायंट्स (एलएसजी) के खिलाफ एम. चिन्नास्वामी में खेले गए मुकाबले को 5 विकेट से जीतकर आरसीबी अंकतालिका में नंबर वन बन गई है। एलएसजी के दिए 147 के लक्ष्य को आरसीबी ने 15.1 ओवर में 5 विकेट पर 149 रन बनाकर हासिल कर लिया। आइए जानते हैं कि आरसीबी-एलएसजी मैच के बाद अंकतालिका में कौन सी टीम किस स्थान पर है।
आरसीबी 5 मैचों में 8 अंक के साथ अंकतालिका में पहले, राजस्थान रॉयल्स 5 मैचों में 8 अंक के साथ दूसरे, पंजाब किंग्स 4 मैचों में 7 अंक के साथ तीसरे, और सनराइजर्स हैदराबाद 5 मैचों में 4 अंक के साथ चौथे स्थान पर है।
दिल्ली कैपिटल्स 4 मैचों में 4 अंक के साथ पांचवें, गुजरात टाइटंस 4 मैचों में 4 अंक के साथ छठे, एलएसजी 5 मैचों में 4 अंक के साथ सातवें, चेन्नई सुपर किंग्स 5 मैचों में 4 अंक के साथ आठवें स्थान पर है। मुंबई इंडियंस 4 मैचों में 2 अंक के साथ नौवें और कोलकाता नाइट राइडर्स 5 मैचों में 1 अंक के साथ दसवें स्थान पर है।
समान अंक के बावजूद टीमों की रैंकिंग में अंतर उनके रन रेट की वजह से है।
आरसीबी और एलएसजी मैच के बाद ऑरेंज कैप विराट कोहली के पास चली गई है। मैच में 34 गेंदों पर 49 रन बनाने वाले कोहली के 5 मैचों में कुल 228 रन हो गए हैं और वह टूर्नामेंट में शीर्ष स्कोरर हो गए हैं। सनराइजर्स हैदराबाद (एसआरएच) के हेनरिक क्लासेन 5 मैचों में 224 रन के साथ दूसरे, आरसीबी के कप्तान रजत पाटीदार 5 मैचों में 222 रन बनाकर तीसरे, एसआरएच के कप्तान ईशान किशन 5 मैचों में 213 रन बनाकर चौथे और राजस्थान रॉयल्स के वैभव सूर्यवंशी 5 मैचों में 200 रन बनाकर पांचवें स्थान पर हैं।
गुजरात टाइटंस के तेज गेंदबाज प्रसिद्ध कृष्णा के पास पर्पल कैप बरकरार है। कृष्णा ने 4 मैचों में 10 विकेट लिए हैं। चेन्नई सुपर किंग्स के अंशुल कंबोज 5 मैचों में 10 विकेट लेकर दूसरे, एलएसजी के प्रिंस यादव 5 मैचों में 9 विकेट लेकर तीसरे, राजस्थान रॉयल्स के रवि बिश्नोई 5 मैचों में 9 विकेट लेकर चौथे, और राजस्थान के ही जोफ्रा आर्चर 5 मैचों में 7 विकेट लेकर पांचवें स्थान पर हैं।
--आईएएनएस
पीएके