चेन्नई, 4 अप्रैल (आईएएनएस)। आईपीएल 2026 में शुक्रवार की शाम पांच बार की चैंपियन चेन्नई सुपरकिंग्स (सीएसके) और अपने पहले खिताब की तलाश में लगी पंजाब किंग्स के बीच एम.ए. चिदंबरम स्टेडियम में मुकाबला खेला गया। पंजाब ने अपनी बेहतरीन बल्लेबाजी के दम पर सीएसके को 5 विकेट से हरा दिया।
आईपीएल की मजबूत टीम मानी जाने वाली सीएसके के लिए पंजाब किंग्स सबसे बड़ा खतरा साबित हुई है। पंजाब ने एक बार फिर से सीएसके के खिलाफ 200 से अधिक रन का लक्ष्य हासिल किया है। यह पहला मौका नहीं है जब पंजाब ने सीएसके के खिलाफ 200 से अधिक रन के लक्ष्य को हासिल किया है। पंजाब ने पांचवीं बार 200 से अधिक रन के लक्ष्य को हासिल करते हुए सीएसके को हराया है।
सीएसके ने 6 बार पंजाब के खिलाफ 200 या उससे अधिक रन पहले बल्लेबाजी करते हुए बनाया और 5 बार हारी है। टी20 क्रिकेट में 200 से ज्यादा रन बनाने के बावजूद मैच गंवाने का यह रिकॉर्ड है। दूसरे स्थान पर वेस्टइंडीज है जो 200 से अधिक रन बनाने के बाद भी 4 बार हारी है।
शुक्रवार को खेले गए मुकाबले में पंजाब ने आईपीएल इतिहास का अपना दूसरा बड़ा लक्ष्य हासिल किया। आईपीएल 2025 में पंजाब ने कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ 262 रन का लक्ष्य सफलतापूर्वक हासिल किया था। यह आईपीएल इतिहास का सफलतम चेज है।
पंजाब 9 बार 200 या उससे अधिक का लक्ष्य हासिल कर चुकी है। आईपीएल में पंजाब के इस रिकॉर्ड के आसपास भी कोई टीम नहीं है। दूसरे नंबर पर ऑस्ट्रेलिया क्रिकेट टीम है जिसने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में 7 बार यह उपलब्धि हासिल की है।
मैच पर नजर डालें तो टॉस जीतकर पंजाब ने गेंदबाजी चुनी थी। पहले बल्लेबाजी करने उतरी सीएसके ने आयुष म्हात्रे के 43 गेंदों पर 5 छक्कों और 6 चौकों की मदद से बनाए 73 रनों की पारी की बदौलत 5 विकेट पर 209 रन बनाए थे। इसके अलावा शिवम दुबे ने 27 गेंदों पर 45 और सरफराज खान ने 12 गेंदों पर 1 छक्के और 6 चौकों की मदद से 32 रन बनाए।
पंजाब ने प्रियांश के 11 गेंदों पर 39, प्रभसिमरन के 34 गेंदों पर 43, और कप्तान श्रेयस अय्यर के 29 गेंदों पर 3 छक्कों और 4 चौकों की मदद से बनाए 50 रनों की मदद से 18.4 ओवर में 5 विकेट पर 210 रन बनाकर 5 विकेट से मैच जीत लिया।
--आईएएनएस
पीएके