आईपीएल 2026: कोलकाता नाइट राइडर्स के उप-कप्तान बने रिंकू सिंह

आईपीएल 2026: कोलकाता नाइट राइडर्स के उप-कप्तान बने रिंकू सिंह

कोलकाता, 24 मार्च (आईएएनएस)। इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2026 सीजन के लिए तीन बार की चैंपियन कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) ने रिंकू सिंह को अपना उप-कप्तान नियुक्त किया है। 28 वर्षीय रिंकू के पास घरेलू क्रिकेट और पिछले आईपीएल सीजन की कप्तानी का अनुभव है।

अजिंक्य रहाणे की कप्तानी में केकेआर की टीम 29 मार्च को मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में पांच बार की चैंपियन मुंबई इंडियंस के खिलाफ अपने आईपीएल 2026 अभियान की शुरुआत करेगी। उनका पहला घरेलू मैच 2 अप्रैल को कोलकाता के ईडन गार्डन्स में 2016 की विजेता सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ होगा, जिसके बाद वे 6 और 9 अप्रैल को क्रमशः पंजाब किंग्स और लखनऊ सुपर जायंट्स के खिलाफ मैच खेलेंगे।

रिंकू सिंह अपनी ताबड़तोड़ बैटिंग और शानदार फील्डिंग की वजह से केकेआर के लिए एक अहम खिलाड़ी रहे हैं। उन्होंने आईपीएल करियर में 59 मैच खेले, जिसमें 30.52 की औसत के साथ 1,099 रन बनाए। कोलकाता नाइट राइडर्स के सीईओ वेंकी मैसूर ने कहा, "हमें यह बताते हुए बहुत खुशी हो रही है कि रिंकू सिंह टीम के उप-कप्तान होंगे। रिंकू 2018 में केकेआर में शामिल हुए थे और तब से लगातार टीम का हिस्सा रहे हैं।"

केकेआर अपने प्री-सीजन कैंप के दौरान चोटिल तेज गेंदबाज हर्षित राणा की जगह लेने वाले खिलाड़ियों को चुनने के लिए ट्रायल कर रही हैं। नवदीप सैनी, आकाश मधवाल, सिमरजीत सिंह, संदीप वॉरियर, केएम आसिफ और सुनील कुमार जैसे खिलाड़ी केकेआर टीम में खाली जगहों को भरने के लिए इन ट्रायल में हिस्सा ले रहे हैं।

इससे पहले, केकेआर ने भारतीय तेज गेंदबाज आकाश दीप की जगह विदर्भ के तेज गेंदबाज सौरभ दुबे को टीम में शामिल किया था। आकाश दीप अपनी पीठ के निचले हिस्से में चोट (स्ट्रेस रिएक्शन) की वजह से टूर्नामेंट से बाहर हो गए थे। सौरभ दुबे को साल 2016 की चैंपियन सनराइजर्स हैदराबाद ने आईपीएल 2022 के लिए खरीदा था, लेकिन पीठ की चोट की वजह से उनका सफर बीच में ही खत्म हो गया।

--आईएएनएस

आरएसजी