कोलकाता, 5 अप्रैल (आईएएनएस)। आईपीएल 2026 के 12वें मुकाबले में सोमवार को कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) का सामना ईडन गार्डन्स के मैदान पर पंजाब किंग्स (पीबीकेएस) से होगा। केकेआर अपने घरेलू मैदान पर इस सीजन की पहली जीत दर्ज करने के इरादे से उतरेगी। वहीं, पंजाब किंग्स अपनी जीत की लय को इस मुकाबले में भी बरकरार रखना चाहेगी।
पंजाब किंग्स का बल्लेबाजी क्रम अब तक खेले गए दोनों ही मुकाबलों में दमदार नजर आया है। आखिरी मुकाबले में चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके) के खिलाफ पीबीकेएस ने 210 रनों के लक्ष्य को आसानी से 18.4 ओवर में हासिल कर लिया था। प्रियांश आर्या और प्रभसिमरन सिंह पंजाब किंग्स को अच्छी शुरुआत देने में सफल रहे हैं। प्रियांश ने सीएसके के खिलाफ बेहतरीन बल्लेबाजी करते हुए महज 11 गेंदों में 39 रनों की आतिशी पारी खेली थी। वहीं, प्रभसिमरन ने 34 गेंदों में 43 रन बनाए थे। कप्तान श्रेयस अय्यर भी बेहतरीन लय में दिखाई दिए थे और उन्होंने सिर्फ 29 गेंदों में 50 रन बनाए थे।
हालांकि, सीएसके के खिलाफ पंजाब किंग्स के गेंदबाज लय से भटके हुए नजर आए थे। अर्शदीप सिंह ने बिना कोई विकेट चटकाए 4 ओवर में 41 रन दिए थे। वहीं, जेवियर बार्टलेट ने 4 ओवर के स्पेल में सिर्फ एक विकेट लेकर 48 रन खर्च किए थे। मार्को जानसेन और विजयकुमार वैशाक भी लाइन एंड लेंथ से जूझते दिखाई दिए थे।
दूसरी ओर, केकेआर के लिए आईपीएल 2026 की शुरुआत अच्छी नहीं रही है। अजिंक्य रहाणे की कप्तानी में केकेआर को अब तक खेले दोनों ही मुकाबलों में हार का सामना करना पड़ा है। सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ केकेआर के बल्लेबाजों का प्रदर्शन निराशाजनक रहा था। एसआरएच से मिले 227 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए केकेआर की पूरी टीम 161 रन बनाकर ढेर हो गई थी। अंगकृष रघुवंशी और फिन एलन ने अच्छी बल्लेबाजी की है, लेकिन कप्तान रहाणे और कैमरून ग्रीन बल्ले से कुछ खास कमाल नहीं दिखा सके हैं। रिंकू सिंह ने आखिरी मुकाबले में 25 गेंदों में 35 रन बनाए थे।
केकेआर का गेंदबाजी अटैक भी फॉर्म में दिखाई नहीं दिया है। वैभव अरोड़ा और ब्लेसिंग मुजरबानी काफी महंगे साबित हुए हैं। हालांकि, मुजरबानी ने सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ 4 विकेट निकाले थे। सुनील नरेन और वरुण चक्रवर्ती की स्पिन जोड़ी भी बेअसर साबित हुई है। कार्तिक त्यागी भी छाप छोड़ने में नाकाम रहे हैं।
ईडन गार्डन्स स्टेडियम को बल्लेबाजी के मुफीद माना जाता है। इस ग्राउंड पर जमकर चौके-छक्के लगते हैं और बड़े स्कोर बनते हैं। ईडन गार्डन्स में पहली पारी का औसतन स्कोर 163 रन रहा है, जबकि दूसरी इनिंग का औसत स्कोर 144 रन है। केकेआर और पंजाब किंग्स के बीच आईपीएल में अब तक कुल 35 मुकाबले खेले गए हैं। इनमें से 21 मुकाबले केकेआर ने जीते हैं, जबकि 13 मुकाबलों में जीत पंजाब किंग्स को मिली है।
एक्यूवेदर की रिपोर्ट के अनुसार, केकेआर और पंजाब किंग्स के बीच होने वाले मुकाबले में बारिश होने की आशंका काफी कम है। हालांकि, मैदान के आसपास बादल छाए रहने की उम्मीद है। अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।
--आईएएनएस
एसएम/एबीएम