लखनऊ, 1 अप्रैल (आईएएनएस)। लखनऊ सुपर जायंट्स (एलएसजी) की टीम बुधवार को इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2026 के पांचवें मुकाबले में दिल्ली कैपिटल्स (डीसी) के खिलाफ महज 141 रन पर सिमट गई। यह आईपीएल इतिहास में एलएसजी का पहली पारी में न्यूनतम स्कोर रहा।
इकाना क्रिकेट स्टेडियम में टॉस गंवाकर बल्लेबाजी करने उतरी लखनऊ सुपर जायंट्स 18.4 ओवरों में 141 रन पर सिमट गई। इससे पहले टीम ने आईपीएल 2022 में पंजाब किंग्स के विरुद्ध बल्लेबाजी करते हुए पहली पारी में 153/8 का स्कोर बनाया था।
एलएसजी आईपीएल 2023 में राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ 7 विकेट खोकर 154 रन ही बना सकी थी, जबकि साल 2022 में इस टीम ने गुजरात टाइटंस के विरुद्ध 6 विकेट खोकर 158 रन बनाए थे। साल 2023 में पंजाब किंग्स के खिलाफ एलएसजी 8 विकेट गंवाकर 159 रन ही बना सकी थी।
बुधवार को खेले जा रहे इस मैच में एलएसजी को 19 के स्कोर पर कप्तान ऋषभ पंत (7) के रूप में झटका लगा। इसके बाद मिचेल मार्श (35) ने एडेन मार्करम के साथ दूसरे विकेट के लिए 29 रन जुटाकर टीम को संभालने की कोशिश की, लेकिन मार्करम (11) के आउट होने के बाद टीम ने तेजी से विकेट गंवाए। आलम ये रहा कि महज 71 रन तक एलएसजी ने 5 विकेट खो दिए थे।
यहां से अब्दुल समद ने मुकुल चौधरी के साथ छठे विकेट के लिए 34 रन, जबकि शाहबाज अहमद के साथ सातवें विकेट के लिए 33 रन की साझेदारी की। समद 25 गेंदों में 36 रन बनाकर पवेलियन लौटे। शाहबाज अहमद 15 रन बनाकर नाबाद रहे।
दिल्ली कैपिटल्स की तरफ से लुंगी एनगिडी और टी नटराजन ने 3-3 विकेट निकाले। 2 विकेट कुलदीप यादव ने हासिल किए, जबकि 1 विकेट कप्तान अक्षर पटेल के नाम रहा। दोनों टीमें इस मुकाबले के साथ आईपीएल 2026 में अपना अभियान शुरू कर रही हैं। ऐसे में डीसी के साथ एलएसजी मैच को जीतना चाहेंगी।
--आईएएनएस
आरएसजी