आईपीएल 2026: सीएसके के खिलाफ केकेआर तोड़ना चाहेगी हार का क्रम, जानें हेड टू हेड रिकॉर्ड?

आईपीएल 2026: सीएसके के खिलाफ केकेआर तोड़ना चाहेगी हार का क्रम, जानें हेड टू हेड रिकॉर्ड?

चेन्नई, 13 अप्रैल (आईएएनएस)। आईपीएल 2026 के 22वें मुकाबले में मंगलवार को एमए चिदंबरम क्रिकेट स्टेडियम में चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके) की भिड़ंत कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) के साथ होगी। सीएसके ने पिछले मुकाबले में दिल्ली कैपिटल्स को हराते हुए जीत का खाता खोला है।

चेन्नई सुपर किंग्स का प्रदर्शन दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ शानदार रहा था। टूर्नामेंट में अब तक पहली बार सीएसके की सलामी जोड़ी अच्छी लय में दिखाई दी थी। संजू सैमसन और कप्तान ऋतुराज गायकवाड़ ने पहले विकेट के लिए 62 रन जोड़े थे। संजू बेहतरीन लय में दिखाई दिए थे और उन्होंने अपने आईपीएल करियर का चौथा शतक लगाया था। विकेटकीपर-बल्लेबाज ने 56 गेंदों में 115 रनों की दमदार पारी खेली थी।

वहीं, आयुष म्हात्रे ने 36 गेंदों में 59 रन बनाए थे। गेंदबाजी में जेमी ओवरटन ने शानदार स्पेल डालते हुए 4 ओवर में 18 रन देकर 4 विकेट चटकाए थे, जबकि अंशुल कंबोज ने 3 विकेट निकाले थे। दूसरी ओर, केकेआर अंक तालिका में सबसे नीचे है। अजिंक्य रहाणे की कप्तानी में केकेआर को इस सीजन की अपनी पहली जीत की अभी भी तलाश है। 4 मुकाबलों में से टीम को 3 मैच में हार का सामना करना पड़ा है, तो एक मुकाबला बेनतीजा रहा है। अंजिक्य रहाणे ने पिछले मुकाबले में 24 गेंदों में 41 रन बनाए थे, जबकि अंगकृष रघुवंशी ने 33 गेंदों में 45 रन बनाए थे। वहीं, कैमरून ग्रीन और रोवमैन पॉवेल भी बेहतरीन लय में दिखाई दिए थे।

हालांकि, केकेआर के लिए इस सीजन टीम का गेंदबाजी अटैक चिंता का विषय रहा है। वैभव अरोड़ा, कार्तिक त्यागी, नवदीप सैनी अब तक इस सीजन छाप छोड़ने में नाकाम रहे हैं। सुनील नरेन जरूर पिछले मैच में किफायती रहे थे और उन्होंने 4 ओवर में महज 13 रन देकर एक विकेट निकाला था। वरुण चक्रवर्ती इस मुकाबले के लिए फिट हो पाएंगे या नहीं, यह भी देखना दिलचस्प होगा।

एमए चिदंबरम स्टेडियम की पिच इस सीजन बल्लेबाजी के मुफीद नजर आई है। गेंद बल्ले पर काफी अच्छे से आ रही है और खूब चौके-छक्के भी लग रहे हैं। अच्छी लाइन एंड लेंथ के साथ गेंदबाजी करने वाले तेज गेंदबाजों को भी इस ग्राउंड से मदद मिली है।

आईपीएल के इतिहास में केकेआर और सीएसके के बीच अब तक कुल 32 मुकाबले खेले गए हैं। इसमें से 20 मैच सीएसके ने जीते हैं, जबकि केकेआर ने 11 मुकाबलों में जीत दर्ज की है। एक मैच बेनतीजा रहा है। एक्यूवेदर की रिपोर्ट के अनुसार, केकेआर बनाम सीएसके मुकाबले में बारिश होने की आशंका न के बराबर है। मौसम पूरी तरह से साफ रहने की उम्मीद है। अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।

--आईएएनएस

एसएम/एबीएम