आईपीएल 2026: अर्धशतक चूके कोहली, चौथी जीत के साथ आरसीबी 'नंबर-1'

आईपीएल 2026: अर्धशतक चूके कोहली, चौथी जीत के साथ आरसीबी 'नंबर-1'

बेंगलुरु, 15 अप्रैल (आईएएनएस)। रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) की टीम इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2026 में चौथा मुकाबला जीतकर प्वाइंट्स टेबल में शीर्ष स्थान पर पहुंच गई है। बुधवार को खेले गए सीजन के 23वें मुकाबले में आरसीबी ने लखनऊ सुपर जायंट्स (एलएसजी) के विरुद्ध 5 विकेट से जीत दर्ज की।

आरसीबी 5 में से 4 मैच जीतकर प्वाइंट्स टेबल में 'नंबर-1' बन गई है। वहीं, एलएसजी 5 में से 3 मुकाबले गंवाकर सातवें स्थान पर मौजूद है।

एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में टॉस गंवाकर बल्लेबाजी करने उतरी एलएसजी 146 रन पर सिमट गई। इस टीम को एडेन मार्करम और मिचेल मार्श ने संभली हुई शुरुआत दिलाई। इस जोड़ी ने 4 ओवरों में 32 रन जुटाए। मार्करम 12 रन बनाकर पवेलियन लौटे, जिसके बाद टीम निरंतर अंतराल पर विकेट गंवाती रही।

लखनऊ सुपर जायंट्स की तरफ से इस पारी में मिचेल मार्श ने 32 गेंदों में 2 छक्कों और 3 चौकों के साथ 40 रन बनाए, जबकि आयुष बडोनी ने 1 छक्के और 4 चौकों के साथ 38 रन जुटाए। उनके अलावा, मुकुल चौधरी ने 28 गेंदों में 2 छक्कों और 3 चौकों के साथ 39 रन का योगदान टीम के खाते में दिया।

विपक्षी खेमे से रसिख सलाम डार ने 24 रन देकर सर्वाधिक 4 विकेट हासिल किए, जबकि भुवनेश्वर कुमार ने 3 विकेट निकाले। क्रुणाल पंड्या ने 2 विकेट और जोश हेजलवुड ने 1 विकेट प्राप्त किया।

इसके जवाब में आरसीबी ने महज 15.1 ओवरों में मुकाबला अपने नाम कर लिया। इस टीम ने 1.4 ओवर में महज 9 के स्कोर पर फिलिप सॉल्ट (7) का विकेट गंवा दिया था, जिसके बाद विराट कोहली ने देवदत्त पडिक्कल के साथ दूसरे विकेट के लिए 34 गेंदों में 57 रन की साझेदारी करते हुए टीम को संभाला।

पड्डिकल 11 गेंदों में 10 रन बनाकर पवेलियन लौटे, जिसके बाद कोहली ने पारी को आगे बढ़ाया। कोहली ने 34 गेंदों में 1 छक्के और 6 चौकों के साथ 49 रन की पारी खेली। आरसीबी की तरफ से कप्तान रजत पाटीदार ने 13 गेंदों में 27 रन जुटाए, जबकि जितेश शर्मा ने 9 गेंदों में 2 छक्कों और इतने ही चौकों के साथ 23 रन बनाए।

इस टीम ने 122 के स्कोर पर अपना पांचवां विकेट खो दिया था। यहां से टिम डेविड और रोमारियो शेफर्ड ने 14-14 रन की नाबाद पारी खेलते हुए टीम को जीत दिलाई। विपक्षी खेमे से प्रिंस यादव ने सर्वाधिक 3 विकेट हासिल किए, जबकि अवेश खान ने 2 विकेट निकाले।

--आईएएनएस

आरएसजी