'ध्रुव जुरेल परिपक्व हो चुके हैं, उन्हें भारत के लिए तीनों फॉर्मेट में खेलना चाहिए': अंबाती रायुडू

'ध्रुव जुरेल परिपक्व हो चुके हैं, उन्हें भारत के लिए तीनों फॉर्मेट में खेलना चाहिए': अंबाती रायुडू

नई दिल्ली, 11 अप्रैल (आईएएनएस)। आईपीएल 2026 में शुक्रवार को राजस्थान रॉयल्स (आरआर) और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) के खेले गए मैच में आरआर के विकेटकीपर बल्लेबाज ध्रुव जुरेल ने 43 गेंदों पर नाबाद 81 रन की पारी खेल अपनी टीम को जीत दिलाने में बड़ी भूमिका निभाई। पूर्व क्रिकेटर अंबाती रायुडू ने जुरेल की प्रशंसा करते हुए कहा है कि अब दुनिया को उनके बारे में ज्यादा बात करनी चाहिए।

ईएसपीएनक्रिकइंफो पर रायुडू ने कहा कि जुरेल ने न सिर्फ अपनी स्किल, बल्कि अपने टेम्परामेंट से भी प्रभावित किया है। वह अब काफी परिपक्व बल्लेबाज बन चुके हैं और उन्हें जल्द ही सभी फॉर्मेट में भारत के लिए खेलना चाहिए।

रायुडू ने कहा कि भारतीय क्रिकेट में जुरेल जैसे 'संपूर्ण बल्लेबाज' कम ही देखने को मिलते हैं और उन्हें नजरअंदाज नहीं किया जाना चाहिए। इस सीजन में चार मैचों में 176 रन बनाकर जुरेल ने अपनी उपयोगिता साबित कर दी है।

पूर्व क्रिकेटर ने कहा कि जुरेल को जितनी पहचान मिलनी चाहिए, उतनी अभी नहीं मिल रही है।

आईपीएल 2026 में ध्रुव जुरेल राजस्थान रॉयल्स के लिए नंबर तीन पर बल्लेबाजी कर रहे हैं और टीम के लिए शीर्ष क्रम में एक मजबूत कड़ी साबित हुए हैं।

आरसीबी के खिलाफ हुए मैच में निश्चित रूप से सबसे ज्यादा चर्चा के केंद्र में वैभव सूर्यवंशी रहे, लेकिन जुरेल की पारी को भी नजरअंदाज नहीं किया जा सकता। जुरेल की पारी नहीं आई होती तो मैच का परिणाम दूसरा भी हो सकता था।

मैच की बात करें तो आरआर ने टॉस जीतकर गेंदबाजी चुनी थी। आरसीबी ने पहले बल्लेबाजी करते हुए कप्तान रजत पाटीदार के 63, विराट कोहली के 32, वेंकटेश अय्यर के 29, और रोमारियो शेफर्ड के 22 रन की मदद से आरसीबी ने 8 विकेट पर 201 रन बनाए थे।

202 रन के लक्ष्य को आरआर ने सलामी बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी (26 गेंदों पर 7 छक्के और 8 चौके की मदद से 78 रन) और ध्रुव जुरेल (43 गेंद पर 3 छक्के और 8 चौके की मदद से 81 रन) की तूफानी पारियों की बदौलत 18 ओवर में 4 विकेट खोकर हासिल कर लिया।

--आईएएनएस

पीएके