'चिन्ना थाला, सर और अब थाला', सीएसके के लिए पहली बार एक साथ नहीं दिखेगी 'धोनी, जडेजा और रैना' की तिकड़ी

'चिन्ना थाला, सर और अब थाला', सीएसके के लिए पहली बार एक साथ नहीं दिखेगी 'धोनी, जडेजा और रैना' की तिकड़ी

नई दिल्ली, 28 मार्च (आईएएनएस)। चेन्नई सुपरकिग्स (सीएसके) मुंबई इंडियंस (एमआई) के साथ संयुक्त रूप से आईपीएल की सफलतम टीम है। दोनों ने टीमों 5-5 बार आईपीएल का खिताब जीता है। सीएसके को 5 बार आईपीएल चैंपियन बनाने में एमएस धोनी, सुरेश रैना और रवींद्र जडेजा का अहम योगदान रहा है। आईपीएल 2026 में ऐसा पहली बार होगा कि ये तीनों ही खिलाड़ी एक साथ सीएसके के लिए मैदान में नहीं दिखेंगे।

आईपीएल की शुरुआत 2008 में हुई थी। सीएसके ने अपना पहला खिताब 2010 में जीता था। इसके बाद 2011, 2018, 2021 और 2023 में टीम चैंपियन बनी। हर बार कप्तान धोनी थे। वहीं 5 से 4 खिताबों (2010, 2011, 2018, 2021) में सुरेश रैना ने अपनी विस्फोटक बल्लेबाजी से तो 3 खिताबों (2018, 2021, 2023) में रवींद्र जडेजा ने अपनी बल्लेबाजी, गेंदबाजी के साथ ही बेहतरीन फील्डिंग से बड़ी भूमिका निभाई थी।

आईपीएल 2026 की शुरुआत में ये तीनों ही चैंपियन खिलाड़ी सीएसके का हिस्सा नहीं होंगे।

दरअसल, चिन्ना थाला के नाम से मशहूर सुरेश रैना 2008 में सीएसके से जुड़े थे। टीम के लिए आखिरी सीजन उन्होंने 2021 में खेला था। उस सीजन सीएसके चैंपियन भी रही थी, लेकिन उसके बाद रैना का आईपीएल करियर समाप्त हो गया और वह सीएसके से अलग हो गए।

रवींद्र जडेजा 2012 में सीएसके से जुड़े थे। सीएसके के लिए आखिरी सीजन उन्होंने 2025 में खेला। 'सर जडेजा' के नाम से मशहूर इस ऑलराउंडर ने आईपीएल 2023 के फाइनल में आखिरी दो गेंदों पर चौका और छक्का लगाकर जिस रोमांचक और असाधारण अंदाज में टीम को चैंपियन बनाया था उसे क्रिकेट फैंस, खासकर सीएसके फैंस, कभी भूल नहीं सकेंगे। आईपीएल 2026 से पहले सीएसके ने संजू सैमसन के बदले जडेजा को राजस्थान रॉयल्स (आरआर) को ट्रेड किया। इस तरह रैना के बाद जडेजा का भी सीएसके के साथ सफर समाप्त हो गया।

रैना और जडेजा के बाद धोनी ही सीएसके के एकमात्र ऐसे खिलाड़ी थे जो टीम के पांचों खिताबी जीतों का हिस्सा रहे थे। उनकी कप्तानी में ही टीम ने यह उपलब्धि हासिल की है। धोनी का आईपीएल 2026 में खेलना तय था, लेकिन शनिवार को सीएसके प्रबंधन ने पुष्टि की कि धोनी इंजरी की वजह से सीजन के शुरुआती 2 सप्ताह उपलब्ध नहीं होंगे। इसका मतलब यह हुआ कि धोनी कम से कम 4 से 5 मैच नहीं खेल पाएंगे।

2010 के बाद ऐसा पहली बार होगा जब सीएसके किसी सीजन का उद्घाटन मैच खेलेगी और उस मैच में रैना, जडेजा, और धोनी की तिकड़ी नहीं होगी।

बता दें कि सीएसके दो सीजन (2015 और 2016) में प्रतिबंधित थी। इस दौरान धोनी राइजिंग पुणे सुपरजायंट, जबकि रैना और जडेजा गुजरात लायंस का हिस्सा थे।

--आईएएनएस

पीएके