चेन्नई, 14 अप्रैल (आईएएनएस)। आईपीएल 2026 के 22वें मुकाबले में मंगलवार को एमए चिदंबरम क्रिकेट स्टेडियम में चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके) की भिड़ंत कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) के साथ हुई। सीएसके के कप्तान ऋतुराज गायकवाड़ की खराब फॉर्म इस मुकाबले में भी जारी रही। ऋतुराज 6 गेंदों का सामना करने के बाद सिर्फ 7 रन बनाकर आउट हुए।
आईपीएल 2026 में ऋतुराज का लगातार खराब प्रदर्शन चेन्नई सुपर किंग्स के लिए चिंता का विषय बन गया है। इस सीजन खेली 5 पारियों में ऋतुराज का बल्लेबाजी औसत सिर्फ 12.6 का रहा है। वह 5 मुकाबलों में महज 63 रन बना सके हैं और उनका स्ट्राइक रेट 105 का रहा है।
ऋतुराज आईपीएल 2026 में एक बार भी 30 रनों का आंकड़ा पार नहीं कर सके हैं। 5 मुकाबलों के बाद उनका सर्वाधिक स्कोर 28 रन रहा है।
ऋतुराज की फॉर्म के साथ-साथ सीएसके के लिए सलामी जोड़ी भी बड़ा सिरदर्द रही है। इस सीजन संजू सैमसन और ऋतुराज की जोड़ी मिलकर सिर्फ एक ही मुकाबले में 50 रनों का आंकड़ा पार कर सकी है। संजू-ऋतुराज की सलामी जोड़ी ने 5 पारियों में 24.8 की औसत से सिर्फ 124 रन बनाए हैं।
आईपीएल 2026 में सीएसके की सलामी जोड़ी का बल्लेबाजी औसत सबसे खराब रहा है। सलामी जोड़ी का फ्लॉप शो सीएसके को काफी भारी भी पड़ा है।
चेन्नई सुपर किंग्स का प्रदर्शन आईपीएल 2026 में अब तक निराशाजनक रहा है। इस सीजन खेले 4 मुकाबलों में से सीएसके सिर्फ एक में ही जीत दर्ज कर सकी है, जबकि 3 मुकाबलों में टीम को हार का सामना करना पड़ा है। हालांकि, आखिरी मुकाबले में दिल्ली कैपिल्स (डीसी) के खिलाफ सीएसके ने इस सीजन की पहली जीत दर्ज की थी।
ऋतुराज की कप्तानी में टीम ने दिल्ली कैपिटल्स को 23 रनों से हराया था। पहले बल्लेबाजी करते हुए सीएसके ने 20 ओवर में 2 विकेट गंवाकर स्कोरबोर्ड पर 212 रन लगाए थे, जिसके जवाब में दिल्ली कैपिटल्स की पूरी टीम 189 रन बनाकर ऑलआउट हो गई थी। आईपीएल 2026 में डीसी के खिलाफ पहली बार सीएसके का गेंदबाजी अटैक अच्छी लय में दिखाई दिया था। जेमी ओवरटन ने महज 18 रन देकर 4 विकेट निकाले थे।
--आईएएनएस
एसएम/एबीएम