तुषार कपूर-आयुष्मान खुराना को धमकी देने का मामला, बेंगलुरु से हिरासत में आईटी इंजीनियर

तुषार कपूर-आयुष्मान खुराना को लॉरेंस बिश्नोई के नाम पर धमकी देने वाला आईटी इंजीनियर बेंगलुरु से हिरासत में

मुंबई, 4 नवंबर (आईएएनएस)। बॉलीवुड सितारों और कारोबारियों को लॉरेंस बिश्नोई के नाम पर धमकी भरे ऑडियो मैसेज भेजने के मामले में मुंबई पुलिस की क्राइम ब्रांच ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान वैभव मिश्रा के रूप में हुई है।

पुलिस सूत्रों के मुताबिक, उसे बेंगलुरु से हिरासत में लिया गया है। वैभव आईटी सेक्टर में काम करता है और उस पर तुषार कपूर, आयुष्मान खुराना समेत कई लोगों को ऑडियो रिकॉर्डिंग भेजकर डराने का आरोप है।

जानकारी के मुताबिक, वैभव मिश्रा नाम के आईटी इंजीनियर को बेंगलुरु से हिरासत में लिया गया है। आरोप है कि वह खुद को लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़ा बताकर अलग-अलग लोगों को धमकी भरे ऑडियो मैसेज भेज रहा था। इस मामले में तुषार कपूर और आयुष्मान खुराना का नाम भी सामने आया।

बता दें कि आयुष्मान खुराना को एक ऑडियो मैसेज मिला था। इसमें मैसेज भेजने वाले ने खुद को लॉरेंस बिश्नोई गैंग का सदस्य बताया और अभिनेता से करोड़ों रुपए की मांग की। मुंबई पुलिस के सूत्रों ने बताया था कि जांच टीम ऑडियो में सुनाई दे रही आवाज का मिलान अपने रिकॉर्ड में मौजूद वॉयस सैंपल से कर रही है। साथ ही, साइबर सेल मैसेज भेजने वाले नंबर और उसकी लोकेशन का पता लगाने में जुटी थी।

वहीं, अभिनेता तुषार कपूर को भी इससे पहले धमकी भरा ऑडियो मैसेज मिला था। इसमें मैसेज भेजने वाले ने खुद को लॉरेंस बिश्नोई गैंग का सदस्य हैरी बॉक्सर बताया था और 5 करोड़ रुपए की मांग की थी। तुषार ने इस बारे में मुंबई पुलिस को जानकारी दी थी। इसके बाद मामले की जांच क्राइम ब्रांच की एंटी-एक्सटॉर्शन सेल को सौंपी गई थी।

अब वैभव मिश्रा को हिरासत में लेने के बाद जांच में एक नया मोड़ आया है। जांच एजेंसियां यह पता लगाने की कोशिश कर रही हैं कि उसने किन-किन लोगों को ऐसे मैसेज भेजे, इन मैसेज के पीछे उसका मकसद क्या था और क्या उसने किसी दूसरे व्यक्ति या गिरोह के कहने पर ऐसा किया।

--आईएएनएस

पीके/एबीएम