मुंबई, 31 अक्टूबर (आईएएनएस)। फिल्ममेकर संजय गुप्ता के अचानक निधन से बॉलीवुड में शोक की लहर है। उनके साथ लंबे समय तक काम करने वाले अभिनेता संजय दत्त से लेकर सुनील शेट्टी, अनुपम खेर, म्यूजिक कंपोजर और सिंगर मीका सिंह, डायरेक्टर हंसल मेहता और मधुर भंडारकर तक ने उन्हें याद करते हुए सोशल मीडिया पर भावुक पोस्ट शेयर किए। किसी ने उनके साथ बिताए पलों को याद किया, तो किसी ने बताया कि उन्होंने करियर के शुरुआती दौर में किस तरह उनका साथ दिया था।
अभिनेता संजय दत्त ने एक्स पर अपने करीबी दोस्त संजय गुप्ता को याद करते हुए एक इमोशनल नोट लिखा। उन्होंने संजय गुप्ता को अपना भाई बताते हुए कहा कि उन्हें अब भी यकीन नहीं हो रहा है कि वह इस दुनिया में नहीं रहे।
संजय दत्त ने लिखा, ''गुप्ता, मेरे भाई। मुझे अब भी यकीन नहीं हो रहा कि तुम चले गए। हमने साथ में बहुत कुछ शेयर किया है, ढेर सारी यादें और दोस्ती के कई साल। तुम हमेशा मेरे परिवार का हिस्सा रहे हो और यह कभी नहीं बदलेगा। मुझे तुम्हारी, हमारी बातचीत और साथ बिताए हर पल की याद आएगी। हम हाल ही में 'कांटे 2' को लेकर बात कर रहे थे। मैं तुम्हारे सपने को पूरा करने के लिए 'कांटे 2' जरूर बनाऊंगा। मेरे भाई, तुम्हारी याद में मैं इस सपने को सच करने के लिए सब कुछ करूंगा। हमेशा और हमेशा तुमसे प्यार करता हूं। भाई, तुम्हारे बिना जिंदगी पहले जैसी नहीं रहेगी। भगवान तुम्हारी आत्मा को शांति दे।''
संजय दत्त और संजय गु्प्ता ने 'कांटे', 'मुसाफिर' और 'जिंदा' जैसी फिल्मों में साथ काम किया था।
अभिनेता सुनील शेट्टी ने भी एक्स पर संजय गुप्ता को याद करते हुए लिखा, ''मैं अब भी इस खबर को मानने की कोशिश कर रहा हूं। हमने साथ में कई दिन बिताए, फिल्में बनाईं, हंसी-मजाक किया, बहस की, विचार साझा किए और ऐसी यादें बनाईं, जो हमेशा मेरे साथ रहेंगी। मैंने कभी नहीं सोचा था कि तुम्हारे लिए मुझे इस तरह कुछ लिखना पड़ेगा। मैं शब्दों में बयां नहीं कर सकता कि तुम्हारी कितनी याद आएगी।''
वहीं, अभिनेता अनुपम खेर ने इंस्टाग्राम पर संजय गुप्ता की तस्वीर शेयर करते हुए बताया कि वह स्टॉकहोम में थे, जब उन्हें अपने दोस्त के निधन की खबर मिली। उन्होंने लिखा, ''स्टॉकहोम में जब मैं उठा तो अपने दोस्त और डायरेक्टर संजय गुप्ता के निधन की दिल तोड़ने वाली खबर मिली। यह सोचना मुश्किल है कि कोई इंसान, जो इतना जिंदादिल इंसान था, अचानक इस दुनिया से चला गया। संजय एक ऐसे फिल्ममेकर थे, जिनकी अपनी अलग पहचान थी और जिन्हें सिनेमा से बेहद प्यार था। उन्हें फिल्मों का चलता-फिरता ज्ञानकोश कहा जाता था। आप उनसे फिल्मों के बारे में लगभग कुछ भी पूछ सकते थे और उनसे बातचीत करके पता चलता था कि वह अपनी दुनिया से कितना प्यार करते थे। सोशल मीडिया पर उनकी पोस्ट में भी उनका जुनून साफ नजर आता था, जहां वह हाल के दिनों में खुलकर अपनी बातें रख रहे थे।''
अनुपम ने आगे लिखा, ''मैंने उनके साथ दो फिल्मों में काम किया था लेकिन हमारे परिवार में उनकी एक खास जगह है। वह 'सिकंदर' के पहले डायरेक्टर थे। जब भी हम मिलते थे, उनकी पहली बात लगभग हमेशा यही होती थी, 'खेर साहब, हमें साथ में काम करना चाहिए!' करीब एक साल पहले जब उनसे आखिरी बार मुलाकात हुई थी, तब भी उन्होंने यही कहा था। हम हमेशा सोचते हैं कि अभी समय है। एक और मुलाकात होगी, एक और बातचीत होगी, एक और फिल्म बनेगी। यह जानकर दुख होता है कि अब यह मुलाकात कभी नहीं होगी।''
उन्होंने संजय के साथ बिताए पलों को याद करते हुए लिखा, ''मुझे उनका अपनापन, उनका प्यार और कुछ साल पहले उनके घर पर हुई शानदार होली पार्टी याद है। आज दुख के साथ वे सारी यादें फिर सामने आ रही हैं। उनकी फिल्में उनकी अलग पहचान को हमेशा जिंदा रखेंगी। 'कांटे' और 'शूटआउट' सीरीज की फिल्में मेरी पसंदीदा फिल्मों में शामिल हैं। मेरा दिल उनके परिवार, दोस्तों और उन सभी लोगों के साथ है, जो उनसे और उनके सिनेमा से प्यार करते थे। मैं तुम्हें याद करूंगा संजय। और यह सुनना भी याद करूंगा, 'खेर साहब, हमें साथ में काम करना चाहिए!' ओम शांति।''
डायरेक्टर हंसल मेहता ने भी इंस्टाग्राम पर एक भावुक पोस्ट शेयर किया। उन्होंने लिखा, ''ऐसा नहीं होना चाहिए था। फिल्म इंडस्ट्री में मेरे इकलौते बॉस संजय गुप्ता लेकिन इससे भी बढ़कर, एक प्यारे दोस्त। हमने साथ में कई बुरे और अच्छे दौर देखे और इन सबके बीच जिंदगी की अच्छी चीजों के लिए हमारा प्यार हमेशा एक जैसा रहा।''
हंसल ने आगे बताया कि उनकी पहली और इकलौती रोलेक्स घड़ी संजय गुप्ता ने उन्हें दी थी। उन्होंने लिखा, ''आज उनकी याद के रूप में मेरे पास वही घड़ी है, जो मेरी कलाई पर है और मुझे नहीं लगता कि मैं इसे कभी उतारूंगा। जब मैं अपने सबसे बुरे दौर में था, तब उन्होंने मेरा हाथ थामा था। हमने साथ में कोई जादू तो नहीं किया लेकिन वह समय अपने आप में बेहद शानदार था। अच्छा खाना, अच्छी शराब और लगातार होने वाली पार्टियां। मैंने उनकी थिएटर स्क्रीन पर अपनी जिंदगी की कुछ बेहतरीन फिल्में देखीं। उनकी किताबों की अलमारी से मैंने अपनी पढ़ी हुई कुछ बेहतरीन किताबें भी ली थीं।''
उन्होंने लिखा, ''मेरे भाई, मेरा 'ब्रो कोड' तुम्हारे साथ शुरू हुआ था और अब खत्म हो गया है। मैं तुम्हें जितना कह सकता हूं, उससे कहीं ज्यादा याद करूंगा। अनु, दलाई और शिवांश, भगवान तुम्हें इस बड़े दुख को सहने की ताकत दें।''
डायरेक्टर मधुर भंडारकर ने एक्स पर लिखा, ''इस दुखद खबर से बहुत दुखी हूं। भगवान उनकी आत्मा को हमेशा शांति दे। ओम शांति।''
सिंगर मीका सिंह ने भी संजय गुप्ता को अपना बड़ा भाई बताते हुए भावुक श्रद्धांजलि दी। उन्होंने लिखा, ''आज का दिन मेरे लिए सबसे चौंकाने वाले और दिल तोड़ने वाले दिनों में से एक रहा। मेरे बड़े भाई संजय गुप्ता, एक शानदार इंसान, जमीन से जुड़े व्यक्तित्व और बेहतरीन फिल्ममेकर, डायरेक्टर और प्रोड्यूसर, हमें बहुत जल्दी छोड़कर चले गए।''
मीका ने आगे लिखा, ''भाई, आप मेरे लिए गॉडफादर जैसे थे। आपने मुझे बॉलीवुड में पहला मौका दिया और मैं हमेशा आपके प्यार, मार्गदर्शन और सहयोग के लिए आपका आभारी रहूंगा। आप हमेशा मेरे दिल में रहेंगे। वाहेगुरु आपकी आत्मा को शांति दें और आपके परिवार को इस अपूरणीय नुकसान को सहने की ताकत दें। आपकी बहुत याद आएगी।''
बता दें कि मीका सिंह को बॉलीवुड में पहला बड़ा मौका संजय गुप्ता की 2007 में रिलीज हुई फिल्म 'शूटआउट एट लोखंडवाला' के गाने 'गणपत' से मिला था। इस गाने में विवेक ओबेरॉय नजर आए थे। गाना काफी लोकप्रिय हुआ और इससे हिंदी फिल्म म्यूजिक इंडस्ट्री में मीका की पहचान मजबूत हुई।
--आईएएनएस
पीके/पीएम