लाहौर, 25 अक्टूबर (आईएएनएस)। पाकिस्तान ने इंग्लैंड के खिलाफ रविवार को गद्दाफी स्टेडियम में खेले गए वनडे त्रिकोणीय सीरीज के चौथे मुकाबले में 1 विकेट से रोमांचक जीत दर्ज करते हुए फाइनल में जगह बना ली। शादाब खान ने हारिस रऊफ के साथ 10वें विकेट के लिए 89 रन की साझेदारी करते हुए मेजबानों को जीत दिलाई। यह वनडे में सफल रन-चेज के दौरान 10वें विकेट के लिए सबसे बड़ी साझेदारी का रिकॉर्ड है।
शुरुआती तीनों मैच जीतकर पाकिस्तान ने फाइनल में जगह बना ली है। वहीं, श्रीलंकाई टीम 2 में से 1 मैच जीतकर प्वाइंट्स टेबल में दूसरे पायदान पर है। इंग्लैंड लगातार 3 मैच गंवाकर तीसरे स्थान पर है। 29 अक्टूबर को उसका सामना श्रीलंका से होगा। वहीं, श्रीलंका के पास फिलहाल 2 मैच शेष हैं। फाइनल मुकाबला 31 अक्टूबर को गद्दाफी स्टेडियम में खेला जाना है।
लाहौर में टॉस गंवाकर बल्लेबाजी के लिए उतरी इंग्लैंड की टीम 46.4 ओवरों में 241 रन पर सिमट गई। इस टीम ने 19 के स्कोर तक अपने 3 विकेट गंवा दिए थे, जिसके बाद जॉर्डन कॉक्स ने बेन डकेट के साथ चौथे विकेट के लिए 33 रन की साझेदारी करते हुए टीम को 52 के स्कोर तक पहुंचाया।
जॉर्डन महज 6 रन बनाकर आउट हुए। उनकी पारी में सिर्फ 1 चौका शामिल रहा। इसके बाद डकेट ने सैम करन के साथ पांचवें विकेट के लिए 93 रन जोड़कर टीम को 145 रन तक पहुंचाया। डकेट ने विल जैक्स (13) के साथ 30 रन की साझेदारी भी की।
बेन डकेट 111 गेंदों में 2 छक्कों और 10 चौकों के साथ 105 रन बनाकर आउट हुए, जबकि करन ने 52 गेंदों में 5 चौकों के साथ 42 रन की पारी खेली। गस एटकिंसन (नाबाद 36) ने हेनरी क्रोकॉम (8) के साथ अंतिम जोड़ी के रूप में 40 रन जुटाकर टीम को सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचाया।
विपक्षी खेमे से कप्तान शाहीन अफरीदी ने 46 रन देकर 4 विकेट निकाले, जबकि रजाउल्लाह और अराफात मिन्हास ने 2-2 विकेट हासिल किए। इनके अलावा, हारिस रऊफ ने 1 विकेट अपने नाम किया।
इसके जवाब में पाकिस्तान की शुरुआत बेहद खराब रही। मेजबान टीम ने 31 के स्कोर तक अपने 3 विकेट गंवा दिए थे, जिसके बाद सलमान आगा (26) ने मोर्चा संभाला। उन्होंने साद बेग (32) के साथ चौथे विकेट के लिए 43 रन और हसन नवाज (15) के साथ पांचवें विकेट के लिए 28 रन जुटाकर टीम को किसी तरह शतक के पार पहुंचाया।
पाकिस्तान ने 154 के स्कोर तक अपना 9वां विकेट गंवा दिया था। ऐसा लगा कि यहां से इंग्लैंड बड़े अंतर से मैच अपने नाम कर लेगा, लेकिन आठवें नंबर पर बल्लेबाजी के लिए उतरे शादाब खान ने हारिस रऊफ (नाबाद 7) के साथ 10वें विकेट के लिए 80 गेंदों में 89 रन की अटूट साझेदारी करते हुए टीम को रोमांचक जीत दिलाई। शादाब 96 गेंदों में 5 छक्कों और 13 चौकों के साथ 113 रन बनाकर नाबाद रहे।
इंग्लैंड की तरफ से जेमी ओवरटन ने सर्वाधिक 3 विकेट हासिल किए, जबकि गस एटकिंसन और लियाम डॉसन ने 2-2 विकेट निकाले। इनके अलावा, हेनरी क्रोकॉम और विल जैक्स को 1-1 विकेट हाथ लगा।
--आईएएनएस
आरएसजी