'संडे ऑन साइकिल' फिटनेस और अनुशासन का जश्न है: रक्षा खडसे

'संडे ऑन साइकिल' फिटनेस और अनुशासन का जश्न है: रक्षा खडसे

श्रीनगर, 26 अप्रैल (आईएएनएस)। केंद्रीय युवा मामले और खेल राज्य मंत्री रक्षा खडसे रविवार को डल झील के किनारे आयोजित 'संडे ऑन साइकिल' कार्यक्रम में शामिल हुईं। इसकी जानकारी उन्होंने सोशल मीडिया पर दी है।

रक्षा खडसे ने अपने आधिकारिक एक्स अकाउंट पर 'संडे ऑन साइकिल' कार्यक्रम से जुड़ी कई तस्वीरों को साझा करते हुए लिखा, "चिंतार शिविर का दूसरा दिन। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के विजन और केंद्रीय युवा मामले और खेल मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया के नेतृत्व को आगे बढ़ाते हुए दिन की शुरुआत संडे ऑन साइकिल कार्यक्रम से हुई। यह कार्यक्रम फिटनेस और अनुशासन का जश्न है।"

उन्होंने आगे लिखा, "इस पहल में कई राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के खेल मंत्रियों और अधिकारियों ने जोश के साथ हिस्सा लिया, जो फिट इंडिया के प्रति एक साझा प्रतिबद्धता को दिखाता है।"

इस कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया के अलावा जम्मू-कश्मीर के खेल मंत्री सतीश शर्मा ने भी हिस्सा लिया। डॉ. मांडविया ने कार्यक्रम में आए स्थानीय लोगों के साथ साइकिलिंग की।

कार्यक्रम के बाद मीडिया से बात करते हुए मांडविया ने कहा, "युवा मामले और खेल मंत्रालय के तहत श्रीनगर में डल झील के किनारे एक 'चिंतन शिविर' का आयोजन किया गया। कश्मीर के लोगों ने प्रतिनिधिमंडल में शामिल विभिन्न राज्यों के मंत्रियों का गर्मजोशी से स्वागत किया और उन्हें सम्मानित किया। यह कार्यक्रम एक खुशनुमा माहौल में आयोजित किया जा रहा है।"

उन्होंने आगे कहा, "इस कार्यक्रम के माध्यम से लोगों के बीच फिटनेस के प्रति जागरूकता फैलायी गई।"

तीन दिवसीय दौरे पर जम्मू-कश्मीर पहुंचे डॉ. मांडविया ने कहा, "किसी भी देश को समृद्ध राष्ट्र बनना है तो देश के नागरिकों का स्वस्थ रहना जरूरी है। नागरिक फिट रहेंगे तो समाज स्वस्थ रहेगा। एक स्वस्थ समाज ही 'विकसित भारत' का निर्माण कर सकता है। इस उद्देश्य को सिद्ध करने के लिए हर रविवार देश में 16 हजार से अधिक स्थानों पर 'संडे ऑन साइकिल' का आयोजन हो रहा है।"

--आईएएनएस

पीएके