स्मैट 2026: महाराष्ट्र ने असम को हराया, जम्मू-कश्मीर, उत्तर प्रदेश, आंध्र और पंजाब ने भी दर्ज की जीत

स्मैट 2026: महाराष्ट्र ने असम को हराया, जम्मू-कश्मीर, उत्तर प्रदेश, आंध्र और पंजाब ने भी दर्ज की जीत

नई दिल्ली, 20 नवंबर (आईएएनएस)। सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी 2026 (स्मैट) में महाराष्ट्र ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए असम को 5 विकेट से हराया। ऋतुराज ने 44 रनों की नाबाद पारी खेली और टीम को जीत दिलाने में अहम भूमिका निभाई। वहीं, जम्मू-कश्मीर, उत्तर प्रदेश, आंध्र ने भी जीत दर्ज की।

महाराष्ट्र बनाम असम : महाराष्ट्र ने असम से मिले 173 रनों के लक्ष्य को आखिरी गेंद पर हासिल किया। विकेटकीपर ऋषिकेश सोनावणे ने 32 गेंदों पर शानदार 54 रन बनाए। वहीं, गायकवाड़ ने नाबाद 44 रन बनाए और सिद्धेश वीर (12 गेंदों पर नाबाद 18 रन) के साथ मिलकर टीम को जीत दिलाई। महाराष्ट्र ने पारी की आखिरी गेंद पर 5 विकेट से जीत हासिल की।

सोनावणे ने लक्ष्य का पीछा करते हुए महाराष्ट्र के लिए एक मजबूत नींव रखी। उन्होंने पृथ्वी शॉ (24 गेंदों पर 29 रन) के साथ दूसरे विकेट के लिए 81 रनों की साझेदारी की। शॉ के आउट होने से टीम पर थोड़ा दबाव जरूर आया, लेकिन गायकवाड़ ने पारी को संभाले रखा, हालांकि इस बीच अर्शिन कुलकर्णी और रामकृष्ण घोष भी आउट हो गए, लेकिन गायकवाड़ और वीर ने मिलकर टीम को जीत तक पहुंचाया। सोनावणे को 'प्लेयर ऑफ द मैच' चुना गया।

पंजाब बनाम तमिलनाडु : इंदौर में खेले गए एक रोमांचक मुकाबले में पंजाब ने तमिलनाडु को 5 रनों से हरा दिया। पंजाब ने 165 रनों का बचाव किया। लक्ष्य का पीछा करते हुए तमिलनाडु की स्थिति काफी मजबूत थी। 11 ओवर के बाद टीम का स्कोर 107/2 था। उन्हें आखिरी 9 ओवरों में जीत के लिए केवल 58 रनों की जरूरत थी और क्रीज पर अर्धशतक जड़ने वाले बालासुब्रमण्यम सचिन और आंद्रे सिद्धार्थ मौजूद थे।

हालांकि, लेग-स्पिनर कार्तिक चड्ढा ने 3 विकेट लेकर मैच का पासा पलट दिया। उन्होंने 12वें ओवर में आंद्रे को आउट किया और फिर 14वें ओवर में 2 और विकेट चटकाकर अपनी टीम को मजबूत स्थिति में ला दिया। कार्तिक ने अच्छी बल्लेबाजी कर रहे सचिन (70 रन) और उसी ओवर में ऋतिक ईश्वरन (5 रन) को आउट करके अपनी टीम की मैच में वापसी कराई।

हरप्रीत बरार ने 15वें ओवर में आर. राजकुमार को आउट किया, जिससे 15 ओवर के बाद तमिलनाडु की टीम 135/6 के स्कोर पर लड़खड़ा गई। पंजाब के गेंदबाजों ने लगातार विकेट लिए, जिसके चलते अंत में शाहरुख खान पर टीम को संभालने की पूरी जिम्मेदारी आ गई। आखिरी सात गेंदों पर 8 रनों की जरूरत थी, तभी सुखदीप बाजवा ने शाहरुख खान को बोल्ड कर दिया। इसके बाद कृष्ण भगत ने गुरजपनीत सिंह को आउट किया, जिससे पंजाब ने 5 रनों से शानदार वापसी करते हुए जीत दर्ज की। यह इस सीजन में पंजाब की तीसरी जीत थी। कार्तिक को उनके मैच पलटने वाले स्पेल के लिए 'प्लेयर ऑफ द मैच' चुना गया।

उत्तर प्रदेश बनाम चंडीगढ़: उत्तर प्रदेश ने चंडीगढ़ को हराकर मुंबई में अपनी दूसरी जीत दर्ज की। उत्तर प्रदेश ने 190 रनों के लक्ष्य का आसानी से बचाव किया और 30 रनों से जीत हासिल की। ​​इस जीत में आर्यन जुयाल और गेंदबाजों का अहम योगदान रहा। जुयाल ने 28 गेंदों पर नाबाद 64 रन बनाए, जिससे उत्तर प्रदेश ने अपने 20 ओवरों में 190/7 का स्कोर खड़ा किया। वहीं, भुवनेश्वर कुमार ने 19 रन देकर 3 विकेट लिए और प्रशांत वीर ने 36 रन देकर 2 विकेट चटकाए।

मध्य प्रदेश बनाम आंध्र: न्यू चंडीगढ़ में आंध्र ने मध्य प्रदेश को 70 रनों के बड़े अंतर से हराया। पहले बल्लेबाजी करते हुए ओपनर शेख रशीद (51) और तीसरे नंबर पर उतरे कप्तान रिकी भुई (57) की मदद से आंध्र ने 186/7 का मजबूत स्कोर बनाया। दूसरे ओपनर मरमरेड्डी हेमंत रेड्डी (17 गेंदों पर 34 रन) ने भी टीम के लिए अच्छा योगदान दिया। गेंदबाजी में सत्यनारायण राजू ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 3.1 ओवर में 14 रन देकर 4 विकेट लिए। वहीं, के.एस. नरसिम्हा राजू और बैलापुडी यशवंत ने भी 2-2 विकेट हासिल किए।

बिहार बनाम जम्मू-कश्मीर: जम्मू-कश्मीर ने शानदार प्रदर्शन करते हुए बिहार को 9 रनों से हराया। पहले बल्लेबाजी करते हुए जम्मू-कश्मीर ने 20 ओवर में 6 विकेट खोकर 190 रन बनाए। टीम की तरफ से अब्दुल समद ने 26 गेंदों में 42 रनों की तेज तर्रार पारी खेली, जबकि युधवीर सिंह ने 9 गेंदों में 36 रनों की नाबाद पारी खेली। हालांकि, इसके जवाब में बिहार की टीम 8 विकेट गंवाकर 181 रन ही बना सकी। टीम की तरफ से आशीष कुमार ने सर्वाधिक 46 रन बनाए, जबकि अल्तमिश अशरफ ने अर्धशतकीय पारी खेली।

वहीं दूसरी ओर, चौथे दौर के मैचों में बारिश ने तीन मुकाबलों में खलल डाला। कोलकाता में खेले जाने वाले हैदराबाद-गोवा, उत्तराखंड-ओडिशा और छत्तीसगढ़-गुजरात के मैच बारिश के कारण रद्द हो गए; इन मैचों में टॉस तक नहीं हो सका।

--आईएएनएस

एसएम/वीसी