आईसीसी ने लगाया तौहीद हिरदॉय पर मैच फीस का 40 प्रतिशत जुर्माना, अंपायर के फैसले की आलोचना करना पड़ा भारी

आईसीसी ने लगाया तौहीद हिरदॉय पर मैच फीस का 40 प्रतिशत जुर्माना, अंपायर के फैसले की आलोचना करना पड़ा भारी

दुबई, 20 नवंबर (आईएएनएस)। बांग्लादेश के बल्लेबाज तौहीद हिरदॉय को जोहान्सबर्ग के वांडरर्स में साउथ अफ्रीका के खिलाफ पहले टेस्ट मैच के दौरान आईसीसी आचार संहिता के लेवल 1 के उल्लंघन का दोषी पाया गया है। इस बल्लेबाज पर उनकी मैच फीस का 40 प्रतिशत जुर्माना लगाया गया है और उन्हें दो डिमेरिट अंक दिए गए हैं।

यह कार्रवाई आईसीसी की खिलाड़ियों और सहयोगी स्टाफ के लिए आचार संहिता के अनुच्छेद 2.8 के उल्लंघन के लिए की गई है, जो अंतरराष्ट्रीय मैच के दौरान अंपायर के फैसले पर असहमति जताने से संबंधित है।

यह घटना बुधवार को उस समय हुई, जब खराब रोशनी के कारण खेल रोक दिया गया था और मैदानी अंपायर अहसान रजा और एलेक्स व्हार्फ बांग्लादेश टीम के ड्रेसिंग रूम की बालकनी के पास से गुजर रहे थे। बांग्लादेश के इस बल्लेबाज ने खेल को पहले न रोकने के अंपायर के फैसले की आलोचना की। आईसीसी के अनुसार,अंपायरों से बात करने का उनका तरीका आक्रामक और अनुचित था।

हिरदॉय ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया और एमिरेट्स आईसीसी एलीट पैनल ऑफ मैच रेफरी के एंडी पाइक्रॉफ्ट द्वारा तय की गई सजा को भी मान लिया है। इसके चलते किसी औपचारिक सुनवाई की जरूरत नहीं पड़ी। ये आरोप मैदानी अंपायर रजा और व्हार्फ, तीसरे अंपायर आसिफ याकूब और चौथे अंपायर लुबाबालो गकुमा ने लगाए थे। पिछले 24 महीनों में हिरदॉय का यह पहला अपराध था। लेवल 1 के उल्लंघन के लिए खिलाड़ी को कम से कम आधिकारिक चेतावनी और अधिकतम मैच फीस का 50 प्रतिशत जुर्माना तथा एक या दो डिमेरिट अंक दिए जा सकते हैं।

इस बीच साउथ अफ्रीका ने गुरुवार को पहले टेस्ट को 9 विकेट से अपने नाम किया। टीम ने बांग्लादेश से मिले महज 12 रनों के लक्ष्य को एक विकेट गंवाकर हासिल किया। बांग्लादेश को अपनी दूसरी पारी में काफी संघर्ष करना पड़ा और पहली पारी में 157 रनों से पिछड़ने के बाद उनकी पूरी टीम दूसरी पारी में केवल 168 रनों पर सिमट गई थी। साउथ अफ्रीका ने पहले ही ओवर में ओपनर मार्केस एकरमैन का विकेट गंवा दिया, लेकिन दूसरे ओवर में ही लक्ष्य हासिल कर लिया और सीरीज में 1-0 की बढ़त बनाई। इस जीत के बाद साउथ अफ्रीका वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप की प्वाइंट्स टेबल में भी नंबर एक पर आ गई है।

--आईएएनएस

एसएम/वीसी