स्मैट 2026: कर्नाटक ने बड़ौदा को 8 विकेट से हराया, हरियाणा ने जम्मू-कश्मीर के खिलाफ दर्ज की रोमांचक जीत

स्मैट 2026: कर्नाटक ने बड़ौदा को 8 विकेट से हराया, हरियाणा ने जम्मू-कश्मीर के खिलाफ दर्ज की रोमांचक जीत

नई दिल्ली, 26 नवंबर (आईएएनएस)। 'सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी (स्मैट)- 2026' में कर्नाटक ने शानदार प्रदर्शन करते हुए बड़ौदा को 8 विकेट से हराया। वहीं, हरियाणा ने रोमांचक मुकाबले में जम्मू-कश्मीर के खिलाफ 2 विकेट से जीत दर्ज की।

कर्नाटक बनाम बड़ौदा: ग्रुप ए के मुकाबले में बड़ौदा के बल्लेबाजों ने कर्नाटक के गेंदबाजों के आगे आसानी से घुटने टेक दिए और पूरी टीम सिर्फ 118 रन बनाकर सिमट गई। टीम की ओर से ध्रुव पटेल ने सर्वाधिक 33 रन बनाए, जबकि शाश्वत रावत ने 27 गेंदों में 31 रनों का योगदान दिया। कर्नाटक की ओर से गेंदबाजी में श्रीशा आचार ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए 4 ओवर में 24 रन देकर चार विकेट चटकाए। वहीं, विद्वथ कावेरप्पा ने 28 रन देकर 4 विकेट झटके।

कर्नाटक ने 119 रनों के लक्ष्य को 16.1 ओवर में महज 2 विकेट खोकर हासिल कर लिया। रोहन पाटिल ने 42 गेंदों में 4 चौके और 3 छक्कों की मदद से 48 रन बनाए। वहीं, कृष्णन श्रीजीत ने 33 रनों की अहम पारी खेली। दोनों ने मिलकर पहले विकेट के लिए 58 गेंदों में 61 रन जोड़े और टीम को अच्छी शुरुआत दी। इसके बाद नंबर तीन पर उतरे करुण नायर 30 और कप्तान स्मरण रविचंद्रन 6 रन बनाकर नाबाद रहे और टीम को जीत दिलाकर लौटे।

हरियाणा बनाम जम्मू-कश्मीर: ग्रुप बी के मैच में हरियाणा ने जम्मू-कश्मीर को 2 विकेट से हराया। पहले बल्लेबाजी करते हुए जम्मू-कश्मीर ने 20 ओवर में 9 विकेट गंवाकर स्कोरबोर्ड पर 167 रन बनाए। जम्मू-कश्मीर की ओर से अब्दुल समद ने शानदार बैटिंग करते हुए 45 गेंदों में 77 रनों की आतिशी पारी खेली। अपनी इस पारी में उन्होंने 5 चौके और 6 छक्के लगाए। गेंदबाजी में हरियाणा की तरफ से कनिष्क चौहान ने महज 10 रन देकर 3 विकेट चटकाए। युजवेंद्र चहल ने 4 ओवर में 33 रन देकर 2 विकेट निकाले।

हरियाणा ने 168 रनों के लक्ष्य को एक गेंद शेष रहते हुए हासिल किया। यशवर्धन दलाल ने महज 18 गेंदों में 3 चौके और तीन छक्कों की मदद से 38 रन बनाए। वहीं, कप्तान अंकित राजेश कुमार ने 28 गेंदों में 35 रनों की अहम पारी खेली। अंत के ओवरों में राहुल तेवतिया ने 10 गेंदों का सामना करते हुए 20 रनों की नाबाद पारी खेली और टीम को जीत दिलाकर लौटे।

--आईएएनएस

एसएम/एबीएम