20 लीटर दूध और गुलाब की पंखुड़ियों से नहाकर शूटिंग करते हैं रवि किशन? अभिनेता ने सुनाया मजेदार किस्सा

20 लीटर दूध और गुलाब की पंखुड़ियों से नहाकर शूटिंग करते हैं रवि किशन? अभिनेता ने सुनाया मजेदार किस्सा

मुंबई, 26 नवंबर (आईएएनएस)। अभिनेता रवि किशन दमदार अदाकारी के साथ-साथ अपने मजाकिया अंदाज के लिए भी जाने जाते हैं। हाल ही में वह अपने बारे में फैली एक ऐसी अफवाह को लेकर चर्चा में आ गए, जिसे सुनकर खुद उनकी भी हंसी छूट गई।

दरअसल, लोगों के बीच यह बात फैली हुई है कि रवि किशन कैमरे के सामने आने से पहले 20 लीटर दूध और गुलाब की पंखुड़ियों से नहाते हैं। अब अभिनेता ने इस अजीबोगरीब अफवाह का जिक्र करते हुए इससे जुड़ा एक मजेदार किस्सा सुनाया।

रवि किशन जल्द ही क्विज रियलिटी शो 'कौन होनार करोड़पति' के एक खास एपिसोड में अभिनेत्री माधुरी दीक्षित के साथ हॉट सीट पर नजर आएंगे। शो के दौरान दोनों के बीच हुई बातचीत में माधुरी ने रवि से उनके बारे में फैली उस अफवाह के बारे में पूछा, जिसे सुनकर उन्हें सबसे ज्यादा हंसी आती है। इस पर अभिनेता ने दूध और गुलाब की पंखुड़ियों से नहाने वाली बात का खुलासा किया।

रवि ने हंसते हुए बताया, ''लोग कहते हैं कि 20 लीटर दूध से नहाता है ये, फिर शॉट देता है। यह सुनकर मैं हंसकर गिर गया।''

इसके बाद उन्होंने इस अफवाह से जुड़ा एक और दिलचस्प किस्सा सुनाया। रवि ने कहा, ''छठ पूजा के मौके पर मैं पूरी रात गोरखपुर के अलग-अलग घाटों पर घूमता रहा था। इसके बाद मुझे सुबह-सुबह अपनी शूटिंग के लिए फ्लाइट पकड़नी थी। मैं शूटिंग के लिए समय पर पहुंच गया और अपनी वैनिटी वैन में तैयार भी हो गया, लेकिन वहां मेरे लिए न तो 20 लीटर दूध का इंतजाम था और न ही गुलाब की पंखुड़ियों का।''

रवि ने माधुरी से कहा, ''आप मेरे साथ काम कर चुकी हैं और आप अच्छी तरह जानती हैं कि क्या मैं सच में शूटिंग से पहले ऐसा कुछ करता हूं।''

इस पर माधुरी ने रवि से जुड़ी इस अफवाह को गलत बताया। उन्होंने कहा, ''रवि अक्सर रातभर सफर करके शूटिंग पर पहुंचते थे और आते ही काम के लिए तैयार हो जाते थे। वह बिल्कुल भी वैसे नहीं हैं, जैसा उनके बारे में बताया जाता है।''

गौरतलब है कि रवि किशन और माधुरी दीक्षित पहली बार फिल्म 'मां बहन' में साथ नजर आए थे। सुरेश त्रिवेणी के निर्देशन में बनी इस फिल्म में तृप्ति डिमरी और धारणा दुर्गा भी अहम भूमिकाओं में हैं।

--आईएएनएस

पीके/एबीएम