स्मैट 2026 : झारखंड ने कर्नाटक को 7 विकेट से दी शिकस्त, सौराष्ट्र, बंगाल और केरल ने दर्ज की आसान जीत

स्मैट 2026: झारखंड ने कर्नाटक को 7 विकेट से दी शिकस्त, सौराष्ट्र, बंगाल और केरल ने दर्ज की आसान जीत

नई दिल्ली, 20 नवंबर (आईएएनएस)। सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी (स्मैट) 2026 में डिफेंडिंग चैंपियन झारखंड जीत की पटरी पर लौट आई है। शुक्रवार को मुंबई में खेले गए ग्रुप ए के मुकाबले में झारखंड ने कर्नाटक को 7 विकेट से हराया। वहीं, सौराष्ट्र, बंगाल और केरल ने भी आसान जीत दर्ज की।

झारखंड बनाम कर्नाटक: ग्रुप स्टेज के अपने चौथे मैच में 175 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए झारखंड की तरफ से विराट सिंह और अनुकूल रॉय ने क्रमशः नाबाद 60 और 54 रन बनाए। इससे टीम को लीग स्टेज में मिली पिछली दो हार के बाद वापसी करने में मदद मिली। डिफेंडिंग चैंपियन ने सीजन की शुरुआत मिजोरम के खिलाफ शानदार जीत के साथ की थी, लेकिन इसके बाद उन्हें राजस्थान और बंगाल के खिलाफ हार का सामना करना पड़ा था। अगले दौर की रेस में बने रहने के लिए यह जीत उनके लिए बहुत अहम है।

मीडियम-फास्ट बॉलर प्रत्युष कुमार ने पहली पारी में 29 रन देकर 3 विकेट लिए, जिससे कर्नाटक की टीम 174/9 के स्कोर पर ही रुक गई। इसके बाद बल्लेबाजों ने मोर्चा संभाला। 7.4 ओवर में 68/3 के स्कोर पर झारखंड टीम थोड़ी मुश्किल में थी, लेकिन विराट और कप्तान अनुकूल ने नाबाद 110 रनों की साझेदारी करके टीम को जीत दिलाई।

सौराष्ट्र बनाम दिल्ली: इंदौर में ग्रुप बी के मुकाबले में सौराष्ट्र ने दिल्ली को पांच विकेट से हराया। टीम की जीत में जयदेव उनादकट का अहम योगदान रहा। कप्तान उनादकट ने अपने चार ओवरों में 23 रन देकर 3 विकेट लिए, जबकि चेतन सकारिया और क्रैन्स फुलेत्रा ने 2-2 विकेट चटकाए। इससे दिल्ली की टीम 9 विकेट गंवाकर 152 रन ही बना सकी। दिल्ली के लिए ओपनर यश धुल ने 32 गेंदों में 43 रन बनाए, जबकि नीतीश राणा ने 40 गेंदों में 20 रन जोड़े। हालांकि, उनादकट की टीम ने लक्ष्य का बखूबी पीछा किया और शानदार गेंदबाजी के लिए कप्तान उनादकट को 'प्लेयर ऑफ द मैच' चुना गया।

सौराष्ट्र के लिए नंबर 4 पर उतरे प्रेरक मांकड़ ने 31 गेंदों में 47 रन बनाए, जबकि रुचित अहीर ने 4 गेंदों में 11 रनों की छोटी लेकिन असरदार पारी खेली। इन पारियों की बदौलत टीम ने दो ओवर शेष रहते और पांच विकेट हाथ में रहते हुए जीत हासिल कर ली। सौराष्ट्र ग्रुप बी में अब तक अजेय है और उसने लीग चरण के अपने चारों मैच जीते हैं, जबकि दिल्ली को चार मैचों में यह दूसरी हार मिली है।

बंगाल बनाम मिजोरम: बंगाल ने इस सीजन में अपनी तीसरी जीत दर्ज की। उन्होंने मुंबई में खेले गए ग्रुप ए के मैच में मिजोरम को 93 रनों के बड़े अंतर से हराया। अभिमन्यु ईश्वरन की कप्तानी वाली बंगाल टीम ने 20 ओवरों में 196/2 का मजबूत स्कोर खड़ा किया, जिसमें ओपनर अभिषेक पोरेल (52) और करण लाल (67) ने अर्धशतक जड़े। तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी करने आए शाकिर हबीब गांधी (40) और ऋषभ चौधरी (35) ने भी अहम योगदान दिया, जिससे बंगाल 200 रन के करीब पहुंच सका। इसके जवाब में मिजोरम के विकेट लगातार अंतराल पर गिरते रहे। बंगाल की ओर से गेंदबाजी में ऋषभ ने चार और करण ने तीन विकेट लिए। मिजोरम के लिए तीसरे नंबर पर उतरे चिन्मय सुतार ने 43 गेंदों में 61 रन बनाए, लेकिन यह जीत के लिए काफी नहीं था और बंगाल ने 93 रनों से मुकाबला अपने नाम किया।

केरल बनाम त्रिपुरा: त्रिपुरा ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 9 विकेट खोकर 121 रन बनाए। केरल की तरफ से गेंदबाजी में केएम आसिफ और कार्तिक बी नायर ने दो-दो विकेट चटकाए। श्रीदम पॉल ने त्रिपुरा की तरफ से सर्वाधिक 41 रन बनाए। हालांकि, केरल ने 122 रनों के लक्ष्य को महज 13 ओवर में हासिल कर लिया। टीम की ओर से सलमान निजार ने 29 गेंदों में 51 रनों की आतिशी पारी खेली। वहीं, रोहन कुन्नुम्मल ने 22 गेंदों में 38 रन बनाए।

--आईएएनएस

एसएम/एबीएम