रानी मुखर्जी से लेकर क्रुबा सैत तक, जब वर्दी में इन अभिनेत्रियों ने पर्दे पर लिखी ताकत की नई परिभाषा

रानी मुखर्जी से लेकर क्रुबा सैत तक, जब वर्दी में इन अभिनेत्रियों ने पर्दे पर लिखी ताकत की नई परिभाषा

मुंबई, 18 मार्च (आईएएनएस)। फिल्मों और वेब सीरीज की दुनिया में वर्दी हमेशा से ताकत, अनुशासन और जिम्मेदारी का प्रतीक रही है। जब भी स्क्रीन पर कोई पुलिस या अधिकारी की वर्दी में नजर आता है, तो दर्शकों के मन में अपने आप एक भरोसा पैदा हो जाता है। जब यही वर्दी अभिनेत्रियां पहनती हैं, तो कहानी सिर्फ ताकत तक सीमित नहीं रहती, बल्कि उसमें भावनाएं, समझदारी और इंसानियत भी जुड़ जाती है।

बीते कुछ सालों में बॉलीवुड और ओटीटी प्लेटफॉर्म पर कई ऐसी अभिनेत्रियां सामने आई हैं, जिन्होंने अपने किरदारों के जरिए यह साबित किया है कि असली शक्ति सिर्फ सख्ती में नहीं, बल्कि सहानुभूति में भी होती है। इन कलाकारों ने अपने अभिनय से वर्दी को सिर्फ एक पोशाक नहीं, बल्कि एक जिम्मेदारी और सोच का प्रतीक बना दिया है।

रानी मुखर्जी :- रानी ने फिल्म 'मर्दानी' में शिवानी शिवाजी रॉय का किरदार निभाया। उनका रोल एक निडर और ईमानदार पुलिस अधिकारी का था, जो किसी भी हालत में गलत के खिलाफ खड़ी रहती है। रानी का आत्मविश्वास और उनका मजबूत अंदाज दर्शकों को संदेश देता है कि डर से ऊपर उठकर सही के लिए लड़ना ही असली हिम्मत है। उनका किरदार सख्त जरूर है, लेकिन उसके पीछे एक संवेदनशील दिल भी छिपा है, जो हर पीड़ित के दर्द को समझता है।

शेफाली शाह :- शेफाली ने वेब सीरीज 'दिल्ली क्राइम' में वर्तिका चतुर्वेदी का किरदार निभाया। उनका अभिनय बहुत ही शांत और संतुलित है। वह दिखाती हैं कि एक अच्छा लीडर वह होता है, जो बिना शोर मचाए सही फैसले लेता है। उनकी आंखों और हाव-भाव में एक गहराई है, जो उनके किरदार को और भी असली बनाती है। उन्होंने यह साबित किया कि सच्ची ताकत आवाज ऊंची करने में नहीं, बल्कि समझदारी से काम लेने में होती है।

यामी गौतम :- यामी ने फिल्म 'दसवी' में जेल सुपरिंटेंडेंट ज्योति देसवाल का किरदार निभाया। उनका रोल दिखाता है कि शांत रहकर भी सख्ती दिखाई जा सकती है। वह ज्यादा गुस्सा दिखाए बिना अपने नियमों पर कायम रहती हैं। उनका संयमित व्यवहार यह सिखाता है कि हर स्थिति में संतुलन बनाए रखना ही असली ताकत है।

मोना सिंह :- मोना ने 'कोहरा' में अपने अभिनय से अलग पहचान बनाई। उनका किरदार ज्यादा बोलता नहीं, लेकिन उनके एक्सप्रेशंस बहुत कुछ कह जाते हैं। वह कठिन परिस्थितियों में भी शांत रहती हैं और अपने काम को पूरी ईमानदारी से निभाती हैं। उनका अभिनय यह दिखाता है कि असली मजबूती अक्सर खामोशी में छिपी होती है।

क्रुबा सैत :- क्रुबा ने 'संकल्प' में डीसीपी परवीन शेख के किरदार को निभाते हुए अपनी अलग छाप छोड़ी। उनका बॉडी लैंग्वेज और आत्मविश्वास यह दिखाता है कि वर्दी उनके लिए सिर्फ एक ड्रेस नहीं, बल्कि उनकी पहचान का हिस्सा है। उनका शांत और सतर्क अंदाज दर्शकों को यह एहसास कराता है कि जिम्मेदारी निभाने के लिए धैर्य और समझ बहुत जरूरी है।

सोनाक्षी सिन्हा :- सोनाक्षी ने वेब सीरीज 'दहाड़' में सब-इंस्पेक्टर अंजलि भाटी का किरदार निभाया। छोटे शहर की पृष्ठभूमि में उनका किरदार बेहद असली और जुड़ाव भरा लगता है। वह बिना दिखावे के अपने काम को पूरी ईमानदारी से करती हैं और हर केस को समझदारी से सुलझाती हैं। उनका अभिनय यह दिखाता है कि आत्मविश्वास और सादगी साथ-साथ चल सकते हैं।

भूमि पेडनेकर :- भूमि ने 'दलदल' में एक सख्त और दमदार पुलिस अधिकारी का किरदार निभाया है। उनका रोल संघर्ष से भरा है, जहां वह हर दिन चुनौतियों का सामना करती हैं। फिर भी वह अपने कर्तव्यों से पीछे नहीं हटतीं। उनका अभिनय सच्चा लगता है, जो दर्शकों को गहराई से जोड़ता है।

--आईएएनएस

पीके/एबीएम