पीएम सूर्य घर योजना से अमरावती के लोगों को मिल रही आर्थिक राहत, लाभार्थी बोले- हर महीने हजारों की बचत

पीएम सूर्य घर योजना से अमरावती के लोगों को मिल रही आर्थिक राहत, लाभार्थी बोले- हर महीने हजारों की बचत

अमरावती, 21 अक्टूबर (आईएएनएस)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना से लोगों को बिजली बिल में राहत मिल रही है। महाराष्ट्र के अमरावती में योजना के एक लाभार्थी ने बताया कि सोलर सिस्टम लगने के बाद उनके परिवार के बिजली खर्च में काफी कमी आई है। उन्होंने इस योजना के लिए प्रधानमंत्री का आभार जताया।

घर की बिजली का बढ़ता बिल आम परिवारों के बजट पर असर डालता है। ऐसे में केंद्र सरकार की पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना लोगों के लिए राहत लेकर आई है। महाराष्ट्र के अमरावती में रहने वाले रवि कुमार ने करीब दो साल पहले इस योजना का लाभ लिया था। उनके घर में सोलर सिस्टम लगने के बाद बिजली बिल में बड़ी कमी आई है।

रवि कुमार ने आईएएनएस से बात करते हुए बताया कि पहले उनका बिजली बिल तीन से चार हजार रुपये तक आता था, लेकिन अब उन्हें हर महीने केवल 200 से 300 रुपये तक का शुल्क देना पड़ता है। इससे उनके परिवार की आर्थिक बचत हो रही है। उन्होंने कहा कि यह योजना हर भारतीय नागरिक और हर घर के लिए लाभकारी है।

रवि कुमार ने कहा कि पीएम सूर्य घर योजना से उनके जैसे कई परिवारों को राहत मिल रही है। बिजली खर्च में बचत होने से परिवार के दूसरे जरूरी खर्चों के लिए भी पैसे बचाए जा सकते हैं। उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी का धन्यवाद करते हुए कहा कि सरकार ऐसी जनकल्याणकारी योजनाएं आगे भी जारी रखे, ताकि अधिक से अधिक परिवार इनका लाभ उठा सकें।

पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना का उद्देश्य घरों की छतों पर सोलर सिस्टम लगाने को बढ़ावा देना और परिवारों के बिजली खर्च को कम करने में मदद करना है। अमरावती के रवि कुमार का अनुभव बताता है कि सौर ऊर्जा अपनाने से उनके परिवार को बिजली बिल में राहत मिली है।

--आईएएनएस

पीआईएम/पीएम