नई दिल्ली, 5 मार्च (आईएएनएस)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों से फोन पर बातचीत की। दोनों ने इस संकट काल में वार्ता और कूटनीतिक तरीकों से मामले को हल करने पर बल दिया।
पीएम मोदी ने एक्स प्लेटफॉर्म पर इसकी जानकारी दी। मध्य पूर्व संकट को लेकर हुई इस कॉल में शांति और स्थिरता बहाली को लेकर गंभीर मंत्रणा हुई।
प्रधानमंत्री ने एक्स पर लिखा, "गुरुवार को अपने मित्र इमैनुएल मैक्रों से बात की। हमने वेस्ट एशिया में बदलते हालात पर बात की। हम दोनों ने माना कि मौजूदा संकट का समाधान केवल संवाद और कूटनीति से ही संभव है। हम इस इलाके में शांति और स्थिरता को बहाल करने के लिए इस दिशा में मिलकर अपनी कोशिश जारी रखेंगे ताकि इलाके में हालात सामान्य हों।
दूसरी ओर, विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने भी ईरान के विदेश मंत्री सैयद अब्बास अराघची और ओमान के विदेश मंत्री सैय्यद बद्र बिन हमद बिन हमूद अलबुसैदी से बात की।
अमेरिका-इजरायल और ईरान जंग के छठे दिन भारत ने ईरानी सुप्रीम लीडर अयातुल्ला अली खामेनेई की मौत पर शोक जताया। भारत सरकार की ओर से विदेश सचिव विक्रम मिस्री ने नई दिल्ली स्थित ईरानी दूतावास जाकर खामेनेई के निधन पर दुख व्यक्त किया। उन्होंने शोक पुस्तिका पर हस्ताक्षर कर श्रद्धांजलि अर्पित की।
इस बीच, ईरान ने गुरुवार को अजरबैजान पर आरोप लगाया कि उसने एक हवाई अड्डे और स्कूल को ड्रोन हमले से नुकसान पहुंचाया है। इस अटैक में दो लोगों के घायल होने की पुष्टि भी की गई। बाकू ने ईरानी राजदूत को बुलाकर इस हमले पर सख्त ऐतराज जताया। अजरबैजान पर अमेरिका का कोई बेस भी नहीं है, लेकिन पिछले कुछ दिनों में उसने अमेरिका के प्रति नरम रुख अपनाया है।
तस्नीम न्यूज एजेंसी ने फाउंडेशन ऑफ मार्टियर्स एंड वेटरन अफेयर्स के हवाले से बताया है कि ईरान में यूएस-इजरायल के हमलों में मरने वालों की संख्या बढ़कर 1,230 हो गई है।
--आईएएनएस
केआर/