पीएम मोदी और सीएम विजय के एक मंच पर आने से तमिलनाडु को मिलेगा फायदा : भाजपा नेता कस्तूरी

पीएम मोदी और सीएम विजय के एक मंच पर आने से तमिलनाडु को मिलेगा फायदा : भाजपा नेता कस्तूरी

चेन्नई, 11 अक्टूबर (आईएएनएस)। चेन्नई में आयोजित एक बड़े कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय के एक साथ मंच साझा करने पर सियासी प्रतिक्रियाएं सामने आई हैं। भाजपा नेता और एक्ट्रेस कस्तूरी और टीवीके नेता डॉ. एम. सत्यकुमार ने इसे तमिलनाडु के विकास के लिए अहम बताया।

भाजपा नेता और एक्ट्रेस कस्तूरी ने कहा, "तमिलनाडु बहुत भाग्यशाली है कि उसे ऐसे प्रधानमंत्री मिले हैं जो इस राज्य के मामलों में इतनी दिलचस्पी लेते हैं। दूसरी जगहों के उलट, तमिलनाडु में भाजपा की सरकार नहीं है, लेकिन हमें यहां प्रधानमंत्री का व्यक्तिगत सहयोग और आशीर्वाद मिला है, जो प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री जोसेफ विजय, दोनों के भाषणों में साफ दिखा। मुख्यमंत्री ने साफ कहा कि वह राज्य और केंद्र के बीच संघीय सहयोग में विश्वास रखते हैं।"

उन्होंने राज्य के बकाया फंड के मुद्दे पर भी टिप्पणी की। कस्तूरी ने कहा, "मुझे लगता है कि कुछ बातों पर थोड़ा और विचार करने की जरूरत है। जैसे तमिलनाडु का बकाया पैसा। इसके अलग-अलग मतलब निकाले जा सकते हैं और मेरा मानना है कि किसी आंकड़े पर पहुंचने से पहले मुख्यमंत्री विजय को थोड़ी और जांच-पड़ताल करनी चाहिए।"

वहीं, टीवीके नेता और प्रवक्ता डॉ. एम. सत्यकुमार ने मुख्यमंत्री जोसेफ विजय की कार्यशैली की तारीफ की। उन्होंने कहा, "देखिए, तमिलनाडु के लोगों को मेरे नेता पर बहुत भरोसा है। इसलिए वह रोजाना काम कर रहे हैं और हम यह देख सकते हैं। यह पिछली सरकार जैसा नहीं है, जहां हमें निजी तौर पर जाकर प्रस्ताव मांगने पड़ते थे।"

उन्होंने इस कार्यक्रम को बेहद सफल करार दिया। डॉ. सत्यकुमार ने कहा, "यह एक बहुत ही सफल कार्यक्रम रहा, जिसमें तमिलनाडु के मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री एक मंच पर बैठकर लगभग 13,000 करोड़ रुपए की परियोजनाओं की शुरुआत कर रहे थे। यह कोई छोटी रकम नहीं है, लेकिन तमिलनाडु के लिए यह काफी नहीं है। तमिलनाडु के मुख्यमंत्री ने यही कहा कि हमें एक मजबूत राज्य चाहिए। जब हम मजबूत राज्य की बात करते हैं तो राज्य के विकास के लिए हमें वित्तीय सहायता की जरूरत होती है।"

चेन्नई में हुए इस कार्यक्रम में केंद्र और राज्य के बीच समन्वय और संघीय सहयोग का संदेश दिया गया, जिसमें 13,000 करोड़ रुपए से अधिक की विकास परियोजनाओं का शिलान्यास और उद्घाटन किया गया।

--आईएएनएस

एससीएच/वीसी