रावलपिंडी, 11 अक्टूबर (आईएएनएस)। पाकिस्तान ने श्रीलंका के खिलाफ रावलपिंडी क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए टी20 सीरीज के दूसरे मुकाबले को 82 रन से अपने नाम किया। इसी के साथ मेजबान टीम ने तीन मुकाबलों की सीरीज में 2-0 से अजेय बढ़त हासिल कर ली है।
पाकिस्तान ने सीरीज का पहला मैच 4 विकेट से अपने नाम किया था, जिसके बाद अगला मुकाबला भी अपने नाम करते हुए पाकिस्तान ने श्रीलंका को सम्मान बचाने की स्थिति में डाल दिया है। तीसरा और अंतिम मैच 13 अक्टूबर को खेला जाना है।
रविवार को टॉस गंवाकर बल्लेबाजी करने उतरी पाकिस्तानी टीम ने 3 विकेट खोकर 215 रन बनाए। फखर जमां के साथ कप्तान साहिबजादा फरहान ने 6.5 ओवरों में 55 रन की साझेदारी की। फखर जमां 17 गेंदों में 4 चौकों के साथ 22 रन बनाकर आउट हुए।
इसके बाद फरहान ने माज सदाकत के साथ दूसरे विकेट के लिए 48 गेंदों में 88 रन जुटाकर स्कोर 143 रन तक पहुंचा दिया। फरहान 73 रन बनाकर आउट हुए। उनकी इस पारी में 5 छक्के और 4 चौके शामिल रहे। इसके बाद माज सदाकत ने हसन नवाज के साथ तीसरे विकेट के लिए 31 गेंदों में 72 रन जोड़कर टीम को विशाल स्कोर तक पहुंचा दिया।
सदाकत अपने शतक से महज 4 रन दूर रह गए। उन्होंने 51 गेंदों में 7 छक्कों और 6 चौकों के साथ 96 रन की पारी खेली, जबकि हसन नवाज 9 गेंदों में 19 रन बनाकर नाबाद रहे। विपक्षी खेमे से महेश थीक्षाना, ईशान मलिंगा और दासुन शनाका ने 1-1 विकेट हासिल किया।
इसके जवाब में श्रीलंकाई टीम निर्धारित ओवरों में 7 विकेट खोकर 133 रन ही बना सकी। इस टीम के लिए चामिंदु विक्रमसिंघे ने सर्वाधिक 29 रन बनाए, जबकि महेश दीक्षाना ने 26 गेंदों में 4 चौकों के साथ नाबाद 32 रन की पारी खेली। इनके अलावा, कामिंदु मेंडिस ने 23 रन और सिनेथ जयवर्धने ने 22 रन का योगदान टीम के खाते में दिया, लेकिन श्रीलंका को जीत नहीं दिला सके। विपक्षी खेमे से मोहम्मद इमरान रंधावा ने सर्वाधिक 3 विकेट हासिल किए, जबकि सलमान मिर्जा ने 2 विकट चटकाए।
--आईएएनएस
आरएसजी