पहला वनडे: अर्शदीप ने झटके 4 विकेट, न्यूजीलैंड ने भारत को दिया 186 रन का लक्ष्य

पहला वनडे: अर्शदीप ने झटके 4 विकेट, न्यूजीलैंड ने भारत को दिया 186 रन का लक्ष्य

ऑकलैंड, 4 नवंबर (आईएएनएस)। भारतीय क्रिकेट टीम ने ईडन पार्क में खेले जा रहे सीरीज के पहले वनडे में न्यूजीलैंड को 185 रन पर समेट दिया है। टीम इंडिया के लिए सबसे ज्यादा 4 विकेट अर्शदीप सिंह ने लिए।

भारतीय टीम के कप्तान शुभमन गिल ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया था। गेंदबाजों ने गिल के फैसले को बिल्कुल सही साबित किया। न्यूजीलैंड की शुरुआत अच्छी नहीं रही। विल यंग 9 रन बनाकर 22 के स्कोर पर पहले विकेट के रूप में आउट हुए। इसके बाद विकेट गिरने का सिलसिला कभी नहीं रुका। कीवी टीम को कभी भी बड़ी साझेदारी नहीं मिली।

डेवॉन कोनवे की जगह टीम में शामिल किए विकेटकीपर बल्लेबाज टिम सिफर्ट ने सर्वाधिक 38 रन बनाए। 43 गेंदों की पारी में सिफर्ट ने 2 छक्के और 3 चौके लगाए। डेरिल मिचेल ने 41 गेंदों पर 28 और ग्लेन फिलिप्स ने 51 गेंदों पर 30 रन की पारी खेली। इसके अलावा कोई भी कीवी बल्लेबाज भारतीय गेंदबाजों का सामना नहीं कर सका। मिचेल को रोहित शर्मा ने रन आउट किया।

एक समय 146 के स्कोर पर 9 विकेट खोकर मुश्किल में दिखी कीवी टीम के लिए ब्लेयर टिकनर संकटमोचक बनकर आए। आखिरी नंबर पर बल्लेबाजी के लिए आए इस खिलाड़ी ने 23 गेंदों पर 34 रन की पारी खेलकर टीम का स्कोर 185 तक पहुंचाया। आखिरी विकेट के लिए हुई 39 रन की साझेदारी में टिकनर को डफी नाबाद 15 का भी सहयोग मिला। कीवी टीम 40.2 ओवर में 185 रन पर सिमट गई।

भारत की तरफ से अंशुल कंबोज ने बेहद किफायती गेंदबाजी की। कंबोज ने 10 ओवर में 2 मेडन फेंकते हुए मात्र 22 रन देकर 2 विकेट लिए। अर्शदीप सिंह थोड़े महंगे रहे। अर्शदीप ने 10 ओवर में 70 रन देकर 4 विकेट लिए। गुरनूर बरार ने 9.2 ओवर में 44 रन देकर 3 विकेट लिए।

--आईएएनएस

पीएके