बादशाह और श्रेया घोषाल का पहला कोलैब, नया गाना 'महिया' हुआ रिलीज

बादशाह और श्रेया घोषाल का पहला कोलैब, नया गाना 'महिया' हुआ रिलीज

मुंबई, 4 नवंबर (आईएएनएस)। मशहूर रैपर बादशाह और दिग्गज गायिका श्रेया घोषाल ने बुधवार को नया रोमांटिक गाना 'महिया' रिलीज किया है। संगीत की दुनिया के इन दो दिग्गजों का यह पहला आधिकारिक कोलैबोरेशन है, जिसे लेकर फैंस के बीच जबरदस्त उत्साह बना हुआ है।

इस गाने को खुद बादशाह ने लिखा है और हितेन ने इसका संगीत तैयार किया है। श्रेया घोषाल की सुरीली आवाज और बादशाह के मेलोडिक रैप का यह एक अनोखा मेल है। गाने के म्यूजिक वीडियो में मशहूर एक्ट्रेस और सोशल मीडिया स्टार अवनीत कौर नजर आ रही हैं।

बादशाह ने इसे दो अलग-अलग म्यूजिकल यूनिवर्स का मिलन और एक खूबसूरत यूनिवर्सल लव स्टोरी बताया है। बादशाह ने कहा, "सब जानते हैं कि श्रेया जी रोमांटिक गानों की क्वीन हैं। इंडियन आइडल के सेट पर हमारी दोस्ती हमेशा से बहुत अच्छी रही है, लेकिन उस एनर्जी को स्टूडियो में इस गाने के लिए लाना बिल्कुल अलग अनुभव था।"

बादशाह ने आगे कहा, "'महिया' एक ऐसा गाना है, जिसमें चाहत, प्यार और जश्न का खूबसूरत मेल है। यह गाना हर किसी के मन में बस जाएगा और इसे सुनकर लोगों को ऐसा अहसास होगा कि दो अलग-अलग म्यूजिक की दुनिया के लोग साथ मिलकर यूनिवर्सल लव स्टोरी सुना रहे हैं।"

श्रेया ने गाने को लेकर कहा, "मैंने और बादशाह ने साथ में जजिंग करते हुए कई शानदार पल शेयर किए हैं, लेकिन एक साथ किसी गाने पर काम करना काफी समय बाद हुआ है। बादशाह ने 'महिया' में नया और फ्रेश नजरिया पेश किया है। इस गाने में गहरी भावनाओं को मॉडर्न म्यूजिक के साथ खूबसूरती से मिलाया गया है और मुझे लगता है कि फैंस को उनका अंदाज बहुत पसंद आएगा।"

अभिनेत्री अवनीत कौर ने गाने का हिस्सा बनने को 'एक सपने के सच होने जैसा' बताया। उन्होंने कहा, "मैं श्रेया मैम के गाने सुनते हुए बड़ी हुई हूं और सालों से बादशाह भाई के म्यूजिक को फॉलो करती आई हूं, इसलिए एक ऐसे प्रोजेक्ट का हिस्सा बनना जो इन दोनों की प्रतिभा को एक साथ लाता है, मेरे लिए बेहद खास है। मैं बेसब्री से इंतजार कर रही हूं कि दर्शक ‘महिया’ को देखें और उस प्यार और इमोशन्स से जुड़ें, जिसे हमने इसमें लाने की कोशिश की है। मुझे उम्मीद है कि यह गाना लोगों के दिलों में जगह बनाएगा और उनकी अपनी लव स्टोरी का हिस्सा बनेगा।"

इस गाने के वीडियो को पॉपुलर जोड़ी पीयूष-शाजिया ने कोरियोग्राफ किया है।

--आईएएनएस

एनएस/एबीएम